कोलंबिया में सेना का C-130 हरक्यूलिस विमान क्रैश, 66 जवानों की मौत, रेस्क्यू ऑपरेशन जारी, देखें VIDEO

कोलंबिया से एक बेहद दुखद खबर सामने आई है, जहां सेना का एक विमान दुर्घटनाग्रस्त हो गया. यह हादसा उस समय हुआ जब विमान टेकऑफ कर रहा था.

Colombia Armys C-130 Hercules aircraft crashes 66 soldiers died
Image Source: Social Media

Colombian Military Plane Crashes: कोलंबिया से एक बेहद दुखद खबर सामने आई है, जहां सेना का एक विमान दुर्घटनाग्रस्त हो गया. यह हादसा उस समय हुआ जब विमान टेकऑफ कर रहा था. रक्षा मंत्रालय के मुताबिक, इस सैन्य विमान में करीब 125 सैनिक सवार थे और यह पोर्टो लेगुइजामो के पास हादसे का शिकार हो गया.

प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, इस दुर्घटना में 66 जवानों की मौत की पुष्टि हो चुकी है, जबकि 48 सैनिक घायल बताए जा रहे हैं. इनमें से कई की हालत गंभीर है, जिससे मृतकों की संख्या बढ़ने की आशंका भी जताई जा रही है. राहत और बचाव कार्य लगातार जारी है और घायल जवानों को सुरक्षित निकालने की कोशिश की जा रही है.

टेकऑफ के दौरान हुआ हादसा

बताया जा रहा है कि यह विमान पेरू सीमा के पास स्थित इलाके से उड़ान भर रहा था. टेकऑफ के दौरान ही यह क्रैश हो गया. दुर्घटना की सटीक वजह फिलहाल स्पष्ट नहीं हो पाई है और जांच जारी है.

समाचार एजेंसी के मुताबिक, यह हादसा देश के दक्षिणी अमेजन क्षेत्र के एक दूरदराज इलाके में हुआ है. कुछ रिपोर्ट्स में कहा गया है कि विमान शहर से करीब 3 किलोमीटर की दूरी पर गिरा.

राहत और बचाव कार्य जारी

स्थानीय प्रशासन और सेना की टीमें मौके पर पहुंच गई हैं और तेजी से राहत कार्य चलाया जा रहा है. अब तक करीब 20 घायल सैनिकों को सुरक्षित बाहर निकाला जा चुका है, जबकि अन्य को निकालने के प्रयास जारी हैं.

स्थानीय अधिकारियों के अनुसार, कई जवान मलबे में फंसे हो सकते हैं, इसलिए बचाव अभियान को सावधानी के साथ चलाया जा रहा है. मौके से सामने आई तस्वीरों में दुर्घटनास्थल से धुआं उठता हुआ दिखाई दे रहा है और कई सैन्य वाहन वहां तैनात हैं.

विमान और हादसे से जुड़ी जानकारी

यह सैन्य विमान C-130 हरक्यूलिस मॉडल का था, जो लंबे समय से सेना में इस्तेमाल किया जा रहा है. इस तरह के विमान 1950 के दशक में बनाए गए थे और कोलंबिया ने इन्हें 1960 के दशक में अपनी सेना में शामिल किया था. बाद में इन्हें आधुनिक उपकरणों से अपग्रेड भी किया गया था.

हालांकि, इस हादसे के पीछे तकनीकी खराबी, मौसम या अन्य किसी कारण की पुष्टि अभी तक नहीं हुई है. जांच के बाद ही स्पष्ट हो पाएगा कि दुर्घटना कैसे हुई.

राष्ट्रपति ने जताया दुख

हादसे की खबर मिलते ही कोलंबिया के राष्ट्रपति गुस्तावो पेट्रो ने गहरा दुख व्यक्त किया. उन्होंने कहा कि यह एक बेहद दर्दनाक घटना है और उन्होंने उम्मीद जताई थी कि किसी की जान न गई हो.

राष्ट्रपति ने यह भी संकेत दिए कि सेना के आधुनिकीकरण में किसी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और जिम्मेदार लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी.

ये भी पढ़ें- LPG Supply: होर्मुज के रास्ते भारत आ रहे 3 जहाज, नहीं होगी गैस-पेट्रोल की दिक्कत! युद्धपोत तैनात