अनमोल बिश्नोई को कोर्ट ने 11 दिनों की हिरासत में भेजा, मूसेवाला और बाबा सिद्दीकी हत्याकांड को लेकर NIA करेगी पूछताछ

Anmol Bishnoi NIA Custody: गैंगस्टर अनमोल बिश्नोई को अमेरिका से प्रत्यर्पित किए जाने के बाद दिल्ली की पटियाला हाउस कोर्ट ने एनआईए की मांग के बावजूद 11 दिनों की हिरासत में रखने का आदेश दिया है.

Court Anmol Bishnoi to 11 days custody NIA interrogate Moosewala and Baba Siddiqui murder case
Image Source: ANI

Anmol Bishnoi NIA Custody: गैंगस्टर अनमोल बिश्नोई को अमेरिका से प्रत्यर्पित किए जाने के बाद दिल्ली की पटियाला हाउस कोर्ट ने एनआईए की मांग के बावजूद 11 दिनों की हिरासत में रखने का आदेश दिया है. एनआईए ने अनमोल से 15 दिन की कस्टडी मांगी थी, ताकि उसकी हाई-प्रोफाइल घटनाओं में भूमिका की गहन पूछताछ की जा सके.

एनआईए के अनुसार, अनमोल बिश्नोई का नाम 15 से अधिक हत्याकांड और 20 से ज्यादा अपहरण, धमकी और अन्य हिंसक घटनाओं से सीधे जुड़ा हुआ है. इसके अलावा, उसके पास दो फर्जी पासपोर्ट होने के मामले भी दर्ज हैं. एजेंसी का कहना है कि हिरासत में पूछताछ से पता चलेगा कि इन घटनाओं में उसके साथी, गुर्गे और संरक्षक कौन-कौन हैं.

मूसेवाला और बाबा सिद्दीकी हत्याकांड में खुल सकते हैं राज

अनमोल पर पंजाबी गायक सिद्धू मूसेवाला की हत्या, एनसीपी नेता बाबा सिद्दीकी की हत्या और अप्रैल 2024 में बॉलीवुड स्टार सलमान खान के घर पर हुई गोलीबारी जैसी कई हाई-प्रोफाइल घटनाओं में संलिप्त होने का आरोप है. वह साल 2022 से फरार था और अमेरिका में अपने भाई लॉरेंस बिश्नोई के नेतृत्व वाले गिरोह से जुड़ने के आरोप में गिरफ्तार किया गया था.

अमेरिकी होमलैंड सिक्योरिटी डिपार्टमेंट ने नवंबर 2024 में अनमोल की डिपोर्टेशन की पुष्टि की थी. उसे कैलिफोर्निया के सैक्रामेंटो में अवैध प्रवेश के आरोप में हिरासत में लिया गया, जहां एफबीआई ने डीएनए और वॉइस सैंपल से उसकी पहचान की.

फर्जी पासपोर्ट के सहारे अमेरिका भागा था अनमोल

पंजाब के फाजिल्का जिले का रहने वाला अनमोल अप्रैल 2022 में नेपाल, दुबई और केन्या होते हुए फर्जी पासपोर्ट के सहारे अमेरिका भाग गया था. उसके खिलाफ कई हाई-प्रोफाइल मामलों में वांटेड नोटिस जारी थे.

एनसीपी नेता बाबा सिद्दीकी की हत्या में वह मुख्य साजिशकर्ता था, और जीशान सिद्दीकी के अनुसार उसने हत्यारों को फोटो और लोकेशन भेजकर हत्या की योजना बनाई थी. अब एनआईए के हेडक्वार्टर में हिरासत में पूछताछ के दौरान यह पता लगाने की कोशिश की जाएगी कि अनमोल के अपराध नेटवर्क में और कौन शामिल है.

यह भी पढ़ें- भारत-जर्मनी डिफेंस साझेदारी को मिली नई उड़ान, रक्षा और उद्योग सहयोग मजबूत करने पर दिया जोर