TRAI MyCall App: अगर आपकी फोन कॉल बार-बार कट जाती है, आवाज साफ नहीं आती या बात करते समय नेटवर्क की समस्या होती है, तो अब उसकी शिकायत करना और आसान हो गया है. भारतीय दूरसंचार नियामक प्राधिकरण (TRAI) ने MyCall ऐप का नया वर्जन लॉन्च किया है. इस ऐप की मदद से यूजर्स अपने कॉलिंग अनुभव की जानकारी सीधे टेलीकॉम कंपनियों तक भेज सकेंगे.
TRAI का कहना है कि इस ऐप का उद्देश्य लोगों से सीधे कॉल क्वालिटी का फीडबैक लेना और उसे संबंधित मोबाइल कंपनी तक पहुंचाना है, ताकि नेटवर्क से जुड़ी समस्याओं का जल्दी समाधान किया जा सके.
कॉल खत्म होते ही दे सकेंगे रेटिंग
नए MyCall ऐप में यूजर्स किसी भी वॉयस कॉल के बाद 1 से 5 स्टार तक रेटिंग दे सकेंगे. इससे यह पता चल सकेगा कि किसी इलाके में कॉलिंग का अनुभव कैसा रहा और किस नेटवर्क पर ज्यादा समस्या आ रही है.
TRAI के चेयरमैन अनिल कुमार लाहोटी ने ऐप लॉन्च करते समय कहा कि यह प्लेटफॉर्म लोगों को अपनी कॉलिंग से जुड़ी परेशानी सीधे सर्विस प्रोवाइडर तक पहुंचाने का आसान तरीका देगा.
किन समस्याओं की कर सकेंगे शिकायत?
इस ऐप के जरिए सिर्फ रेटिंग ही नहीं, बल्कि कॉल के दौरान आने वाली अलग-अलग समस्याओं की भी शिकायत की जा सकेगी. यूजर्स कॉल ड्रॉप, आवाज का गूंजना (इको), ऑडियो में देरी, क्रॉस कनेक्शन और बातचीत के दौरान आवाज का बार-बार टूटना जैसी दिक्कतों की रिपोर्ट कर सकेंगे.
कैसे मिलेगा फायदा?
TRAI के अनुसार, ऐप में दी गई जानकारी संबंधित टेलीकॉम कंपनी के साथ साझा की जाएगी. इससे कंपनियों को यह समझने में मदद मिलेगी कि किस इलाके में नेटवर्क की समस्या ज्यादा है और वहां सुधार के लिए क्या कदम उठाने चाहिए. इस पहल का मकसद पूरे देश में मोबाइल कॉलिंग की गुणवत्ता बेहतर बनाना और लोगों की शिकायतों का समाधान पहले से ज्यादा तेज और प्रभावी तरीके से करना है.
ये भी पढ़ें- Manjalpur By-Election Result: मांजलपुर उपचुनाव में BJP को प्रचंड बहुमत, 30630 वोटों से जीते सतीश पटेल