MP DA Hike: होली के ठीक पहले मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने राज्य के शासकीय कर्मचारियों और पेंशनर्स को बड़ा तोहफा दिया है. सरकार ने महंगाई भत्ते (डीए) में 3 फीसदी की बढ़ोतरी करने का निर्णय लिया है. इस फैसले के बाद अब महंगाई भत्ता 58 फीसदी हो जाएगा. त्योहार से पहले आई इस घोषणा से लाखों कर्मचारियों और पेंशनर्स के चेहरे खिल उठे हैं.
मुख्यमंत्री के अनुसार, सभी शासकीय कर्मचारियों को भारत सरकार के समान अप्रैल 2026 के वेतन में 58 फीसदी महंगाई भत्ता मिलेगा. इसका मतलब है कि कर्मचारियों की मासिक सैलरी में सीधा इजाफा होगा और उन्हें आर्थिक रूप से राहत मिलेगी.
आज होली के शुभ अवसर पर राज्य के शासकीय सेवकों के महंगाई भत्ते में 3% की वृद्धि कर 58% करने का निर्णय किया है।
— Dr Mohan Yadav (@DrMohanYadav51) March 2, 2026
सभी शासकीय सेवकों को भारत सरकार के समान अप्रैल (पेड इन मई) 2026 के वेतन में 58% महंगाई भत्ता मिलेगा। जुलाई 2025 से मार्च 2026 तक के एरियर की राशि मई 2026 से प्रारंभ होकर… pic.twitter.com/nf0RRc5nqh
एरियर का भुगतान छह किस्तों में
सरकार ने यह भी स्पष्ट किया कि जुलाई 2025 से मार्च 2026 तक की अवधि का एरियर भी कर्मचारियों को दिया जाएगा. इस एरियर का भुगतान मई 2026 से शुरू होकर छह बराबर किस्तों में किया जाएगा. इसका फायदा यह होगा कि कर्मचारियों को केवल बढ़ी हुई सैलरी ही नहीं मिलेगी, बल्कि पिछले महीनों का भी लाभ प्राप्त होगा.
डॉ. मोहन यादव ने अपने ट्विटर हैंडल पर लिखा, "आज होली के शुभ अवसर पर राज्य के शासकीय सेवकों के महंगाई भत्ते में 3% की वृद्धि कर 58% करने का निर्णय किया है. सभी शासकीय सेवकों को भारत सरकार के समान अप्रैल (पेड इन मई) 2026 के वेतन में 58% महंगाई भत्ता मिलेगा. जुलाई 2025 से मार्च 2026 तक के एरियर की राशि मई 2026 से प्रारंभ होकर."
पेंशनर्स को भी राहत
सरकार ने पेंशनर्स को भी इस फैसले में समान लाभ देने का निर्णय लिया है. जनवरी और फरवरी 2026 की पेंशन में अब 58 फीसदी महंगाई भत्ता जोड़ा जाएगा. इससे सेवानिवृत्त कर्मचारियों की मासिक आय में वृद्धि होगी और उन्हें बढ़ती महंगाई के प्रभाव से कुछ हद तक राहत मिलेगी. लंबे समय से पेंशनर्स भी डीए बढ़ाने की मांग कर रहे थे और यह फैसला उनके लिए विशेष महत्व रखता है.
मुख्यमंत्री के अन्य निर्णय और होली की शुभकामनाएं
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने बताया कि दिन में बड़वानी में किसान कल्याण वर्ष के तहत कैबिनेट बैठक हुई, जिसमें कई अहम निर्णय लिए गए. वहीं शाम को कर्मचारियों और पेंशनर्स के हित में महंगाई भत्ते में वृद्धि का यह बड़ा फैसला लिया गया.
सरकार का कहना है कि वह सभी वर्गों के कल्याण के लिए लगातार काम कर रही है. होली के मौके पर यह घोषणा कर्मचारियों और पेंशनर्स के लिए एक विशेष तोहफा मानी जा रही है. मुख्यमंत्री ने प्रदेशवासियों को होली की हार्दिक शुभकामनाएं भी दी हैं.
ये भी पढ़ें- इमरान हाशमी के फैंस के लिए खुशखबरी! 'आवारापन 2' की शूटिंग को लेकर आया बड़ा अपडेट, जानें पूरी डिटेल