उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शुक्रवार को एक उच्चस्तरीय बैठक के दौरान कानपुर, वाराणसी और मुरादाबाद समेत कई जिलों में हाल ही में हुई घटनाओं पर नाराजगी जताई. उन्होंने साफ किया कि प्रदेश में किसी भी तरह की अराजकता या अशांति को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा. खासतौर पर दशहरा जैसे पावन पर्व पर कानून-व्यवस्था और सामाजिक सौहार्द हर हाल में कायम रहना चाहिए.
मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश देते हुए कहा कि जिन तत्वों ने जुलूस या प्रदर्शन की आड़ में माहौल बिगाड़ने की कोशिश की है, उनके खिलाफ तुरंत और कड़ी कार्रवाई की जाए. उन्होंने यह भी चेतावनी दी कि जो लोग दुबारा उपद्रव की कोशिश करेंगे, उन्हें कड़ी सजा भुगतनी पड़ेगी.