CM भूपेंद्र पटेल ने 'वाइब्रेंट नवरात्रि 2025' का किया शुभारंभ, GST सुधारों से बनेगा बचत उत्सव

अहमदाबाद के जीएमडीसी ग्राउंड पर वाइब्रेंट नवरात्रि महोत्सव 2025 की शुरुआत अत्यंत भव्य और सांस्कृतिक रंग में रंगी नजर आई. इस अवसर पर गुजरात के मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल ने महोत्सव का विधिवत उद्घाटन किया.

CM Bhupendra Patel inaugurated the Vibrant Navratri Mahotsav 2025 in Ahmedabad
Image Source: Social Media

अहमदाबाद के जीएमडीसी ग्राउंड पर वाइब्रेंट नवरात्रि महोत्सव 2025 की शुरुआत अत्यंत भव्य और सांस्कृतिक रंग में रंगी नजर आई. इस अवसर पर गुजरात के मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल ने महोत्सव का विधिवत उद्घाटन किया. 1,000 से अधिक कलाकारों द्वारा प्रस्तुत "आह्वान मां आद्याशक्ति" की थीम पर आधारित सांस्कृतिक कार्यक्रमों ने पूरे माहौल को भक्तिमय बना दिया.

वहीं इस शुभ अवसर पर मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा नवरात्रि के पहले दिन से NextGen GST सुधारों को लागू किए जाने को देशवासियों के लिए एक बड़ा तोहफा बताया. उन्होंने कहा कि यह कदम इस वर्ष की नवरात्रि और दीपावली को बचत और उत्साह का पर्व बना देगा. उन्होंने इसे "Double Savings Bonanza" करार दिया.

स्वदेशी उत्पादों को अपनाने का किया आह्वान 

मुख्यमंत्री ने नागरिकों से स्वदेशी उत्पादों को अपनाने का भी आह्वान किया  खासकर नवरात्रि में उपयोग होने वाली डांडिया स्टिक, आभूषण और कॉस्मेटिक उत्पादों के लिए. यह ‘आत्मनिर्भर भारत’ के विचार को मजबूती देने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है.

आकर्षण का केंद्र बनीं सांस्कृतिक प्रस्तुतियां और प्रदर्शनी

मुख्यमंत्री ने महोत्सव की शुरुआत से पूर्व नौ संकल्पों पर आधारित थीमैटिक एग्ज़ीबिशन, सेल्फी जोन, फोटो ज़ोन, किड्स सिटी, फूड कोर्ट, और हस्तशिल्प बाजार का अवलोकन किया. उन्होंने स्वयं सहायता समूहों (Self Help Groups) की महिलाओं से संवाद कर उनके उत्पादों की सराहना भी की. इस मौके पर सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय द्वारा आयोजित 11 वर्षों की सुशासन यात्रा पर आधारित मल्टीमीडिया प्रदर्शनी का भी शुभारंभ किया गया.

श्रद्धा और संस्कृति का संगम

कार्यक्रम में महाआरती का आयोजन भी हुआ, जिसमें मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल सहित उपस्थित सभी विशिष्टजनों ने मां जगदंबा की आराधना में भाग लिया. इस आरती के साथ ही पूरे परिसर में भक्ति और आस्था की लहर दौड़ गई.

प्रमुख अतिथियों की मौजूदगी

इस समारोह में पर्यटन एवं सांस्कृतिक गतिविधियों के मंत्री श्री मुलुभाई बेरा, राज्य मंत्रीगण श्री जगदीश विश्वकर्मा, कुंवरजी भाई हलपति, अहमदाबाद की महापौर श्रीमती प्रतिभा जैन, मुख्य सचिव श्री पंकज जोशी, पर्यटन सचिव श्री राजेंद्र कुमार, और पर्यटन निगम के चेयरमैन श्री प्रभाव जोशी सहित कई गणमान्य अतिथि उपस्थित रहे. इस भव्य आयोजन में देश-विदेश से आए मेहमानों के साथ-साथ अहमदाबाद के नागरिकों ने भी बड़ी संख्या में भाग लेकर महोत्सव को वाइब्रेंट और यादगार बना दिया.

यह भी पढ़ें: OMG! पेट दर्द से कराह रहा था सात साल का बच्चा, ऑपरेशन हुआ तो पेट से निकलीं ये दो चीजें, डॉक्टर भी रह गए सन्न