Chhath Kharna 2026: छठ महापर्व के दूसरे दिन खरना की परंपरा निभाई जाती है. चार दिनों तक चलने वाले इस पर्व में खरना का विशेष महत्व है. इस दिन व्रती सुबह से निर्जला उपवास रखते हैं और शाम को छठी मैया तथा सूर्य देव की पूजा करने के बाद गुड़ की खीर का प्रसाद ग्रहण करते हैं. इसी के साथ 36 घंटे का कठिन निर्जला व्रत शुरू हो जाता है, जिसका समापन उगते सूर्य को अर्घ्य देने के बाद होता है. खरना को तन और मन की शुद्धता से जोड़कर देखा जाता है.
खरना का धार्मिक महत्व
खरना का अर्थ शुद्धिकरण से जुड़ा माना जाता है. इस दिन व्रती घर और पूजा स्थल की सफाई से लेकर प्रसाद तैयार करने तक हर काम में पवित्रता का विशेष ध्यान रखते हैं. धार्मिक मान्यता है कि खरना की पूजा के बाद छठी मैया को अर्पित प्रसाद ग्रहण करने से उनका आशीर्वाद मिलता है. इस दिन व्रती पूरे नियम और श्रद्धा के साथ पूजा करते हैं और इसके बाद कठिन निर्जला व्रत का संकल्प पूरा करने की तैयारी शुरू होती है.
खरना की पूजा विधि
खरना के दिन सुबह घर और पूजा स्थल की अच्छी तरह सफाई की जाती है. इसके बाद व्रती स्नान करके साफ कपड़े पहनते हैं और पूरे दिन बिना अन्न और जल ग्रहण किए उपवास रखते हैं. शाम को सूर्यास्त के आसपास पूजा की तैयारी की जाती है. इस दौरान मिट्टी के चूल्हे और आम की लकड़ी से प्रसाद बनाने की परंपरा है. कुछ स्थानों पर प्रसाद तैयार करने में गन्ने के रस का भी इस्तेमाल किया जाता है. पूजा के समय छठी मैया और सूर्य देव का स्मरण कर उन्हें भोग अर्पित किया जाता है.
खरना में बनता है गुड़ की खीर का प्रसाद
खरना के दिन विशेष रूप से गुड़ की खीर बनाई जाती है, जिसे रसियाव भी कहते हैं. इसे तैयार करने के लिए चावल, दूध और गुड़ का इस्तेमाल किया जाता है. परंपरा के अनुसार खीर में तुलसी के पत्ते भी डाले जाते हैं. प्रसाद बनाने के दौरान साफ-सफाई और शुद्धता का पूरा ध्यान रखा जाता है. पूजा के बाद सबसे पहले व्रती इस प्रसाद को ग्रहण करते हैं और फिर परिवार के सदस्यों तथा अन्य श्रद्धालुओं में बांटा जाता है.
खरना के दिन इन नियमों का रखें ध्यान
खरना का प्रसाद बनाते समय रसोई और पूजा स्थल को साफ रखना जरूरी माना जाता है. प्रसाद या पूजा सामग्री को छूने से पहले हाथ अच्छी तरह धोने चाहिए. छठ की परंपरा के अनुसार प्याज, लहसुन और तामसिक भोजन से चारों दिन दूरी रखी जाती है. प्रसाद को पहले छठी मैया को अर्पित किया जाता है, फिर व्रती इसे ग्रहण करते हैं. इसके बाद ही परिवार और अन्य लोगों में प्रसाद वितरित किया जाता है.
ये भी पढ़ें- Chhath Puja: छठ महापर्व पर करें सूर्य देव और छठी मैया के इन मंत्रों का जाप, पूरी होंगी मनोकामनाएं