बंगाल में CM योगी की हुंकार, ममता सरकार पर बोला जोरदार हमला, कहा - इनसे तो सड़कों पर झाड़ू लगवाएंगे

सीएम योगी ने आज पश्चिम बर्द्धमान जिले के आसनसोल के पास बाराबनी और बीरभूम जिले के रामपुरहाट व बोलपुर में तीन जनसभाओं को संबोधित किया.

cm Yogi Adityanath Asansol rally speech West Bengal elections 2026
Image Source: ANI

पश्चिम बंगाल में विधानसभा चुनाव को लेकर सियासी पारा सातवें आसमान पर पहुंच गया है. सभी राजनीतिक दल अपने पक्ष पर माहौल बनाने के लिए पूरी जी जान से लगे हुए हैं. वहीं भाजपा उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री और भाजपा के फायर ब्रांड नेता योगी आदित्यनाथ भी बंगाल में हुंकार भर रहे हैं. सीएम योगी ने आज पश्चिम बर्द्धमान जिले के आसनसोल के पास बाराबनी और बीरभूम जिले के रामपुरहाट व बोलपुर में तीन जनसभाओं को संबोधित किया.

इस दौरान मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने टीएमसी सरकार पर जमकर हमला बोला. उन्होंने कहा कि 15 वर्षों के शासन में उसने बंगाल को आतंक, माफिया राज, कटमनी, भ्रष्टाचार व अराजकता का अड्डा बनाकर रख दिया है. सीएम योगी ने यह भी कहा कि टीएमसी के गुंडे, माफिया क्या कह रहे हैं या कोई मौलाना क्या बक रहा है, आप किसी से भयभीत न होइए.

"टीएमसी ने बंगाल को क्राइम कैपिटल में बदला"

सीएम योगी ने कहा डबल इंजन की भाजपा सरकार आने दीजिए, गुंडे, माफिया व मौलाना आपकी चाटुकारिता करते और बंगाल की सड़कों पर झाडू लगाते दिखाई देंगे. अपराधियों व माफियाओं का इलाज केवल भाजपा की डबल इंजन की सरकार के पास है. जो बंगाल कभी शिक्षा व कल-कारखानों का केंद्र और भारत की अर्थव्यवस्था का लीडर था, वह आज माफिया की चपेट में है. उन्होंने कहा कि बंगाल बालू माफिया, कोयला माफिया, लैंड माफिया, मवेशी माफिया और सत्ता के संरक्षण में पल रहे माफियाओं के चंगुल में है. टीएमसी ने बंगाल को क्राइम कैपिटल में बदल दिया है. टीएमसी आतंक, माफिया व भ्रष्टाचार की पर्याय बन चुकी है. वो टीएमसी अब नहीं चाहिए. इस बार टीएमसी का सूपड़ा साफ हो जाएगा.

"गोमाता को कटने नहीं देंगे, हिंदुओं को बंटने नहीं देंगे"

सीएम योगी आदित्यनाथ ने कहा कि भाजपा गारंटी देती है कि बंगाल में सरकार बनने पर दंगा नहीं होगा और न कफ्र्यू लगेगा. गोमाता को कटने नहीं देंगे और हिंदुओं को बंटने नहीं देंगे. उन्होंने आरोप लगाया कि पहले कांग्रेस, फिर वामपंथियों और 15 वर्ष से टीएमसी ने बंगाल के सामने पहचान का संकट खड़ा कर दिया है. बंगाल कभी भारत की सांस्कृतिक राजधानी के रूप में देश को दिशा देता था, लेकिन टीएमसी ने इसे क्राइम कैपिटल बना दिया है. इन लोगों ने यहां पर आम जनमानस के सामने, नौजवानों के सामने, बेटी-बहनों के सामने भय का माहौल पैदा किया है. इनके कारण माफिया पैदा हुए हैं.

"माफिया प्रवृत्ति को भाजपा समाप्त करेगी"

उन्होंने कहा कि आजादी के बाद बंगाल विकास के पथ पर आगे चल रहा था. देश की अर्थव्यवस्था का ग्रोथ इंजन था. बंगाल की तूती बोलती थी. आज यहां माफिया हावी है, नौजवान के लिए नौकरी-रोजगार गायब है. किसानों को उपज का दाम नहीं मिल पाता. यूपी में आलू का दाम 15-16 रुपये किलो और बंगाल में मात्र एक-डेढ़ रुपये मिल रहा है. माफिया प्रवृत्ति को भाजपा समाप्त करेगी. 

"डबल इंजन की रफ्तार का मुकाबला नहीं कर पाएंगे"

सीएम योगी ने आगे कहा कि नौ साल पहले बंगाल से भी बुरी स्थिति उत्तर प्रदेश की थी. वहां हर दूसरे-तीसरे दिन दंगा होता था. गुंडागर्दी-अपराध चरम पर था, माफिया हावी थे. जैसे ममता दीदी को राम नाम व दुर्गा पूजा से चिढ़ है, यूपी में भी ऐसे ही चिढ़ होती थी. टीएमसी की पार्टनर समाजवादी पार्टी की सरकार ने रामभक्तों पर गोली चलवाईं. जय श्रीराम बोलने पर प्रतिबंध होता था. यूपी में डबल इंजन सरकार आई तो अयोध्या में राम जन्मभूमि पर भगवान श्रीराम का विश्व का सबसे बड़ा मंदिर बनकर खड़ा हो गया है, इसे कांग्रेस, सपा व टीएमसी रोक नहीं पाईं, क्योंकि मोदी हैं तो मुमकिन है. डबल इंजन की रफ्तार का ये लोग मुकाबला नहीं कर पाएंगे.

"यूपी का अब नक्शा बदल चुका"

उन्होंने कहा कि आज उत्तर प्रदेश उपद्रव नहीं उत्सव है. यूपी का अब नक्शा बदल चुका है, वहां कोई सड़क पर नमाज नहीं पढ़ सकता. यूपी में पर्व-त्योहार शांति से मनाए जाते हैं. उत्तर प्रदेश में बुलडोजर अब माफिया की हड्डी-पसली ठीक करता है. माफिया की संपत्ति लेकर गरीबों के आवास बनते हैं.

सीएम योगी ने कहा कि टीएमसी के कारण बंगाल में माफिया पैदा हुए. केंद्र से जो पैसा आता है, उसे टीएमसी के गुंडे हजम कर जाते हैं. सीएम ने स्थानीय नागरिकों को विश्वास दिलाया कि बंगाल में दंगों, भय, अराजकता, माफियाराज को भाजपा समाप्त करेगी. पीएम मोदी के नेतृत्व में डबल स्पीड से सारी समस्याओं का समाधान होगा. भाजपा ही सुरक्षा-समृद्धि, उज्जवल भविष्य की गारंटी है.

ये भी पढ़ें: क्रेडिट ले लो, कल हम फोटो छपवा देंगे... महिला आरक्षण बिल को लेकर पीएम मोदी ने विपक्ष पर कसा तंज