Gurugram News: गुरुग्राम पुलिस ने अवैध रूप से रह रहे विदेशी नागरिकों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की है. पुलिस ने शहर में रह रहे 13 बांग्लादेशी नागरिकों को पकड़ा है और उन्हें वापस उनके देश भेजने की प्रक्रिया शुरू कर दी है.
गुरुवार को गुरुग्राम पुलिस की विशेष टीम इन सभी नागरिकों को लेकर नई दिल्ली रेलवे स्टेशन से रवाना हुई. इन्हें ट्रेन के जरिए पश्चिम बंगाल के मालदा टाउन ले जाया जा रहा है.
जांच में नहीं दिखा सके भारत में रहने के दस्तावेज
गुरुग्राम पुलिस के अनुसार, अपराध शाखा सेक्टर-39 की टीम ने अवैध प्रवासियों की पहचान के लिए विशेष अभियान चलाया था. इसी दौरान पुलिस को इन 13 बांग्लादेशी नागरिकों के बारे में जानकारी मिली. जांच के दौरान ये लोग भारत में रहने से जुड़े जरूरी दस्तावेज पेश नहीं कर सके. इसके बाद पुलिस ने इन्हें हिरासत में लेकर आगे की कानूनी प्रक्रिया शुरू की.
23 पुलिसकर्मियों की टीम कर रही सुरक्षा
पुलिस ने इन नागरिकों को सुरक्षित तरीके से भेजने के लिए विशेष सुरक्षा व्यवस्था की है. एक इंस्पेक्टर के नेतृत्व में 23 पुलिसकर्मियों की टीम को तैनात किया गया है. यह टीम सभी 13 लोगों को नई दिल्ली रेलवे स्टेशन से ट्रेन के जरिए मालदा टाउन लेकर जा रही है. वहां पहुंचने के बाद इन्हें भारत-बांग्लादेश सीमा पर संबंधित अधिकारियों को सौंपा जाएगा. इसके बाद इन्हें कानूनी प्रक्रिया के तहत वापस बांग्लादेश भेजा जाएगा.
झुग्गियों और किराए के मकानों में चल रही जांच
गुरुग्राम पुलिस ने कहा है कि राष्ट्रीय सुरक्षा को लेकर किसी भी तरह की लापरवाही नहीं बरती जाएगी. इसके लिए शहर के अलग-अलग इलाकों में जांच अभियान चलाया जा रहा है. पुलिस की टीमें झुग्गी-झोपड़ियों, अवैध कॉलोनियों, किराए के मकानों, औद्योगिक क्षेत्रों और होटलों में रहने वाले लोगों के दस्तावेजों की जांच कर रही हैं. अगर कोई व्यक्ति संदिग्ध पाया जाता है या बिना अनुमति के रह रहा है तो उसके खिलाफ कानून के अनुसार कार्रवाई की जाएगी.
पुलिस ने लोगों से मांगा सहयोग
गुरुग्राम पुलिस ने आम लोगों से अपील की है कि वे अपने आसपास रहने वाले संदिग्ध लोगों की जानकारी पुलिस को दें. पुलिस ने कहा है कि घर में काम करने वाले कर्मचारियों, किराएदारों, घरेलू सहायकों और किसी भी प्रतिष्ठान में काम करने वाले लोगों का पुलिस सत्यापन जरूर करवाएं. अगर किसी इलाके में कोई संदिग्ध विदेशी नागरिक दिखाई देता है तो इसकी सूचना तुरंत पुलिस कंट्रोल रूम नंबर 112 या नजदीकी थाने में दी जा सकती है.
ये भी पढ़ें- 39 दिन, 50 मौत... मुनीर की सेना ने PoJK में मचाया कत्लेआम, ये रिपोर्ट जानकर रह जाएंगे दंग!