पहाड़ों पर बर्फबारी, मैदानों में भारी बारिश और शीतलहर... तापमान में गिरावट से बढ़ेगी ठंड, अलर्ट जारी

देश के मौसम में एक बार फिर बड़ा उलटफेर देखने को मिल रहा है. पहाड़ी इलाकों में जारी भारी बर्फबारी का असर अब मैदानी राज्यों तक साफ दिखाई देने लगा है.

Cold will increase Snowfall on the mountains heavy rain
प्रतिकात्मक तस्वीर/ ANI

देश के मौसम में एक बार फिर बड़ा उलटफेर देखने को मिल रहा है. पहाड़ी इलाकों में जारी भारी बर्फबारी का असर अब मैदानी राज्यों तक साफ दिखाई देने लगा है. जम्मू-कश्मीर, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में लगातार हो रही हिमपात ने उत्तर भारत की ठंड को दोबारा तीखा बना दिया है. जिन इलाकों में शीतलहर कमजोर पड़ रही थी, वहां अब सर्दी ने फिर से जोर पकड़ लिया है.

इस बीच भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने 27 और 28 जनवरी को लेकर गंभीर चेतावनी जारी की है. विभाग के अनुसार, आने वाले 48 घंटे मौसम के लिहाज से बेहद संवेदनशील रहने वाले हैं और कई राज्यों में हालात तेजी से बिगड़ सकते हैं.

नए वेस्टर्न डिस्टर्बेंस से बिगड़ा मौसम

मौसम में इस बड़े बदलाव की मुख्य वजह एक नया सक्रिय पश्चिमी विक्षोभ (वेस्टर्न डिस्टर्बेंस) है, जिसने पूरे उत्तर भारत को अपनी चपेट में ले लिया है. इसके प्रभाव से पहाड़ी इलाकों में भारी बर्फबारी, मैदानी क्षेत्रों में बारिश, तेज हवाएं और कहीं-कहीं बिजली गिरने की भी आशंका जताई गई है. कई राज्यों में तापमान 2 से 3 डिग्री सेल्सियस तक गिर सकता है, जिससे ठंड और ज्यादा खतरनाक हो सकती है.

IMD का कहना है कि इस सिस्टम का असर खास तौर पर उत्तर, उत्तर-पश्चिम और कुछ दक्षिणी राज्यों में देखने को मिलेगा.

पांच राज्यों में भारी बारिश की चेतावनी

मौसम विभाग ने अगले कुछ घंटों में पांच राज्यों में तेज से भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है. इनमें हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड, जम्मू-कश्मीर, तमिलनाडु और पुडुचेरी शामिल हैं.
27 और 28 जनवरी के दौरान जम्मू-कश्मीर, हिमाचल और उत्तराखंड के कई हिस्सों में मध्यम से भारी बारिश और ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी हो सकती है. इस दौरान 40 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने का भी अनुमान है.

उत्तर भारत में फिर लौटी शीतलहर

उत्तर भारत के कई जिलों में एक बार फिर शीतलहर ने दस्तक दे दी है. प्रयागराज, अयोध्या, कानपुर, रायबरेली, आगरा, मथुरा, अलीगढ़, रामपुर और बिजनौर जैसे जिलों में सुबह के समय कड़ाके की ठंड पड़ने की संभावना है.

हरियाणा के गुरुग्राम और सोनीपत में भी ठंडी हवाएं लोगों की परेशानी बढ़ा सकती हैं. वहीं पंजाब के अमृतसर, जालंधर, बठिंडा, पटियाला और मोहाली में 10 से 15 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से सर्द हवाएं चलने का अनुमान है.

दिल्ली में फिर बारिश के आसार

राजधानी दिल्ली में मौसम की मुश्किलें अभी खत्म होती नहीं दिख रही हैं. IMD के मुताबिक 27 जनवरी को दिल्ली में एक बार फिर हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है. सुबह और शाम के समय ठंडी हवाएं चलेंगी, जिससे सर्दी का एहसास और बढ़ जाएगा.

न्यूनतम तापमान 4 डिग्री सेल्सियस तक गिर सकता है, जबकि अधिकतम तापमान लगभग 17 डिग्री के आसपास रहने की संभावना है. बारिश से वायु गुणवत्ता सूचकांक (AQI) में थोड़ा सुधार जरूर हुआ है, लेकिन ठंड और नमी ने लोगों की दिनचर्या को प्रभावित किया है.

उत्तर प्रदेश में बारिश और आंधी का असर

उत्तर प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में 27 और 28 जनवरी को मौसम बिगड़ सकता है. मौसम विभाग ने कई जिलों में मध्यम से भारी बारिश और तेज हवाओं की चेतावनी दी है.
मेरठ, नोएडा, गाजियाबाद, सहारनपुर, अलीगढ़, मथुरा, आगरा, मुरादाबाद, कानपुर, लखनऊ और पीलीभीत जैसे शहरों में तापमान गिरने के साथ ठंड और बढ़ने की संभावना है.

बिहार में कोहरा और सर्दी की दोहरी मार

बिहार के लिए भी आने वाले 24 घंटे चुनौतीपूर्ण रह सकते हैं. पटना, सारण, भोजपुर, गया और चंपारण के इलाकों में आसमान में बादल छाए रहेंगे.
वहीं पूर्णिया, किशनगंज, अररिया और कटिहार में घना कोहरा लोगों की आवाजाही को प्रभावित कर सकता है. सुबह के समय शीतलहर के कारण जनजीवन पर असर पड़ने की आशंका है.

उत्तराखंड और हिमाचल में बर्फबारी

उत्तराखंड में 27 से 28 जनवरी के बीच तेज हवाओं के साथ बारिश और ऊंचाई वाले क्षेत्रों में हिमपात की संभावना जताई गई है. रुद्रप्रयाग, चमोली, नैनीताल और पिथौरागढ़ में तापमान 2 से 3 डिग्री तक गिर सकता है.
हिमाचल प्रदेश के शिमला, मनाली, कुल्लू और कांगड़ा में भारी बारिश और बर्फबारी के आसार हैं. मनाली में तापमान माइनस 12 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है, जिससे हालात और भी मुश्किल हो सकते हैं.

जम्मू-कश्मीर में 48 घंटे का हाई अलर्ट

जम्मू-कश्मीर में 27 जनवरी से लगातार 48 घंटे तक बारिश और बर्फबारी की चेतावनी जारी की गई है. श्रीनगर, गुलमर्ग, पुंछ और रियासी जैसे इलाकों में तेज हवाओं के साथ मौसम बेहद खराब रह सकता है. प्रशासन और आम लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है.