तमिलनाडु में दीपथून पर दीप जलाने को लेकर बवाल, हिंदू संगठनों और पुलिस के बीच भिड़ंत

Deepathoon Controversy: सुप्रीम कोर्ट के आदेश के बावजूद पारंपरिक दीपथून पर दीप नहीं जलाए जाने से भड़के हिंदू संगठनों ने किया प्रदर्शन, पुलिस ने कई नेताओं को हिरासत में लिया. मद्रास हाई कोर्ट ने सरकार को आदेश का पालन करने और हिरासत में लिए गए लोगों को रिहा करने का निर्देश दिया.

Tamil-Nadu-Karthigai-Deepam-Row-Hindu-Groups-Police-Clash
Image Source: Social Media

Deepathoon Controversy: तमिलनाडु के तिरुपरनकुंद्रम में कार्तिगई दीपम उत्सव के दौरान दीप जलाने को लेकर विवाद ने मंगलवार को हिंसक रूप ले लिया. सुप्रीम कोर्ट के आदेश के बावजूद पारंपरिक दीपथून पर दीप नहीं जलाए जाने से नाराज हिंदू संगठनों के कार्यकर्ता सड़कों पर उतर आए. इस दौरान भाजपा कार्यकर्ताओं और पुलिस के बीच तीखी नोकझोंक और झड़प हुई. हालात बिगड़ते देख पुलिस को सख्ती दिखानी पड़ी. घटना के बाद इलाके में तनाव का माहौल है.

दीप जलाने को लेकर आमने-सामने आए पुलिस और प्रदर्शनकारी

विवाद उस समय बढ़ गया, जब अरुल्मिगु उचिपिल्लैयार मंदिर के ऊपर पारंपरिक तरीके से दीप जलाया गया. इसका विरोध करते हुए भाजपा और विभिन्न हिंदू संगठनों के नेताओं ने पहाड़ी पर जाने वाले रास्ते के प्रवेश द्वार पर प्रदर्शन शुरू कर दिया. प्रदर्शनकारियों ने राज्य सरकार के खिलाफ नारेबाजी की और दीपथून पर दीप जलाने की मांग उठाई. स्थिति को नियंत्रित करने के लिए पुलिस ने प्रदर्शनकारियों को हटाने की कोशिश की और लाठीचार्ज की चेतावनी भी दी.

पुलिस ने दिखाई चेतावनी वाली तख्ती

प्रदर्शन के दौरान पुलिस ने एक तख्ती दिखाकर भीड़ को गैरकानूनी घोषित किया. इसमें प्रदर्शनकारियों से तुरंत वहां से हटने को कहा गया और चेतावनी दी गई कि ऐसा नहीं करने पर लाठीचार्ज किया जाएगा. कानून-व्यवस्था बिगड़ने की आशंका के बीच पुलिस ने राज्य के अलग-अलग हिस्सों में भाजपा नेताओं और हिंदू संगठनों के कई सदस्यों को एहतियातन हिरासत में भी लिया. इस कार्रवाई के बाद विवाद और गहरा गया.

मद्रास हाई कोर्ट ने सरकार को दिया सुप्रीम कोर्ट के आदेश का पालन करने का निर्देश

इस पूरे घटनाक्रम के बीच दिन के अंत में मद्रास हाई कोर्ट की मदुरै पीठ ने अहम आदेश जारी किया. अदालत ने तमिलनाडु सरकार, जिला कलेक्टर, पुलिस आयुक्त और मंदिर प्रशासन को सुप्रीम कोर्ट के 20 नवंबर के आदेश का सख्ती से पालन करने का निर्देश दिया. हाई कोर्ट ने पहाड़ी की चोटी पर स्थित पारंपरिक दीपथून पर दीप जलाने की अनुमति देने को कहा. साथ ही अदालत ने निषेधाज्ञा के तहत अवैध रूप से हिरासत में लिए गए सभी लोगों को तत्काल रिहा करने का भी आदेश दिया.

करीब 100 साल पुराने दावे को लेकर जारी है विवाद

दरअसल, तिरुपरनकुंद्रम में कार्तिगई दीपम के दौरान पहाड़ी पर स्थित पत्थर के स्तंभ दीपथून पर पारंपरिक तेल का दीप जलाने की मांग लंबे समय से उठती रही है. पहाड़ी की तलहटी में सुब्रमण्यम स्वामी मंदिर है, जबकि चोटी के पास सिकंदर बादशाह दरगाह और एक शिव मंदिर मौजूद हैं. हिंदू संगठनों का दावा है कि करीब एक सदी पुराने दीवानी अदालत के फैसलों के मुताबिक दीपथून मंदिर की संपत्ति है. वहीं, दरगाह प्रबंधन और मुस्लिम संगठनों को इस स्थान पर दीप जलाने पर आपत्ति है.

सुप्रीम कोर्ट ने 24 नवंबर के लिए दी थी प्रतीकात्मक दीप जलाने की अनुमति

इस विवाद पर 20 नवंबर को सुप्रीम कोर्ट ने 24 नवंबर को दरगाह के पास स्थित दीपथून पर एक बार के लिए प्रतीकात्मक रूप से दीप जलाने की अनुमति दी थी. हालांकि, शीर्ष अदालत ने स्पष्ट किया था कि अनुष्ठान केवल अधिकृत टीम के जरिए ही होगा. सुरक्षा और कानून-व्यवस्था को ध्यान में रखते हुए आम लोगों, जुलूस और भीड़ को पहाड़ी की चोटी पर इकट्ठा होने की अनुमति नहीं दी गई थी. इसके बावजूद मंगलवार को हुए घटनाक्रम ने धार्मिक परंपरा, प्रशासनिक कार्रवाई और अदालत के आदेश को लेकर विवाद को और बढ़ा दिया है.

ये भी पढ़ें-Dev Deepawali 2026: देव दीपावली पर स्वर्ग बनी महादेव की नगरी काशी! लाखों दीयों से जगमगाए घाट!