करवा चौथ सिर्फ एक पारंपरिक व्रत नहीं बल्कि पति-पत्नी के बीच प्यार और विश्वास का प्रतीक है. इस दिन सुहागन महिलाएं अपने पति की लंबी उम्र और खुशहाली के लिए निर्जला व्रत रखती हैं और शाम को चाँद की पूजा कर व्रत खोलती हैं. लेकिन अब इस त्योहार का एक वीडियो सोशल मीडिया पर जमकर वायरल हो रहा है, जिसने खूब विवाद और चर्चा भी पैदा कर दी है.
हाल ही में दिल्ली मेट्रो में एक ऐसा वीडियो सामने आया है, जिसमें एक कपल सार्वजनिक जगह पर करवा चौथ का व्रत मनाते दिख रहा है. वीडियो में महिला पीली साड़ी और लाल दुपट्टा ओढ़े हुए, पूजा की थाली लेकर अपने पति की आरती करती है, फिर माला पहनाती है और छलनी से चाँद देखने का प्रतीकात्मक तरीका अपनाती है. इसके बाद पति लोटे से पानी पिलाकर व्रत खोलता है. पूरी प्रक्रिया मेट्रो के अंदर होती है, जहां आसपास बैठे लोग यह नजारा देखकर हैरान और कुछ हंसी रोक नहीं पाते.
दिन में करवा चौथ क्यों मनाया? उठे सवाल
लोगों का ध्यान इस वीडियो की सबसे बड़ी खासियत पर गया कि ये दिन के समय का वीडियो है, जबकि करवा चौथ की पूजा और चाँद देखने की परंपरा तो रात में होती है. इसके अलावा, यह भी साफ दिख रहा है कि ये करवा चौथ से एक दिन पहले की घटना है. इसलिए सोशल मीडिया पर कई यूजर्स ने इस वीडियो को फर्जी और नकली बताया है. कई लोगों का मानना है कि बिना चाँद देखे व्रत खोलना और दिन में ही करवा चौथ मनाना परंपरा के खिलाफ है.
वायरल वीडियो पर ट्रोलिंग का सिलसिला
इस वीडियो को देखकर कई लोग कपल की जमकर आलोचना कर रहे हैं. कुछ यूजर्स ने इसे एक स्क्रिप्टेड वीडियो करार दिया, जो केवल सोशल मीडिया पर वायरल होने के लिए बनाया गया है. उन्होंने सवाल उठाए कि क्या वाकई ऐसा किसी सार्वजनिक स्थान पर किया जा सकता है और क्या यह सही है कि करवा चौथ का व्रत चाँद देखे बिना तोड़ा जाए.
यह भी पढ़ें: अंडमान के पास कोको द्वीप पर सैन्य अड्डा बना रहा चीन? म्यांमार ने भारत के लिए बढ़ाया खतरा, जानें मामला