CM योगी का बड़ा तोहफा, पीएम आवास योजना की पहली किस्त जारी, 92 हजार लोगों के खाते में भेजे ₹900 करोड़

उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सोमवार को राज्य के 92 हजार से अधिक शहरी लाभार्थियों को ‘प्रधानमंत्री आवास योजना-शहरी 2.0’ के तहत आवास निर्माण के लिए पहली किस्त के रूप में 900 करोड़ रुपये की धनराशि उनके बैंक खातों में ट्रांसफर की.

CM Yogi released the first installment of PM Awas Yojana
Image Source: Social Media

लखनऊ: उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सोमवार को राज्य के 92 हजार से अधिक शहरी लाभार्थियों को ‘प्रधानमंत्री आवास योजना-शहरी 2.0’ के तहत आवास निर्माण के लिए पहली किस्त के रूप में 900 करोड़ रुपये की धनराशि उनके बैंक खातों में ट्रांसफर की. लखनऊ के इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान में आयोजित एक भव्य कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने इस योजना का उद्घाटन किया, जो शहरी क्षेत्रों के गरीबों और जरूरतमंदों के लिए एक बड़ा वरदान साबित होगी. इस योजना के तहत प्रदेश में लाखों परिवारों को अपने खुद के घर का सपना पूरा करने का मौका मिलेगा, जिससे उनकी जीवनशैली में सकारात्मक बदलाव आएगा.

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने इस अवसर पर सभी जिलों और नगर विकास विभाग के अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि पीएम आवास योजना के तहत लाभार्थियों को घर बनाने के लिए सस्ते और उच्च गुणवत्ता वाले निर्माण सामग्री उपलब्ध कराई जाए. साथ ही, उन्होंने यह भी सुनिश्चित करने को कहा कि मकान के साथ-साथ शौचालय, मुफ्त बिजली कनेक्शन, और नल से जल की सुविधा जैसे महत्वपूर्ण आवश्यकताएँ भी लाभार्थियों को प्रदान की जाएं. योगी आदित्यनाथ ने कहा कि इस योजना से हर परिवार को अपने घर का सपना पूरा करने का अवसर मिलेगा और जीवनस्तर में सुधार आएगा.

सीएम योगी ने लाभार्थियों से कहा कि घर का काम 75 प्रतिशत पूरा होते ही दूसरी किस्त के लिए डिमांड करें और जिम्मेदार अधिकारी इसे तत्काल दिया जाना सुनिश्चित करें ताकि मकान का काम तेजी से आगे बढ़ सके. सीएम योगी ने कहा कि अपना घर हर व्यक्ति का सपना होता है. उत्तर प्रदेश जैसे राज्य में अब तक हम करीब 62 लाख परिवारों को एक-एक आवास उपलब्ध कराने की इस योजना से लाभान्वित कर चुके हैं. 2017 से पहले प्रदेश सरकार इसका लाभ नहीं दे पा रही थी. इच्छा शक्ति ही नहीं थी. स्वयं का स्वार्थ हावी था. सिर्फ अपने और अपने परिवार के बारे में चिंता थी.

उन्होंने कहा कि मनुष्य ईश्वर की सर्वश्रेष्ठ कृति है. इसी नाते उसके पास अपने लिए पक्का मकान बनाने की सामर्थ्य है. वह घर का सपना उसके जीवन की पहली प्राथमिक शर्त होती है. इस शर्त को पूरा करने का काम पीएम मोदी ने अपने हाथों में लिया है. उन्होंने बताया कि आज जिन 90 हजार लाभार्थियों को पीएम आवास की पहली किस्त उपलब्ध कराई गई है, उनमें सहारनपुर में 10214, प्रतापगढ़ में 7991, शाहजहांपुर में 4325, फिरोजाबाद में 4266, प्रयागराज में 3331, जालौन में 3174, सीतापुर में 3078, गोरखपुर में 3063, बरेली में 3017, अलीगढ़ में 2883, बदायूं में 2712, महाराजगंज में 2701, मेरठ में 2626, अमरोहा में 2175, हरदोई में 1895, बुलंदशहर में 1826, कुशीनगर में 1562, बहराइच में 1529, आगरा में 1473, मऊ में 1470, बांदा में 1437, बिजनौर में 1364, गाजियाबाद में 1209, देवरिया में 1138, गोंडा में 1121 लाभार्थियों को पीएम आवास की पहली किस्त दी गई है.

कुल 92098 लाभार्थियों को डीबीसी के माध्यम से आवास की पहली किस्त की 900 करोड़ से अधिक की धनराशि सीधे भेजी गई है. सीएम योगी ने कहा कि अब बीच में कोई लेनदेन नहीं कर सकता है.

ये भी पढ़ें: यूपी में LPG की कालाबाजारी करने वालों की खैर नहीं! CM योगी ने अधिकारियों को दिए सख्त निर्देश