कानपुर को मिलने जा रही बड़ी सौगात, 75 करोड़ की लागत से बनेगा सिटी फॉरेस्ट, जानिए खास बातें

कानपुर शहर के निवासियों के लिए खुशखबरी है. जल्द ही मकसूदाबाद इलाके में 100 एकड़ में फैला सिटी फॉरेस्ट बनकर तैयार होगा. यह प्रोजेक्ट कानपुर विकास प्राधिकरण (केडीए) की ओर से पहली बार शहर में शुरू किया जा रहा है.

City Forest to be built in Kanpur at a cost of Rs 75 crore
Image Source: Freepik

कानपुर शहर के निवासियों के लिए खुशखबरी है. जल्द ही मकसूदाबाद इलाके में 100 एकड़ में फैला सिटी फॉरेस्ट बनकर तैयार होगा. यह प्रोजेक्ट कानपुर विकास प्राधिकरण (केडीए) की ओर से पहली बार शहर में शुरू किया जा रहा है. करीब 75 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाला यह हरित क्षेत्र जोन-2 में रहने वाले लगभग 10 लाख लोगों के लिए ताजगी और सुकून भरा वातावरण उपलब्ध कराएगा. केडीए ने इस योजना की डीपीआर और अन्य औपचारिकताएं पूरी कर ली हैं. अधिकारियों का कहना है कि यह पहल शहर के विस्तार और सौंदर्यीकरण की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है.

इन जगहों को मिलेगा खास लाभ

मकसूदाबाद में सिटी फॉरेस्ट का सबसे ज्यादा लाभ आसपास की कॉलोनियों को मिलेगा. महावीर नगर, शताब्दी नगर और जवाहरपुरम के लोग रोजाना यहां वॉकिंग, बच्चों के साथ समय बिताने और ताजी हवा का आनंद लेने के लिए आ सकेंगे. केडीए अधिकारियों का कहना है कि इसे सिर्फ पार्क नहीं बल्कि एक प्राकृतिक हरित क्षेत्र के रूप में विकसित किया जाएगा, जहां हर उम्र के लोग खुद को जुड़ा महसूस कर सकें.

वॉकिंग ट्रैक और बच्चों के लिए खेल का मैदान

सिटी फॉरेस्ट में विशेष वॉकिंग ट्रैक बनाए जाएंगे, जहां लोग सुबह और शाम टहल सकेंगे. बच्चों के लिए अलग से खेलकूद का मैदान भी होगा. पूरे क्षेत्र में घने और हरे-भरे पौधे लगाए जाएंगे, जिससे यह स्थान प्राकृतिक जंगल जैसा अनुभव देगा. इस हरित क्षेत्र से आसपास का वातावरण भी साफ और ताजगी भरा होगा.

प्रदूषण और तापमान में सुधार की उम्मीद

हरियाली बढ़ने से शहर का तापमान संतुलित रहेगा और धूल, धुएं और प्रदूषण की समस्या में भी कमी आएगी. स्थानीय लोगों को अब शहर के दूर-दराज़ पार्कों में जाने की जरूरत नहीं पड़ेगी और मकसूदाबाद में ही एक बड़ा और सुंदर हरित स्थल उपलब्ध होगा.

ये भी पढ़ें: कौन हैं यूपी की पूजा पाल? जिन्हें मिलेगा पीएम बाल पुरस्कार, पढ़िए छप्पर के घर से जापान तक का सफर