भारतीय शिक्षा व्यवस्था में एक नया युग आने वाला है. अब बच्चों का मूल्यांकन सिर्फ रटने और लिखने की क्षमता से नहीं, बल्कि उनकी सोचने, समझने और सीखने की क्षमता से किया जाएगा. केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (CBSE) ने इसके लिए एक विशेष डिजिटल प्लेटफॉर्म तैयार किया है, जो पूरे देश में स्कूलों की आकलन प्रणाली को बदल देगा.
इस बदलाव का लक्ष्य राष्ट्रीय शिक्षा नीति (NEP) 2020 के उस विज़न को साकार करना है, जिसमें “रटने वाली शिक्षा” की बजाय “समझ और प्रयोग” पर ध्यान देने की बात कही गई थी. CBSE का यह डिजिटल प्लेटफॉर्म शिक्षकों को कौशल आधारित मूल्यांकन (Competency-Based Assessment) तैयार करने में मदद करेगा. इसके माध्यम से शिक्षक प्रश्न निर्माण, समीक्षा, विश्लेषण और मूल्यांकन डिज़ाइन के सभी टूल एक ही जगह पा सकेंगे.
शिक्षा प्रणाली में पहले से हो रहे सुधार
CBSE ने पिछले कुछ वर्षों में परीक्षा प्रणाली में कई बदलाव किए हैं. उदाहरण के लिए, कक्षा 10 और 12 के प्रश्नपत्रों में अब आधे प्रश्न ‘कंपीटेंसी-बेस्ड’ होते हैं, जो छात्रों की अवधारणात्मक समझ और वास्तविक जीवन में प्रयोग की क्षमता परखेते हैं. वहीं कक्षा 3, 5 और 8 के लिए SAFAL (Structured Assessment for Analysing Learning) कार्यक्रम चलाया जा रहा है, जो सिर्फ अंक नहीं बल्कि सीखने में अंतर और सुधार के अवसर बताता है.
SQAAF और CEA से बढ़ेगी गुणवत्ता
स्कूल क्वालिटी एसेसमेंट एंड एश्योरेंस फ्रेमवर्क (SQAAF) के तहत स्कूलों को खुद का मूल्यांकन करना होगा और विशेषज्ञ टीम उन्हें जांचेंगी. CBSE ने “Centre of Excellence in Assessment” (CEA) भी स्थापित किया है, जो देशभर के लिए राष्ट्रीय प्रश्न बैंक बनाएगा और उच्च गुणवत्ता वाले मूल्यांकन मानक तय करेगा.
AI तकनीक से होगा आधुनिक मूल्यांकन
यह डिजिटल प्लेटफॉर्म AI और NLP तकनीक से लैस होगा. यह प्रश्नों की मौलिकता, कठिनाई स्तर और निष्पक्षता की जांच करेगा. इसमें प्लेज़रिज्म डिटेक्शन और बायस एनालिसिस जैसी सुविधाएं भी होंगी. देशभर के 27,000 से ज्यादा CBSE स्कूलों के शिक्षक इस प्लेटफॉर्म से जुड़कर प्रश्न तैयार करेंगे और राष्ट्रीय प्रश्न बैंक में योगदान देंगे.
डेटा के माध्यम से सटीक शिक्षा नीति
इस प्रणाली से छात्रों की सीखने की प्रवृत्ति का डेटा मिलेगा. इससे पता चलेगा कि किस विषय में छात्र मजबूत हैं और कहां सुधार की जरूरत है. नीति निर्माता इस डेटा के आधार पर शिक्षा सुधार की दिशा तय कर सकेंगे. विशेषज्ञों का कहना है कि यह पहल भारत में “डेटा-ड्रिवन लर्निंग सिस्टम” की नींव रखेगी. CBSE के एक अधिकारी के अनुसार, “अब परीक्षा याददाश्त की नहीं, सोचने की होगी. यही असली शिक्षा सुधार है.” इस नई प्रणाली से न केवल मूल्यांकन प्रक्रिया बदलेगी, बल्कि छात्रों में रचनात्मकता, तर्कशक्ति और समस्या समाधान की क्षमता भी बढ़ेगी.
यह भी पढ़ें: रेलवे में नौकरी का सपना देख रहे युवाओं के लिए खुशखबरी, NTPC और JE पदों के लिए जल्द शुरू होंगे आवेदन