नई दिल्ली: दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने शनिवार, 14 मार्च को शालीमार बाग विधानसभा क्षेत्र में कई महत्वपूर्ण विकास परियोजनाओं का उद्घाटन किया. इस मौके पर मुख्यमंत्री ने न केवल कार्यों का निरीक्षण किया, बल्कि अधिकारियों को काम की गुणवत्ता और समयबद्धता सुनिश्चित करने के लिए भी निर्देश दिए. उन्होंने कहा कि इन विकास कार्यों से क्षेत्र में बरसात के समय जलभराव की समस्या में कमी आएगी, साथ ही सड़कें और बुनियादी ढांचा भी मजबूत होंगे.
जलनिकासी व्यवस्था और सड़क सुधार कार्यों का उद्घाटन
मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने शालीमार बाग के हैदरपुर मेन रोड पर स्थित बस स्टैंड से डीए ब्लॉक तक के क्षेत्र में स्टॉर्म वाटर ड्रेन के रीमॉडलिंग कार्य का उद्घाटन किया. यह कार्य न्यू मास्टर ड्रेन प्लान 2025 के तहत किया जा रहा है, जिसमें आरसीसी ड्रेनों के माध्यम से जल निकासी व्यवस्था को बेहतर बनाया जाएगा. उन्होंने क्षेत्र में सड़क और ड्रेनेज सुधार कार्यों की प्रगति का जायजा लिया और अधिकारियों को इन कार्यों को गति देने के लिए निर्देशित किया.
यातायात व्यवस्था में सुधार की दिशा में कदम
मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने शालीमार चौक पर यातायात सुधार के लिए स्लिप रोड के निर्माण और आरयूबी के आसपास यू-टर्न विकसित करने की परियोजना की शुरुआत की. इस पहल से क्षेत्र में यातायात दबाव कम होगा और स्थानीय निवासियों और यात्रियों को सुरक्षित और सुविधाजनक आवागमन की सुविधा मिलेगी. यह कदम शालीमार बाग क्षेत्र में यातायात की समस्या को सुलझाने में अहम भूमिका निभाएगा.
आयुष्मान आरोग्य मंदिर का उद्घाटन
मुख्यमंत्री ने सहीपुर गांव चौपाल में आयुष्मान आरोग्य मंदिर का उद्घाटन भी किया. यह केंद्र क्षेत्र के निवासियों को प्राथमिक स्वास्थ्य सेवाएं प्रदान करेगा और लोगों को उनके घर के पास बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराएगा. यह कदम दिल्ली सरकार की स्वास्थ्य सेवाओं को जनता तक पहुंचाने की प्रतिबद्धता को और मजबूत करता है.
स्टॉर्म वाटर ड्रेन रीमॉडलिंग और सड़क चौड़ीकरण कार्य
मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने भगवान महावीर मार्ग और के.एल. बग्गा मार्ग पर स्टॉर्म वाटर ड्रेन के रीमॉडलिंग कार्य का भी उद्घाटन किया. इस परियोजना के तहत, प्रीकास्ट फैक्ट्री निर्मित आरसीसी ड्रेनों का निर्माण होगा, जो न्यू मास्टर ड्रेन प्लान 2025 के अनुरूप होगा. इसके अलावा, सिंगलपुर लेबर चौक पर चल रहे सड़क चौड़ीकरण कार्य का भी मुख्यमंत्री ने औचक निरीक्षण किया. इस कार्य के तहत, सड़क की चौड़ाई बढ़ाई जाएगी और ड्रेनेज सिस्टम को सुदृढ़ किया जाएगा, ताकि जलभराव की समस्या का स्थायी समाधान मिल सके.
ये भी पढ़ें: दिल्ली में यहां बनेगा सबसे बड़ा मल्टी स्पोर्ट्स स्टेडियम, 80 हजार लोगों की होगी क्षमता, जानें खास बातें