Himachal Cloud Burst: हिमाचल के शाहपुर में बादल फटने से मची तबाही! 6 मकान बहे, राहत-बचाव में जुटी SDRF

हिमाचल प्रदेश में लगातार हो रही भारी बारिश के बीच कांगड़ा जिले के शाहपुर क्षेत्र की बोह घाटी में मंगलवार को बादल फटने की घटना हुई. इसके बाद आई फ्लैश फ्लड में स्पैडा और गढ़गूं गांव के 6 मकान बह गए.

Cloudburst in Himachal 6 houses washed away in flash floods Red alert in several districts
Image Source: Social Media

Himachal Cloud Burst: हिमाचल प्रदेश में लगातार हो रही भारी बारिश के बीच कांगड़ा जिले के शाहपुर क्षेत्र की बोह घाटी में मंगलवार को बादल फटने की घटना हुई. इसके बाद आई फ्लैश फ्लड में स्पैडा और गढ़गूं गांव के 6 मकान बह गए. राहत की बात यह है कि अभी तक किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है.

घटना के बाद प्रशासन ने तुरंत राहत और बचाव कार्य शुरू कर दिया है. एसडीआरएफ की टीम को मौके पर भेजा गया है और अधिकारी भी प्रभावित इलाके के लिए रवाना हो गए हैं.

लोग भागकर बचाई जान

बताया जा रहा है कि अचानक तेज धमाके जैसी आवाज के बाद पहाड़ी से भारी मात्रा में पानी और मलबा नीचे आ गया. फ्लैश फ्लड आते ही गांव के लोगों ने भागकर अपनी जान बचाई.

हालांकि, भारी भूस्खलन के कारण डिब्बा और मानेड नाला इलाके में सड़कें बंद हो गई हैं, जिससे राहत कार्य में दिक्कत आ रही है.

सोलन में हादसे में महिला की मौत

उधर, सोलन जिले में दियुंघाट के पास एक अलग हादसा हुआ. सड़क किनारे बैठे एक महिला और एक युवक अचानक गहरी खाई में गिर गए.

इस हादसे में 40 वर्षीय महिला की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि 28 वर्षीय युवक घायल हो गया. पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है. फोरेंसिक टीम ने भी मौके से सबूत जुटाए हैं.

कई जिलों में फ्लैश फ्लड का खतरा

भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने अगले 24 घंटे के लिए हिमाचल के कई जिलों में फ्लैश फ्लड और भारी बारिश की चेतावनी जारी की है.

चंबा, कांगड़ा, मंडी, कुल्लू, शिमला, सोलन, सिरमौर, किन्नौर और लाहौल-स्पीति के कई इलाकों में अचानक बाढ़ आने का खतरा बताया गया है.

मौसम विभाग के अनुसार, कुछ जगहों पर अगले 24 घंटे में 130 मिमी तक बारिश हो सकती है. लगातार बारिश से जमीन पहले ही पानी से भर चुकी है, इसलिए थोड़ी देर की तेज बारिश भी फ्लैश फ्लड का कारण बन सकती है.

25 जुलाई तक जारी रहेगी बारिश

मौसम विभाग का कहना है कि 25 जुलाई तक राज्य के कई हिस्सों में भारी बारिश का दौर जारी रहेगा.

इस दौरान भूस्खलन, सड़क बंद होने, नदी-नालों का जलस्तर बढ़ने और जनजीवन प्रभावित होने की आशंका है.

लोगों के लिए सलाह

मौसम विभाग और प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि:

  • नदी-नालों और खड्डों के पास जाने से बचें.
  • भूस्खलन वाले इलाकों में यात्रा न करें.
  • ट्रैकिंग और दूसरी आउटडोर गतिविधियां फिलहाल टाल दें.
  • मौसम विभाग और प्रशासन की चेतावनियों का पालन करें.
  • खराब मौसम में वाहन सावधानी से चलाएं.

प्रशासन ने लोगों से सतर्क रहने और किसी भी आपात स्थिति में तुरंत स्थानीय अधिकारियों को सूचना देने की अपील की है.

ये भी पढ़ें- ट्रंप ने कनाडा पर लगाया 50% टैरिफ, भारतीय कंपनियों के लिए खुलेंगे नए दरवाजे? इन सेक्टरों को होगा फायदा