Weather Today: क्रिसमस के दिन कैसा रहेगा मौसम का हाल, क्या प्रदूषण से मिलेगी राहत? IMD का अलर्ट जारी

आज यानी 25 दिसंबर 2025 को पूरी दुनिया में क्रिसमस का त्योहार मनाया जा रहा है.

Christmas Day Weather Will get relief from pollution IMD alert
Image Source: ANI

Weather Today: आज यानी 25 दिसंबर 2025 को पूरी दुनिया में क्रिसमस का त्योहार मनाया जा रहा है. साल के आखिरी सप्ताह में क्रिसमस और नए साल जैसे बड़े उत्सव होने की वजह से आमतौर पर माहौल खुशनुमा रहता है. लोग घूमने-फिरने और आउटडोर सेलिब्रेशन की प्लानिंग करते हैं, लेकिन इस बार मौसम की सख्ती ने त्योहार का मजा थोड़ा फीका कर दिया है. ठंड, घना कोहरा और वायु प्रदूषण को देखते हुए लोगों में यह जानने की उत्सुकता है कि क्रिसमस के दिन मौसम कैसा रहेगा. इसी बीच भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने 25 दिसंबर को लेकर ताज़ा मौसम अपडेट और चेतावनी जारी की है.

दिल्ली-NCR में क्रिसमस के दिन घने कोहरे का अलर्ट जारी किया गया है. हालांकि बुधवार को निकली चटख धूप और हवा की रफ्तार में आई तेजी का असर गुरुवार को भी देखने को मिला. सुबह के समय कई इलाकों में आसमान अपेक्षाकृत साफ नजर आया, जिसका असर वायु गुणवत्ता पर भी पड़ा. 25 दिसंबर की सुबह दिल्ली के आनंद विहार इलाके में AQI 280 दर्ज किया गया. यह स्तर अब भी खराब श्रेणी में आता है, लेकिन पिछले कई दिनों की तुलना में प्रदूषण की स्थिति कुछ बेहतर मानी जा रही है.

प्रदूषण में सुधार के बाद GRAP-4 से राहत

दिल्ली-NCR में वायु प्रदूषण को नियंत्रित करने के लिए सरकार की ओर से कई सख्त कदम उठाए गए थे. AQI के स्तर में कमी आने के बाद फिलहाल GRAP-4 के तहत लागू कड़े प्रतिबंध हटा लिए गए हैं, जिससे लोगों को कुछ राहत मिली है. हालांकि विशेषज्ञों का कहना है कि सर्दियों के मौसम में प्रदूषण फिर बढ़ सकता है, इसलिए सतर्कता अभी भी जरूरी है.

उत्तर भारत में बढ़ता कोहरा और सर्दी

IMD के अनुसार देश के बड़े हिस्से में सर्दी का असर लगातार बढ़ रहा है. मौसम विभाग के ताज़ा पूर्वानुमान के मुताबिक उत्तर प्रदेश, हरियाणा, चंडीगढ़ और पंजाब में 31 दिसंबर तक रात और सुबह के समय घना से बहुत घना कोहरा छाए रहने की प्रबल संभावना है. वहीं हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में 29 दिसंबर तक, जबकि जम्मू संभाग के कुछ इलाकों में 27 दिसंबर तक घने कोहरे की स्थिति बनी रह सकती है.

पूर्वी और पूर्वोत्तर भारत में भी कोहरे का असर

मौसम विभाग ने बताया है कि बिहार, ओडिशा और पूर्वोत्तर असम के कुछ हिस्सों में 29 दिसंबर तक घना कोहरा छा सकता है. पश्चिम बंगाल और पूर्वी मध्य प्रदेश में 26 दिसंबर तक रात और सुबह के समय कोहरे की संभावना जताई गई है. इसके अलावा पूर्वोत्तर भारत के कई इलाकों में भी 26 दिसंबर तक कोहरे का असर देखने को मिल सकता है. बिहार में खासतौर पर 26 से 28 दिसंबर के बीच कोहरे की स्थिति अधिक गंभीर रहने के आसार हैं.

शीत दिवस और शीत लहर का अलर्ट

कोहरे के साथ-साथ IMD ने शीत दिवस और भीषण शीत दिवस को लेकर भी चेतावनी जारी की है. उत्तराखंड में 26 दिसंबर तक कुछ स्थानों पर शीत दिवस से लेकर भीषण शीत दिवस की स्थिति बन सकती है. वहीं बिहार के अलग-अलग इलाकों में 28 दिसंबर तक और पूर्वी उत्तर प्रदेश में 26 दिसंबर तक शीत दिवस की संभावना जताई गई है. इसके अलावा उत्तर-पश्चिम भारत के कुछ हिस्सों में 26 और 27 दिसंबर को शीत लहर चलने की चेतावनी दी गई है.

तापमान में गिरावट का अनुमान

मौसम विभाग के मुताबिक उत्तर-पश्चिम भारत में अगले दो दिनों के दौरान न्यूनतम तापमान में 2 से 4 डिग्री सेल्सियस तक की गिरावट आ सकती है. इसके बाद अगले पांच दिनों तक तापमान में किसी बड़े बदलाव की संभावना नहीं है. पूर्वी भारत में अगले तीन दिनों में न्यूनतम तापमान 2 से 3 डिग्री तक गिर सकता है. वहीं पूर्वोत्तर भारत में फिलहाल अगले दो दिनों तक तापमान में कोई खास बदलाव नहीं होगा, लेकिन इसके बाद 3 से 4 डिग्री की गिरावट दर्ज की जा सकती है. देश के अन्य हिस्सों में अगले सात दिनों तक न्यूनतम तापमान में कोई बड़ा परिवर्तन होने की संभावना नहीं है.

ये भी पढ़ें- Atal Bihari Vajpayee Jayanti: वाजपेयी के 'अटल' फैसले ने बदल दी दुनिया की सोच, पोखरण में लिखा इतिहास?