'सनातन का अपमान करने वालों का सूपड़ा साफ...', बंगाल में बीजेपी की बंपर जीत पर बोले सीएम योगी

सीएम ने कहा कि जब नीयत साफ, नीति स्पष्ट और कुछ करने का दृढ़ संकल्प हो तो सार्थक परिणाम भी आते हैं. आज यही परिणाम गोरखपुर समेत उत्तर प्रदेश में दिख रहे हैं. सीएम योगी ने कहा कि गोरखपुर का बंद खाद कारखाना कांग्रेस, सपा सरकारों के भ्रष्टाचार का स्मारक बना हुआ था.

CM Yogi Adityanath On Bengal Election Result 2026
Image Source: Social Media

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ मंगलवार को गोरखपुर के जंगल बेनी माधव में नवनिर्मित कल्याण मंडपम का उद्घाटन किया और शहर के विकास से जुड़ी कुल 71 परियोजनाओं का शिलान्यास एवं लोकार्पण किया, जिनका कुल लागत ₹612.32 करोड़ है. इस अवसर पर उन्होंने उपस्थित जनसमूह को संबोधित करते हुए पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव में वहां की जनता के स्पष्ट निर्णय की सराहना की और इसे उन राजनीतिक दलों के लिए एक बड़ा सबक बताया जो जनता की उपेक्षा करते हैं.

"पश्चिम बंगाल ‘सोनार बांग्ला’ बनेगा"

उन्होंने कहा कि जो भी जनता की उपेक्षा करेगा, विकास के पैसे पर डकैती डालेगा, गुंडों को प्रश्रय देगा और सनातन का अपमान करेगा, उसका सूपड़ा साफ होना तय है. पश्चिम बंगाल की जनता ने ऐसा करके दिखा भी दिया है. उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन में अब पश्चिम बंगाल ‘सोनार बांग्ला’ बनेगा. 

सीएम ने कहा कि जब नीयत साफ, नीति स्पष्ट और कुछ करने का दृढ़ संकल्प हो तो सार्थक परिणाम भी आते हैं. आज यही परिणाम गोरखपुर समेत उत्तर प्रदेश में दिख रहे हैं. सीएम योगी ने कहा कि गोरखपुर का बंद खाद कारखाना कांग्रेस, सपा सरकारों के भ्रष्टाचार का स्मारक बना हुआ था. आज यह खाद कारखाना शानदार तरीके से चल रहा है. नकहा से फर्टिलाइजर फैक्टरी व स्पोर्ट्स कॉलेज जाने के लिए ओवरब्रिज बन गया है. बरगदवा से नकहा होते हुए मोहद्दीपुर तक फोर-लेन सड़क बन गई है. महेश्वर में मुख्य मार्ग फोर-लेन होने से अब जाम नहीं लगता. 

सीएम ने आगे कहा कि महेसरा से लखनऊ जाने के लिए जल्द ही माधोपुर, हाबर्ट बंधा होते हुए राजघाट तक के लिए फोर-लेन कनेक्टिविटी मिल जाएगी. तब महेसरा से राजघाट जाने में महज पांच मिनट लगेंगे, फोर-लेन बनने से तटबंध भी सुदृढ़ होगा. पहले गोरखपुर से लखनऊ जाने में 8-9 घंटे लगते थे, आज यह दूरी तीन-साढ़े तीन घंटे में पूरी हो जाती है. वाराणसी जाने में लगने वाला समय भी घटकर ढाई घंटे हो गया है. जंगल कौड़िया से जगदीशपुर तक बन रहे फोर-लेन बाईपास से महेसरा होकर कुशीनगर जाने में सिर्फ आधा घंटा लगेगा. 

'तेज विकास से ही आएगी समृद्धि'

सीएम योगी ने कहा कि गति जितनी तेज होगी, विकास भी उतना ही तेज होगा. विकास जितना तेज होगा, उतनी ही तेजी से व्यक्ति, समाज और राष्ट्र की समृद्धि होगी. इसी समृद्धि के लिए गोरखपुर का विस्तार किया जा रहा है और जंगल कौड़िया, जगदीशपुर बाईपास रोड इस विस्तार का आधार बनेगी. एम्स, बीआरडी की सुदृढ़ता, आयुष विश्वविद्यालय और अनेक नई सुविधाओं के विकास से लोगों को राहत मिली है. युवाओं के लिए रोजगार, महिलाओं की आत्मनिर्भरता, कारोबार में वृद्धि हो रही है. जब नए निवेश आएंगे तो रोजगार के अवसर भी बढ़ेंगे.

ये भी पढ़ें: सत्ता के सपने देखना छोड़ देना चाहिए... बंगाल के रूझानों पर केशव मौर्य का आया रिएक्शन, अखिलेश यादव पर कसा तंज