ईरान जंग, होर्मुज से ऊर्जा सकंट तक... जयशंकर और मार्को रुबियो के बीच इन बड़े मुद्दों पर हुई बातचीत

भारत के विदेश मंत्री एस. जयशंकर और अमेरिकी विदेश मंत्री मार्को रुबियो के बीच नई दिल्ली में अहम द्विपक्षीय बैठक हुई. बैठक के बाद दोनों नेताओं ने संयुक्त प्रेस कॉन्फ्रेंस को भी संबोधित किया.

Conversation between Jaishankar and Marco Rubio on these big issues
Image Source: ANI

भारत के विदेश मंत्री एस. जयशंकर और अमेरिकी विदेश मंत्री मार्को रुबियो के बीच नई दिल्ली में अहम द्विपक्षीय बैठक हुई. बैठक के बाद दोनों नेताओं ने संयुक्त प्रेस कॉन्फ्रेंस को भी संबोधित किया. इस दौरान ईरान संकट, होर्मुज जलडमरूमध्य, रूस-यूक्रेन युद्ध, ऊर्जा सुरक्षा, आतंकवाद, व्यापार और इंडो-पैसिफिक क्षेत्र समेत कई वैश्विक मुद्दों पर विस्तार से चर्चा हुई.

विदेश मंत्री एस. जयशंकर ने कहा कि भारत और अमेरिका के रिश्ते लगातार मजबूत हो रहे हैं और दोनों देशों के बीच रणनीतिक सहयोग तेजी से बढ़ रहा है. उन्होंने बताया कि पश्चिम एशिया, भारतीय उपमहाद्वीप और पूर्वी एशिया की मौजूदा परिस्थितियों को लेकर भी दोनों पक्षों ने विचार-विमर्श किया.

ऊर्जा सुरक्षा और तेल सप्लाई पर हुई चर्चा

जयशंकर ने कहा कि भारत सरकार की सबसे बड़ी जिम्मेदारियों में देश की 1.4 अरब आबादी की ऊर्जा जरूरतों को पूरा करना शामिल है. ऐसे में ऊर्जा की उपलब्धता और उसकी किफायती कीमत भारत के लिए बेहद महत्वपूर्ण है.

उन्होंने बताया कि इसी मुद्दे को ध्यान में रखते हुए अमेरिका के साथ ऊर्जा संकट और तेल आपूर्ति को लेकर गंभीर चर्चा की गई. दोनों देशों ने ऊर्जा क्षेत्र में सहयोग बढ़ाने पर सहमति जताई. इसके अलावा सिविल न्यूक्लियर सहयोग को लेकर भी बातचीत हुई.

ट्रेड डील को लेकर आगे बढ़ी बातचीत

विदेश मंत्री ने कहा कि भारत और अमेरिका के बीच प्रस्तावित व्यापार समझौते को लेकर भी बातचीत सकारात्मक दिशा में बढ़ रही है. उन्होंने बताया कि अमेरिकी टीम जल्द भारत आने वाली है, जहां ट्रेड डील के अंतिम मसौदे पर आगे काम किया जाएगा.

जयशंकर के मुताबिक यह समझौता दोनों देशों के आर्थिक और व्यापारिक संबंधों को और मजबूत करेगा.

आतंकवाद पर साथ मिलकर काम करेंगे दोनों देश

जयशंकर ने कहा कि भारत और अमेरिका दोनों आतंकवाद जैसी साझा चुनौती का सामना कर रहे हैं. ऐसे में दोनों देश आतंकवाद के खिलाफ मिलकर काम कर रहे हैं और इस सहयोग को आगे भी मजबूत किया जाएगा.

भारत अमेरिका का अहम रणनीतिक साझेदार: रुबियो

अमेरिकी विदेश मंत्री मार्को रुबियो ने भारत को अमेरिका का अहम रणनीतिक साझेदार बताया. उन्होंने कहा कि दोनों देशों की सोच कई वैश्विक मुद्दों पर एक जैसी है.

रुबियो ने कहा कि भारत और अमेरिका ड्रग तस्करी और अंतरराष्ट्रीय अपराध के खिलाफ भी मिलकर काम करेंगे. उन्होंने समुद्री सुरक्षा का मुद्दा उठाते हुए कहा कि दुनिया के महत्वपूर्ण समुद्री रास्तों को कोई भी बंधक नहीं बना सकता.

उन्होंने कहा कि होर्मुज जलडमरूमध्य का मुद्दा भारत और अमेरिका दोनों के हितों से जुड़ा हुआ है और इस क्षेत्र में स्थिरता बेहद जरूरी है.

भारतीयों के वीजा और माइग्रेशन पर भी हुई बात

जयशंकर ने बैठक के दौरान भारतीय नागरिकों के वीजा से जुड़े मुद्दे भी उठाए. उन्होंने कहा कि जो भारतीय कानूनी तरीके से अमेरिका जाते हैं, उन्हें किसी तरह की परेशानी नहीं होनी चाहिए.

उन्होंने यह भी कहा कि यदि कोई व्यक्ति अवैध तरीके से अमेरिका में प्रवेश करता है तो ऐसे मामलों में भारत अमेरिका के साथ सहयोग करेगा.

वहीं मार्को रुबियो ने कहा कि अमेरिका इस समय गंभीर माइग्रेशन संकट का सामना कर रहा है. उनके मुताबिक करीब दो करोड़ लोग गैरकानूनी तरीके से अमेरिका में रह रहे हैं.

रुबियो ने कहा कि अमेरिका की माइग्रेशन नीतियां राष्ट्रीय सुरक्षा को ध्यान में रखकर बनाई गई हैं और इनका उद्देश्य किसी खास देश के लोगों को निशाना बनाना नहीं है. उन्होंने कहा कि फिलहाल कुछ भारतीय प्रभावित हो सकते हैं, लेकिन भविष्य में सिस्टम में सुधार होने के बाद भारतीय नागरिकों को भी इसका फायदा मिलेगा.

ये भी पढ़ें- भारत में तेजी से घट रही फर्टिलिटी रेट, बढ़ रही बुजुर्ग आबादी, क्या होने वाला है जापान जैसा हाल?