केंद्र सरकार ने जनगणना को लेकर अधिसूचना की जारी, पहले चरण में इन सवालों के देने होंगे जवाब

Census 2027: सरकार ने 2027 की जनगणना को लेकर आधिकारिक अधिसूचना जारी कर दी है. इस अधिसूचना के अनुसार, जनगणना दो चरणों में पूरी की जाएगी. पहले चरण में मकानों की सूचीकरण और गिनती पर ध्यान केंद्रित किया जाएगा, जबकि दूसरे चरण में जनसंख्या की गणना की जाएगी.

Central government issued notification regarding census questions have answered first phase
Image Source: Social Media

Census 2027: सरकार ने 2027 की जनगणना को लेकर आधिकारिक अधिसूचना जारी कर दी है. इस अधिसूचना के अनुसार, जनगणना दो चरणों में पूरी की जाएगी. पहले चरण में मकानों की सूचीकरण और गिनती पर ध्यान केंद्रित किया जाएगा, जबकि दूसरे चरण में जनसंख्या की गणना की जाएगी. मकानों की गिनती के लिए सवालों की प्रारंभिक सूची जारी की गई है, जिसमें कुल 33 सवाल शामिल हैं. बाद में परिवार और व्यक्तियों से जुड़ी जानकारी के लिए अलग से प्रश्नावली जारी की जाएगी.

सरकार ने बताया कि मकानसूचीकरण का उद्देश्य प्रत्येक घर और उसके निवासियों के बारे में सटीक जानकारी एकत्र करना है. इसके लिए सवाल इस प्रकार तैयार किए गए हैं कि मकान और उसमें रहने वाले परिवार की आधारभूत जानकारी हासिल की जा सके.

पहले चरण में पूछे जाने वाले सवाल

मकान सूचीकरण में पूछे जाने वाले सवालों में मकान की भौतिक विशेषताएं, उपयोग और परिवार के बारे में जानकारी शामिल है. कुछ प्रमुख सवाल इस प्रकार हैं:

  • मकान का हाउस नंबर, नगर या स्थानीय प्राधिकरण का नाम और जनगणना संख्या
  • मकान के फर्श में प्रयुक्त मुख्य सामग्री
  • मकान की दीवार में प्रयुक्त प्रमुख सामग्री
  • मकान की छत में प्रयुक्त सामग्री
  • मकान का उपयोग (निवास, व्यवसाय या अन्य)
  • मकान की स्थिति या हालत

इसके अलावा, परिवार के बारे में पूछे जाने वाले सवालों में शामिल हैं:

  • परिवार क्रमांक
  • परिवार में रहने वाले व्यक्तियों की कुल संख्या
  • परिवार के मुखिया का नाम
  • क्या परिवार का मुखिया अनुसूचित जाति, अनुसूचित जनजाति या अन्य वर्ग से है
  • अन्य विवरण और सुविधाओं से जुड़े सवाल

मकान और परिवार की आधारभूत जानकारी के अलावा, जनगणना 2027 में परिवार की जीवनशैली और सुविधाओं से जुड़ी जानकारियां भी जुटाई जाएंगी. इन सवालों में शामिल हैं:

मकान के स्वामित्व की स्थिति

  • परिवार के पास कमरों की संख्या
  • परिवार में रहने वाले विवाहित दंपत्तियों की संख्या
  • पेयजल का मुख्य स्रोत और उसकी उपलब्धता
  • बिजली का मुख्य स्रोत
  • शौचालय की उपलब्धता और प्रकार
  • गंदे पानी की निकासी की व्यवस्था
  • बाथरूम की उपलब्धता
  • रसोईघर की स्थिति और एलपीजी/पीएनजी कनेक्शन की उपलब्धता
  • खाना पकाने के लिए इस्तेमाल होने वाला मुख्य ईंधन

इसके अलावा, परिवार के तकनीकी और परिवहन संबंधी साधनों के बारे में भी जानकारी ली जाएगी, जैसे:

  • रेडियो या ट्रांजिस्टर
  • टेलीविजन
  • इंटरनेट सुविधा
  • लैपटॉप या कंप्यूटर
  • टेलीफोन/मोबाइल फोन/स्मार्टफोन
  • साइकिल, स्कूटर, मोटरसाइकिल या मॉपेड
  • कार, जीप या वैन
  • अंत में, परिवार के आहार और संपर्क संबंधी सवाल भी शामिल हैं:
  • परिवार द्वारा उपभोग किए जाने वाले मुख्य अनाज
  • मोबाइल नंबर

सरकार का उद्देश्य इन सवालों के माध्यम से देश के प्रत्येक घर और उसके निवासियों के बारे में सटीक और विस्तृत आंकड़े जुटाना है. यह आंकड़ा न केवल नीति निर्माण में मदद करेगा, बल्कि विकास योजनाओं और संसाधनों के न्यायसंगत वितरण के लिए भी उपयोगी साबित होगा.

जनगणना 2027 का यह पहला चरण मकानसूचीकरण पर केंद्रित है, और अगले चरण में जनसंख्या की विस्तृत गणना की जाएगी, जिसमें परिवार के प्रत्येक सदस्य की आयु, शिक्षा, रोजगार और अन्य सामाजिक-आर्थिक विवरण शामिल होंगे.

ये भी पढ़ें- Stain Removing Tips: सफेद कपड़े के जिद्दी दाग नहीं मिट रहे, आजमाएं ये घरेलू नुस्खे, मिनटों में हो जाएंगे साफ