Mirzapur The Film Update: क्राइम, सत्ता, बदले और खून-खराबे की राजनीति पर आधारित वेब सीरीज ‘मिर्जापुर’ ने अपने पहले दो सीजन में दर्शकों के बीच जबरदस्त लोकप्रियता हासिल की थी. गालियां, बंदूकें, सत्ता की भूख और रिश्तों की जटिलता, इन सबका जो मिश्रण इस सीरीज में देखने को मिला, उसने इसे भारतीय ओटीटी की सबसे चर्चित सीरीज में शामिल कर दिया.
अब, सालों बाद मेकर्स इस कहानी को एक नए अंदाज में बड़े पर्दे पर लाने की तैयारी कर चुके हैं. इस फिल्म का नाम रखा गया है ‘मिर्जापुर: द फिल्म’, और इससे जुड़ा एक अहम अपडेट सामने आया है, जिसने फैंस की एक्साइटमेंट और बढ़ा दी है.
‘स्वीटी गुप्ता’ की मौत आज भी फैंस को करती है परेशान
मिर्जापुर के पहले सीजन का एक ऐसा पल, जिसे आज भी दर्शक नहीं भूल पाए हैं, वह है स्वीटी गुप्ता की मौत. सीरीज की शुरुआत में जहां बंदूकों, हिंसा और पावर गेम के बीच गुड्डू पंडित और स्वीटी का सॉफ्ट और मासूम रोमांस दिखाया गया, वहीं शादी के दिन हुआ खौफनाक ट्विस्ट कहानी को पूरी तरह बदल देता है.
मुन्ना त्रिपाठी द्वारा शादी के मंडप में स्वीटी को गोली मार देना न सिर्फ दिल तोड़ देने वाला सीन था, बल्कि यही घटना आगे चलकर गुड्डू के भीतर बदले की आग और मिर्जापुर की खूनखराबे वाली राजनीति को और भी उग्र बना देती है. खास बात यह रही कि स्वीटी उस वक्त प्रेग्नेंट थी, जिससे यह सीन और ज्यादा दर्दनाक बन गया.
आठ साल बाद स्वीटी की वापसी का इशारा
अब सीरीज के प्रीमियर के करीब आठ साल बाद, स्वीटी गुप्ता के किरदार की वापसी को लेकर अटकलें तेज हो गई हैं. इसकी वजह बनी हैं एक्ट्रेस श्रिया पिलगांवकर का सोशल मीडिया पोस्ट. श्रिया ने हाल ही में अपने इंस्टाग्राम अकाउंट पर ‘मिर्जापुर: द फिल्म’ के सेट से एक मजेदार बीटीएस (Behind The Scenes) तस्वीर शेयर की.
तस्वीर में एक फूलों से सजा क्लैपबोर्ड नजर आया, जिस पर साफ तौर पर फिल्म का नाम लिखा था. इसके साथ उन्होंने कैप्शन में लिखा, “8 साल बाद… अंदाजा लगाइए कौन मौत के बाद वापस आया है. मिर्जापुर: द फिल्म की शूटिंग जारी है, जल्द मिलते हैं.” इतना ही नहीं, उन्होंने फिल्म की कास्ट और क्रू के साथ एक ग्रुप फोटो भी शेयर की, जिसने फैंस के बीच चर्चाओं को और हवा दे दी.
क्या वाकई लौटेगी स्वीटी गुप्ता?
श्रिया पिलगांवकर ने मिर्जापुर के पहले सीजन में स्वीटी गुप्ता का किरदार निभाया था, जो गुड्डू पंडित की प्रेमिका और बाद में पत्नी बनी. उनका किरदार भले ही सीजन 1 में खत्म हो गया हो, लेकिन उसकी छाया पूरी सीरीज पर बनी रही.
सीजन 2 में भी स्वीटी की मौजूदगी पूरी तरह खत्म नहीं हुई थी. फ्लैशबैक और सपनों के जरिए वह बार-बार गुड्डू के सामने आती रही, उसके फैसलों और मानसिक संघर्ष को प्रभावित करती रही. ऐसे में अब फिल्म में उनकी वापसी फ्लैशबैक, कल्पना या किसी नए नैरेटिव ट्विस्ट के रूप में हो सकती है. हालांकि मेकर्स ने अभी इस पर कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं की है.
मिर्जापुर: द फिल्म में कौन-कौन आएगा नजर
‘मिर्जापुर: द फिल्म’ का आधिकारिक ऐलान साल 2024 में किया गया था. फिल्म में एक बार फिर दर्शकों को उनके पसंदीदा किरदार देखने को मिलेंगे. इस फिल्म में अली फजल (गुड्डू पंडित), पंकज त्रिपाठी (कालीन भैया) और दिव्येंदु (मुन्ना त्रिपाठी) जैसे दमदार कलाकार अहम भूमिकाओं में नजर आएंगे.
फिल्म का निर्देशन गुरमीत सिंह कर रहे हैं, जबकि इसके निर्माता पुनीत कृष्णा हैं. कहानी को वेब सीरीज की उसी कच्ची, बेरहम और सस्पेंस से भरी दुनिया में आगे बढ़ाया जाएगा, जिसने मिर्जापुर को खास बनाया था.
कब रिलीज हो सकती है मिर्जापुर की फिल्म?
फिलहाल फिल्म की शूटिंग जारी है और रिलीज डेट को लेकर कोई आधिकारिक घोषणा नहीं हुई है. हालांकि इंडस्ट्री से जुड़ी खबरों के मुताबिक, ‘मिर्जापुर: द फिल्म’ साल 2026 में सिनेमाघरों में रिलीज हो सकती है.
ये भी पढ़ें- इंडियन नेवी में नौकरी पाने का सुनहरा मौका! 12वीं पास कर सकते हैं अप्लाई, यहां पढ़ें पूरा क्राइटेरिया