Chhath Puja Mantra 2026: छठ महापर्व की शुरुआत 13 नवंबर 2026, शुक्रवार से हो चुकी है. चार दिनों तक चलने वाले इस पर्व में व्रती पूरी श्रद्धा और नियमों के साथ भगवान सूर्य और छठी मैया की उपासना करते हैं. इस दौरान संतान की लंबी उम्र, परिवार की खुशहाली और सुख-समृद्धि की कामना की जाती है. नहाय-खाय से शुरू होने वाले इस कठिन व्रत में डूबते और उगते सूर्य को अर्घ्य देने की परंपरा निभाई जाती है.
छठ पूजा में मंत्र जाप का महत्व
छठ पर्व में पूजा-पाठ और सूर्य को अर्घ्य देने के साथ मंत्रों का जाप भी विशेष महत्व रखता है. धार्मिक मान्यताओं के अनुसार, छठी मैया और सूर्य देव के मंत्रों का श्रद्धापूर्वक जाप करने से मन को शांति मिलती है और सकारात्मक ऊर्जा का संचार होता है. खासकर सूर्य को अर्घ्य देते समय मंत्रों का उच्चारण करना शुभ माना जाता है. ऐसे में छठ पूजा के दौरान आप इन मंत्रों का जाप कर सकते हैं.
छठी मैया और सूर्य देव के मंत्र
छठी मैया का आशीर्वाद पाने के लिए पूजा के समय ‘ॐ ह्रीं षष्ठी देव्यै स्वाहा॥’ मंत्र का जाप कर सकते हैं. वहीं, सूर्य देव को अर्घ्य देते समय ‘ॐ एहि सूर्य सहस्रांशो तेजोराशे जगत्पते. अनुकंपयेमां भक्त्या गृहाणार्घ्यं दिवाकर॥’ मंत्र का उच्चारण करना शुभ माना जाता है. धार्मिक मान्यता है कि श्रद्धा के साथ इन मंत्रों का जाप करने से सूर्य देव और छठी मैया की कृपा प्राप्त होती है.
सूर्य देव के सरल और बीज मंत्र
जिन लोगों को लंबे मंत्र याद रखने में परेशानी होती है, वे सूर्य देव के सरल मंत्र ‘ॐ सूर्याय नमः॥’ का जाप कर सकते हैं. इसके अलावा सूर्य के बीज मंत्र ‘ॐ ह्रां ह्रीं ह्रौं सः सूर्याय नमः॥’ का भी जाप किया जाता है. मान्यता है कि इस मंत्र के जाप से आत्मविश्वास, ऊर्जा और तेज की प्राप्ति होती है. इसे पूजा के दौरान या सूर्य को जल अर्पित करते समय बोल सकते हैं.
सूर्य गायत्री और आरोग्य मंत्र
सूर्य देव की उपासना के लिए ‘ॐ भास्कराय विद्महे महाद्युतिकराय धीमहि. तन्नो आदित्यः प्रचोदयात्॥’ सूर्य गायत्री मंत्र का जाप भी किया जाता है. इसके साथ ही अच्छे स्वास्थ्य, लंबी आयु और सुख-समृद्धि की कामना के लिए ‘नमः सूर्याय शान्ताय सर्वरोग निवारिणे. आयुरारोग्यमैश्वर्यं देहि देव जगत्पते॥’ मंत्र का जाप कर सकते हैं. सुबह स्नान के बाद पूजा के समय इन मंत्रों का पाठ करना शुभ माना जाता है.
छठ महापर्व की धार्मिक मान्यता
छठ को लोक आस्था के सबसे बड़े पर्वों में गिना जाता है. इस दौरान भगवान सूर्य के साथ छठी मैया की पूजा की जाती है. धार्मिक मान्यताओं के अनुसार, छठी मैया संतान की रक्षा करने वाली देवी हैं और उनकी आराधना से बच्चों की लंबी आयु, अच्छे स्वास्थ्य और सुखी जीवन का आशीर्वाद मिलता है. वहीं, सूर्य देव को अर्घ्य देने से परिवार में सुख-शांति और समृद्धि आने की मान्यता है. इसी आस्था के साथ व्रती महिलाएं कठिन नियमों का पालन करते हुए पूरे विधि-विधान से यह पर्व मनाती हैं.
ये भी पढ़ें- Kal Ka Rashifal: शनिवार को इन राशियों पर मेहरबान रहेंगे सितारे, धन लाभ से प्रेम तक मिलेगा साथ