Noida Corona News: गौतमबुद्ध नगर (नोएडा) में एक बार फिर कोरोना संक्रमण ने दस्तक दे दी है और यह स्थिति चिंता का विषय बनती जा रही है. बीते 24 घंटे में जिले में कोविड-19 के 32 नए मामले सामने आए हैं, जिससे सक्रिय संक्रमितों की कुल संख्या 190 तक पहुंच गई है. इनमें 79 पुरुष और 111 महिलाएं शामिल हैं.
28 मई को हुई थी बच्ची की मौत
सबसे अधिक चौंकाने वाली खबर है इस साल कोरोना से पहली मौत की पुष्टि, जो कि एक साढ़े तीन महीने की मासूम बच्ची की है. यह बच्ची दिल्ली के चाचा नेहरू अस्पताल में भर्ती थी, जहां 28 मई को उसकी मौत हो गई थी. हालांकि इसकी पुष्टि हाल ही में स्वास्थ्य विभाग को मिली है, जिसके बाद विभाग ने मामले की जांच और परिजनों से संपर्क की प्रक्रिया शुरू कर दी है. एसीएमओ डॉ. टीकम सिंह के अनुसार, यह मामला "क्रॉस नोटिफाइड केस" की श्रेणी में आता है, यानी बच्ची की रिपोर्ट पहले दूसरे जिले में दर्ज थी, जिसकी जानकारी पोर्टल पर अपडेट होने के बाद ही गौतमबुद्ध नगर के स्वास्थ्य विभाग को मिली.
बच्ची को पहले से थी ये बीमारियां
डॉ. सिंह ने बताया कि बच्ची को पहले से कई गंभीर बीमारियां थीं. जैसे कि अक्यूट गैस्ट्रोएंट्राइटिस, डिहाइड्रेशन, मेनिनजाइटिस और कोविड निमोनिया, जिसने उसकी हालत को और नाजुक बना दिया.
वर्तमान में जिले में तीन मरीज अस्पताल में भर्ती हैं, जबकि बाकी को होम आइसोलेशन में रखा गया है. स्वास्थ्य विभाग की RRT (रैपिड रिस्पॉन्स टीम) बच्ची के परिजनों से लगातार संपर्क में है, ताकि केस से जुड़ी और भी जानकारी एकत्र की जा सके. कोरोना के बढ़ते मामलों को देखते हुए स्वास्थ्य विभाग ने आम जनता से अपील की है कि वे सतर्क रहें, लक्षण दिखाई देने पर जांच कराएं और कोविड प्रोटोकॉल जैसे मास्क, सैनिटाइज़र और सोशल डिस्टेंसिंग का पालन करें.
ये भी पढ़ें: डरा रहा कोरोना? इन पांच गाइडलाइन्स को रखें याद; आप और आपका परिवार रहेगा सेफ