समंदर में बढ़ेगा इंडियन नेवी का दबदबा, 60 से ज्यादा युद्धपोत और पनडुब्बियां होंगी शामिल, जानें प्लान

भारतीय नौसेना अपनी ताकत बढ़ाने के लिए बड़े स्तर पर तैयारी कर रही है. आने वाले वर्षों में नौसेना के बेड़े में 60 से ज्यादा नए युद्धपोत और पनडुब्बियां शामिल की जाएंगी.

Indian Naval Modernisation Drive Stealth Frigate 60 warships and submarines
Image Source: ANI

भारतीय नौसेना अपनी ताकत बढ़ाने के लिए बड़े स्तर पर तैयारी कर रही है. आने वाले वर्षों में नौसेना के बेड़े में 60 से ज्यादा नए युद्धपोत और पनडुब्बियां शामिल की जाएंगी. इसके साथ ही भारत अगली पीढ़ी के स्टील्थ फ्रिगेट बनाने की दिशा में भी तेजी से आगे बढ़ रहा है. इसके लिए 7.54 अरब डॉलर (करीब 63 हजार करोड़ रुपये) के प्रोजेक्ट 17B पर काम चल रहा है. यह परियोजना अब टेंडर के अंतिम चरण में पहुंच गई है.

इस प्रोजेक्ट के तहत भारतीय नौसेना के लिए सात आधुनिक गाइडेड मिसाइल स्टील्थ फ्रिगेट बनाए जाएंगे. इन युद्धपोतों में दुश्मन की नजर से बचने की बेहतर क्षमता होगी. साथ ही इन्हें आधुनिक सेंसर और मिसाइल सिस्टम से लैस किया जाएगा. इससे समुद्र में भारत की सैन्य ताकत और मजबूत होगी.

भारत के दो शिपयार्ड बनाएंगे 7 आधुनिक युद्धपोत

प्रोजेक्ट 17B के तहत सात नए स्टील्थ फ्रिगेट बनाने की जिम्मेदारी भारत के दो शिपयार्ड को दी जाएगी. इसके लिए दोनों शिपयार्ड के बीच प्रतिस्पर्धा होगी और तय प्रक्रिया के आधार पर निर्माण का काम सौंपा जाएगा.

योजना के मुताबिक, मार्च 2027 तक सबसे कम बोली लगाने वाली कंपनी यानी L1 का चयन किया जा सकता है. इसके बाद मार्च 2028 तक अंतिम समझौते पर हस्ताक्षर करने का लक्ष्य रखा गया है.

इन फ्रिगेट को भारतीय नौसेना के सबसे आधुनिक युद्धपोतों में शामिल किया जाएगा. इनमें दुश्मन के रडार से बचने वाली स्टील्थ तकनीक, आधुनिक निगरानी सिस्टम और कई तरह की मिसाइलें होंगी. ये युद्धपोत हवा, समुद्र और पानी के भीतर मौजूद दुश्मन की पनडुब्बियों से मुकाबला करने में सक्षम होंगे.

नौसेना के बेड़े में 60 से ज्यादा नए युद्धपोत शामिल होंगे

नौसेना प्रमुख एडमिरल कृष्ण स्वामीनाथन ने एक इंटरव्यू में कहा कि भारतीय नौसेना लगातार अपनी ताकत बढ़ाने और आधुनिक बनने की दिशा में काम कर रही है. उन्होंने बताया कि आने वाले वर्षों में 60 से ज्यादा नए युद्धपोत और पनडुब्बियां नौसेना के बेड़े में शामिल की जाएंगी.

उन्होंने कहा कि भारतीय नौसेना आत्मनिर्भरता पर ध्यान दे रही है और देश के भीतर ही युद्धपोत बनाए जा रहे हैं. नौसेना अपनी जरूरतों और सुरक्षा चुनौतियों को ध्यान में रखकर भविष्य की योजनाएं तैयार कर रही है.

एडमिरल स्वामीनाथन के मुताबिक, भारत इस क्षेत्र का सबसे बड़ा देश है और समुद्री सुरक्षा को लेकर उसकी जिम्मेदारी भी काफी बड़ी है. ऐसे में नौसेना को मजबूत बनाना बेहद जरूरी है.

स्वदेशी युद्धपोतों के निर्माण पर खास जोर

भारतीय नौसेना का लक्ष्य सिर्फ युद्धपोतों की संख्या बढ़ाना नहीं है, बल्कि उन्हें देश में ही तैयार करना भी है. इसके लिए स्वदेशी तकनीक और जहाज निर्माण क्षमता को मजबूत किया जा रहा है.

नौसेना की कोशिश है कि युद्धपोतों के डिजाइन से लेकर निर्माण और रखरखाव तक का काम भारत में ही हो. इससे विदेशी कंपनियों पर निर्भरता कम होगी. साथ ही देश के शिपयार्ड और रक्षा उद्योग को भी बढ़ावा मिलेगा.

इस दिशा में प्रोजेक्ट 17B को काफी अहम माना जा रहा है. इसके तहत बनने वाले नए फ्रिगेट भारतीय तकनीक और आधुनिक हथियारों से लैस होंगे. इससे नौसेना की समुद्र में लंबे समय तक अभियान चलाने की क्षमता भी बेहतर होगी.

पीएम मोदी के सागर विजन को आगे बढ़ा रही नौसेना

नौसेना प्रमुख ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 'सागर' विजन का भी जिक्र किया. सागर का मतलब है- क्षेत्र में सभी के लिए सुरक्षा और विकास. इस योजना का उद्देश्य हिंद महासागर क्षेत्र में शांति, सहयोग और सुरक्षा को बढ़ावा देना है.

उन्होंने कहा कि भारत समुद्री सुरक्षा के साथ-साथ मानवीय सहायता, दूसरे देशों के साथ सहयोग और समुद्र में जहाजों की आवाजाही की स्वतंत्रता बनाए रखने में भी अहम भूमिका निभाता है.

हिंद महासागर में बढ़ेगी भारत की ताकत

भारतीय नौसेना के बेड़े में 60 से ज्यादा नए युद्धपोत और पनडुब्बियां शामिल करने की योजना को समुद्री सुरक्षा के लिहाज से बड़ा कदम माना जा रहा है. हिंद महासागर में चीन समेत कई देशों की बढ़ती गतिविधियों के बीच भारत अपनी समुद्री ताकत को मजबूत करना चाहता है.

प्रोजेक्ट 17B के तहत सात नए स्टील्थ फ्रिगेट बनाने की तैयारी भी इसी रणनीति का हिस्सा है. इन युद्धपोतों के शामिल होने से भारतीय नौसेना की युद्ध क्षमता बढ़ेगी और हिंद महासागर क्षेत्र में भारत की मौजूदगी पहले से ज्यादा मजबूत होगी.