The Kerala Story 2 Box Office: बुधवार को पूरे देश में होली का त्योहार बड़े धूमधाम से मनाया गया. इस खास मौके पर सिनेमाघरों में कोई नई फिल्म रिलीज नहीं हुई, लेकिन पहले से चल रही फिल्मों के बीच कमाई की दिलचस्प टक्कर देखने को मिली.
अलग-अलग फिल्मों ने अपने प्रदर्शन के आधार पर बॉक्स ऑफिस पर अपनी मौजूदगी दर्ज कराई. आइए जानते हैं कि इस दिन किन फिल्मों ने कितना कारोबार किया और कौन आगे रहा.
मर्दानी 3 ने बनाए रखा रफ्तार
Sacnilk के शुरुआती आंकड़ों के अनुसार, मर्दानी 3 की कमाई लगातार जारी है. फिल्म ने बुधवार को करीब 29 लाख रुपये का कलेक्शन किया. इसके साथ ही इसका कुल बॉक्स ऑफिस कलेक्शन 49.99 करोड़ रुपये तक पहुंच गया है.
इस फिल्म में रानी मुखर्जी, जानकी बोदीवाला और मल्लिका प्रसाद अहम भूमिकाओं में नजर आ रही हैं. फिल्म का निर्देशन अभिराज मीनावाला ने किया है, और इसकी कहानी को दर्शकों से ठीक-ठाक रिस्पॉन्स मिल रहा है.
अस्सी को अच्छे रिव्यू, लेकिन कम कमाई
दूसरी ओर अस्सी को समीक्षकों से अच्छी प्रतिक्रिया मिली थी, लेकिन यह बॉक्स ऑफिस पर कुछ खास कमाल नहीं दिखा पाई. बुधवार को फिल्म ने 28 लाख रुपये का कलेक्शन किया. अब तक 13 दिनों में इसका कुल कलेक्शन 9.36 करोड़ रुपये ही हो पाया है. फिल्म में तापसी पन्नू लीड रोल में हैं, लेकिन दर्शकों की संख्या उम्मीद के मुताबिक नहीं रही.
द केरला स्टोरी 2 की मजबूत पकड़
द केरला स्टोरी 2 ने बुधवार को सबसे ज्यादा कमाई करने वाली फिल्मों में अपनी जगह बनाई. फिल्म ने इस दिन करीब 3.5 करोड़ रुपये का कलेक्शन किया, जिससे इसका कुल कलेक्शन 20.15 करोड़ रुपये तक पहुंच गया.
फिल्म में अदिति भाटिया, उल्का गुप्ता और ऐश्वर्या ओझा नजर आ रही हैं. हालांकि, फिल्म अपने विषय को लेकर विवादों में भी बनी हुई है, लेकिन इसका असर इसकी कमाई पर खास नहीं पड़ा.
बॉर्डर 2 की लंबी रेस जारी
जनवरी में रिलीज हुई बॉर्डर 2 अभी भी सिनेमाघरों में बनी हुई है. बुधवार को फिल्म ने 26 लाख रुपये की कमाई की और इसका कुल कलेक्शन 328 करोड़ रुपये तक पहुंच गया है.
इस मल्टीस्टारर फिल्म में सनी देओल, वरुण धवन, अहान शेट्टी और दिलजीत दोसांझ जैसे बड़े सितारे नजर आए हैं. फिल्म का निर्देशन अनुराग सिंह ने किया है. इसके गाने भी दर्शकों के बीच काफी लोकप्रिय हुए हैं.
ओ रोमियो का शानदार प्रदर्शन
ओ रोमियो को रिलीज हुए 20 दिन हो चुके हैं, लेकिन फिल्म अभी भी अच्छी कमाई कर रही है. बुधवार को फिल्म ने 90 लाख रुपये का कलेक्शन किया. अब तक इसका कुल कलेक्शन 67.64 करोड़ रुपये हो चुका है.
फिल्म में शाहिद कपूर और तृप्ति डिमरी लीड रोल में हैं. इसके अलावा नाना पाटेकर, फरीदा जलाल, विक्रांत मैसी, दिशा पाटनी और तमन्ना भाटिया भी अहम भूमिकाओं में दिखाई दिए हैं.
किसने मारी बाजी?
अगर बुधवार की कमाई के आधार पर देखा जाए, तो द केरला स्टोरी 2 ने सबसे ज्यादा कमाई करते हुए बाजी मारी. वहीं, कुल कलेक्शन के मामले में बॉर्डर 2 अब भी सबसे आगे बनी हुई है. त्योहार के दिन नई रिलीज न होने के बावजूद पुरानी फिल्मों के बीच यह मुकाबला दर्शाता है कि कंटेंट और स्टार पावर दोनों ही बॉक्स ऑफिस पर अहम भूमिका निभाते हैं.
ये भी पढ़ें- 20 सालों बाद बिहार में नीतीश युग का अंत, राज्यसभा जाने का किया ऐलान; एक्स पर पोस्ट करके दी जानकारी