उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने मां के प्यार, त्याग और ममता को लेकर एक भावुक संदेश लिखा है. उन्होंने अपनी चिट्ठी में मां के महत्व को बताते हुए कहा कि जीवन में मां की जगह कोई नहीं ले सकता. मां केवल बच्चे को जन्म ही नहीं देती, बल्कि उसे संस्कार, प्यार और जीवन जीने की सीख भी देती है. मां के बिना जीवन में एक ऐसा खालीपन आ जाता है, जिसे कोई दूसरा व्यक्ति पूरा नहीं कर सकता.
सीएम योगी ने अपने संदेश में भगवान श्रीराम, भगवान श्रीकृष्ण और भक्त ध्रुव व प्रह्लाद का उदाहरण देते हुए बताया कि मां के संस्कारों का जीवन पर कितना गहरा असर होता है. उन्होंने कहा कि मां की ममता दुनिया की सबसे सुंदर भावनाओं में से एक है. मां का न होना सिर्फ किसी अपने का दूर हो जाना नहीं है, बल्कि उस प्यार, सुरक्षा और अपनापन का छूट जाना है, जो इंसान को कहीं और नहीं मिल सकता.
संन्यास के बाद मां से मिलने पहुंचे थे सीएम योगी
सीएम योगी ने अपनी चिट्ठी में संन्यास लेने के बाद मां से हुई एक मुलाकात का भी जिक्र किया. उन्होंने बताया कि जब वह संन्यास ग्रहण करने के तीन साल से ज्यादा समय बाद भगवा कपड़ों में अपने घर पहुंचे थे, तब उनके मन में कई तरह की भावनाएं चल रही थीं. वह गोरखपुर से उत्तराखंड के पंचूर स्थित अपने पैतृक घर गए थे.
सनातन संस्कार मातृ वंदना से अभिसिंचित हैं। कुछ ऋण ऐसे होते हैं, जो कभी चुकाए नहीं जा सकते। हां, हम अपना कर्तव्य अवश्य निभा सकते हैं। सार्वजनिक जीवन में आने के बाद प्रदेश की मातृशक्ति के लिए यही कर्तव्य निभाने का प्रयास कर रहा हूं। प्रत्येक माँ के प्रति सच्चा सम्मान यही होगा कि आज हर प्रदेशवासी यह संकल्प ले कि वह किसी निराश्रित माँ का संबल बनेगा, किसी वंचित माँ की पीड़ा को समझेगा और किसी दुखियारी माँ के चेहरे पर मुस्कुराहट लाएगा।
— Yogi Adityanath (@myogiadityanath) November 23, 2026
संन्यास परंपरा के अनुसार, उन्हें भिक्षा मांगनी थी. जब उन्होंने घर के बाहर खड़े होकर भिक्षा के लिए आवाज लगाई तो उनकी मां बाहर आईं. बेटे को भगवा कपड़ों में देखकर मां कुछ देर के लिए हैरान रह गईं. उन्हें समझ नहीं आ रहा था कि वह क्या कहें.
योगी आदित्यनाथ ने मां से भिक्षा मांगी तो उन्होंने भावुक होकर पूछा कि बेटा, तुम्हारी यह कैसी हालत हो गई है? घर में किस चीज की कमी थी, जो तुम्हें भीख मांगनी पड़ रही है?
इस पर योगी आदित्यनाथ ने मां को समझाया कि संन्यास लेना उनका धर्म है. वह घर में रहने के लिए नहीं, बल्कि संन्यासी परंपरा के अनुसार भिक्षा लेने आए हैं. मां ने अपने मन की भावनाओं को संभालते हुए बेटे के संकल्प का सम्मान किया और उसे भिक्षा दी.
हर मां का सहारा बनने की अपील
सीएम योगी ने अपने संदेश के आखिर में सभी लोगों से मां के सम्मान और सेवा का संकल्प लेने की अपील की. उन्होंने कहा कि मां के प्रति सच्चा सम्मान तभी होगा, जब हम जरूरतमंद और बेसहारा महिलाओं की मदद करेंगे.
उन्होंने लोगों से आग्रह किया कि वे किसी निराश्रित मां का सहारा बनें, किसी जरूरतमंद मां की परेशानी को समझें और उसके चेहरे पर मुस्कान लाने की कोशिश करें. मां का सम्मान केवल शब्दों से नहीं, बल्कि उनके प्रति अपने व्यवहार और सेवा से भी दिखना चाहिए.