Himachal Pradesh Cloudburst: हिमाचल प्रदेश के कांगड़ा जिले में लगातार हो रही बारिश के बीच मंगलवार को बड़ा हादसा हो गया. शाहपुर के बोह घाटी इलाके में बादल फटने और भूस्खलन (लैंडस्लाइड) के कारण कई घर और एक स्कूल मलबे की चपेट में आ गए. राहत की बात यह है कि इस हादसे में किसी की मौत नहीं हुई. हालांकि एक महिला घायल हुई है, जिसका इलाज चल रहा है.
कई घर और स्कूल को नुकसान
जानकारी के मुताबिक, शाहपुर के बोह घाटी के रूलेहर, भंगार, गढ़गुहण और स्पैदा गांवों में अचानक बादल फटने के बाद भारी मात्रा में मिट्टी और पत्थर पहाड़ी से नीचे आ गए. इस हादसे में एक प्राथमिक स्कूल, करीब 15 घर और चार गौशालाएं पूरी तरह या आंशिक रूप से मलबे में दब गईं. गौशालाओं में मौजूद गाय, भेड़ और बकरियों को भी नुकसान पहुंचा है.
मौके पर पहुंचीं राहत टीमें
घटना की सूचना मिलते ही SDRF, पुलिस और प्रशासन की टीमें मौके पर पहुंच गईं. राहत और बचाव का काम जारी है. राजस्व विभाग भी नुकसान का आकलन कर रहा है, ताकि प्रभावित परिवारों को जल्द मदद दी जा सके.
अधिकारियों ने किया दौरा
कांगड़ा के अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक बीर बहादुर ने भी प्रभावित इलाकों का दौरा किया. उन्होंने लोगों से अपील की कि बारिश के दौरान नालों और भूस्खलन वाले क्षेत्रों से दूर रहें और अगर घर सुरक्षित नहीं है तो सुरक्षित जगह पर चले जाएं.
प्रशासन ने जारी की सलाह
जिला प्रशासन ने लोगों से मौसम को देखते हुए सतर्क रहने की अपील की है. किसी भी आपात स्थिति में तुरंत पुलिस या SDRF कंट्रोल रूम को सूचना देने के लिए कहा गया है. प्रशासन का कहना है कि मानसून के दौरान संवेदनशील इलाकों पर लगातार नजर रखी जा रही है और जरूरत पड़ने पर तुरंत राहत पहुंचाई जाएगी.
ये भी पढ़ें- पश्चिम बंगाल में बुजुर्गों, विधवाओं और दिव्यांगों को हर महीने मिलेंगे ₹1,500, शुभेंदु सरकार ने बढ़ाई पेंशन