Earthquake In China: दक्षिणी चीन के शहर लिउझोऊ और आसपास के इलाकों में सोमवार तड़के आए तेज भूकंप ने भारी तबाही मचा दी. आधी रात के बाद आए जोरदार झटकों से लोग घबराकर घरों से बाहर निकल आए. कई इमारतें क्षतिग्रस्त हो गईं, जबकि कुछ इमारतें पूरी तरह ढहने की खबर है. हादसे के बाद कई लोग मलबे में फंस गए, जिसके चलते राहत और बचाव एजेंसियों को रात में ही अभियान शुरू करना पड़ा.
सोशल मीडिया पर सामने आए वीडियो और तस्वीरों में कई इमारतों के टूटने, सड़कों पर मलबा फैलने और लोगों के बीच अफरा-तफरी का माहौल दिखाई दे रहा है. स्थानीय प्रशासन ने प्रभावित इलाकों में आपात सेवाओं को तुरंत सक्रिय कर दिया है.
आधी रात को आया जोरदार भूकंप
रिपोर्ट्स के मुताबिक स्थानीय समयानुसार रात 12 बजकर 21 मिनट पर भूकंप के तेज झटके महसूस किए गए. भूकंप का केंद्र लिउझोऊ शहर के लिउनान जिले में बताया गया है.
5月18日凌晨0时21分,广西柳州市柳南区发生5.2级地震,现场视频显示,当地的一些沿街房屋因地震造成倒塌。
— 李老师不是你老师 (@whyyoutouzhele) May 17, 2026
报道称,截至凌晨4时,房屋倒塌13幢,4人送医(均无生命危险)、3人失联,转移群众7,000余人。 pic.twitter.com/3ws879vXFM
अमेरिकी भूवैज्ञानिक सर्वेक्षण (USGS) और चीन की भूकंप एजेंसी दोनों ने इसकी तीव्रता 5.2 मैग्नीट्यूड दर्ज की है. भूकंप की गहराई करीब 8 किलोमीटर बताई गई है. विशेषज्ञों का कहना है कि कम गहराई वाले भूकंप सतह पर ज्यादा प्रभाव डालते हैं और ऐसे झटकों से नुकसान की आशंका बढ़ जाती है.
सोते समय महसूस हुए झटके, मची अफरा-तफरी
भूकंप ऐसे समय आया जब ज्यादातर लोग अपने घरों में सो रहे थे. अचानक तेज कंपन महसूस होते ही लोग घबराकर बाहर की ओर भागने लगे.
लिउझोऊ और उसके आसपास के इलाकों में लाखों लोग रहते हैं. भूकंप के झटके इतने तेज थे कि कई इलाकों में इमारतों की दीवारों में दरारें आ गईं, जबकि कुछ इमारतें गिर गईं. शुरुआती जानकारी के मुताबिक करीब एक दर्जन इमारतें बुरी तरह प्रभावित हुई हैं.
स्थानीय प्रशासन ने आशंका जताई है कि कुछ लोग अब भी मलबे में फंसे हो सकते हैं. राहत टीमें लगातार खोज अभियान चला रही हैं.
हजारों लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया गया
चीन की सरकारी समाचार एजेंसी शिन्हुआ के अनुसार अब तक कम से कम चार लोगों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है. वहीं तीन लोगों के लापता होने की जानकारी सामने आई है.
स्थिति की गंभीरता को देखते हुए प्रशासन ने लगभग 7,000 लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया है. कई परिवारों को अस्थायी राहत शिविरों में रखा गया है. अधिकारियों का कहना है कि प्रभावित इलाकों में लोगों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है.
रात में शुरू हुआ बड़ा रेस्क्यू ऑपरेशन
भूकंप के तुरंत बाद राहत और बचाव एजेंसियां सक्रिय हो गईं. रात करीब दो बजे तक 51 फायर और रेस्क्यू वाहनों के साथ 315 से ज्यादा आपातकर्मी प्रभावित क्षेत्र में पहुंच चुके थे.
दमकल विभाग, पुलिस और मेडिकल टीमों ने मिलकर मलबे में फंसे लोगों को निकालने का अभियान शुरू किया. कई इलाकों में भारी मशीनों की मदद से मलबा हटाया जा रहा है.
स्थानीय प्रशासन ने अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि जल्द से जल्द नुकसान का सही आकलन किया जाए और जरूरतमंद लोगों तक राहत सामग्री पहुंचाई जाए. साथ ही आफ्टरशॉक्स की संभावना को देखते हुए निगरानी भी बढ़ा दी गई है.
बिजली-पानी सेवाएं सामान्य
भूकंप के बावजूद राहत की बात यह रही कि इलाके में बिजली, पानी, गैस और परिवहन सेवाएं पूरी तरह बाधित नहीं हुईं. प्रशासन का कहना है कि आवश्यक सेवाएं सामान्य रूप से चल रही हैं, हालांकि कुछ क्षेत्रों में एहतियात के तौर पर बिजली सप्लाई अस्थायी रूप से रोकी गई थी.
चीन में इमरजेंसी सिस्टम हुआ सक्रिय
भूकंप के बाद चीन की कई सरकारी एजेंसियों ने तेजी से प्रतिक्रिया दी. ग्वांग्शी क्षेत्रीय भूकंप राहत मुख्यालय ने तुरंत लेवल-3 आपात प्रतिक्रिया लागू कर दी.
इसके बाद चीन भूकंप प्रशासन ने भी समान स्तर की इमरजेंसी घोषित की. वहीं चीन के स्टेट काउंसिल के भूकंप राहत कार्यालय और आपात प्रबंधन मंत्रालय ने लेवल-4 आपात प्रतिक्रिया शुरू करते हुए विशेषज्ञों की टीम को प्रभावित क्षेत्र में भेजा है.
हांगकांग तक महसूस हुए झटके
इस भूकंप के झटके चीन से काफी दूर हांगकांग तक महसूस किए गए. हांगकांग ऑब्जर्वेटरी को स्थानीय लोगों से 10 से ज्यादा रिपोर्ट मिलीं, जिनमें कुछ सेकंड तक जमीन हिलने की जानकारी दी गई.
ऑब्जर्वेटरी के अनुसार भूकंप का केंद्र हांगकांग से लगभग 550 किलोमीटर पश्चिम-उत्तर पश्चिम दिशा में स्थित था. स्थानीय स्तर पर इसकी तीव्रता मॉडिफाइड मर्काली स्केल पर लेवल-2 दर्ज की गई.
ये भी पढ़ें- Fighter Jet Crash: एयर शो के दौरान हवा में भिड़े US नेवी के दो फाइटर जेट, बने आग का गोला, देखें Video