CBSE Re-evaluation Update: केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (CBSE) के 12वीं कक्षा के पुनर्मूल्यांकन (Re-evaluation) पोर्टल पर छात्रों की बड़ी संख्या में भागीदारी देखने को मिल रही है. बोर्ड के ताजा अपडेट के अनुसार, 2 जून रात 10 बजे तक 28,000 से अधिक विद्यार्थियों ने पुनर्मूल्यांकन के लिए आवेदन दर्ज कर दिए थे.
सीबीएसई ने बताया कि छात्रों से मिले सुझावों और फीडबैक के आधार पर पोर्टल में कई तकनीकी सुधार किए गए हैं. इनमें यूजर अनुभव को बेहतर बनाने के लिए लॉगिन सेशन की अवधि बढ़ाने जैसे बदलाव शामिल हैं. बोर्ड का कहना है कि तकनीकी टीमें लगातार पोर्टल की निगरानी कर रही हैं ताकि छात्रों को सुरक्षित, भरोसेमंद और सुगम ऑनलाइन सुविधा मिल सके.
साइबर हमलों के बावजूद जारी रही प्रक्रिया
इससे पहले बोर्ड ने जानकारी दी थी कि आवेदन प्रक्रिया शुरू होने के कुछ घंटों के भीतर ही 16 हजार से अधिक विद्यार्थियों ने अपने आवेदन जमा कर दिए थे. इसी दौरान पोर्टल को कई साइबर हमलों का भी सामना करना पड़ा.
सीबीएसई के अनुसार, एक समय ऐसा भी आया जब मात्र दो मिनट के भीतर पोर्टल पर लगभग 15 लाख संदिग्ध साइबर हिट दर्ज किए गए. हालांकि सुरक्षा प्रणालियों की मदद से पोर्टल की सेवाएं प्रभावित नहीं हुईं और आवेदन प्रक्रिया सामान्य रूप से जारी रही.
अनुमान से अधिक हो सकते हैं आवेदन
केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान ने पहले कहा था कि पुनर्मूल्यांकन के लिए पात्र छात्रों में से लगभग 20 प्रतिशत या उससे कम विद्यार्थी आवेदन कर सकते हैं. इस आधार पर अनुमानित संख्या करीब 80 हजार बताई गई थी.
CBSE verification & Re-evaluation Portal update
— CBSE HQ (@cbseindia29) June 2, 2026
The portal is currently supporting nearly 14000 concurrent users, with over 28000 successful submissions as of 10 pm today.
Based on student feedback, further improvements—including extended session time limits—have been…
हालांकि आवेदन प्रक्रिया के शुरुआती घंटों में ही बड़ी संख्या में छात्रों द्वारा आवेदन किए जाने के बाद माना जा रहा है कि अंतिम आंकड़ा शुरुआती अनुमानों से अधिक हो सकता है. आवेदन विंडो अभी खुली हुई है, इसलिए आने वाले दिनों में आवेदकों की संख्या और बढ़ सकती है.
कौन कर सकता है पुनर्मूल्यांकन के लिए आवेदन?
वे छात्र जिन्होंने अपनी मूल्यांकित उत्तर पुस्तिकाओं की स्कैन कॉपी प्राप्त कर ली है, पुनर्मूल्यांकन के लिए आवेदन करने के पात्र हैं. आवेदन प्रक्रिया के तहत विद्यार्थियों को पोर्टल पर लॉगिन करना होगा, पहचान सत्यापन की प्रक्रिया पूरी करनी होगी और संबंधित सेवा का चयन करना होगा.
इसके बाद विषय संबंधी जानकारी भरकर निर्धारित शुल्क जमा करना होगा और आवेदन सबमिट करना होगा. बोर्ड ने छात्रों को सलाह दी है कि आवेदन जमा करने से पहले सभी विवरणों की सावधानीपूर्वक जांच कर लें, क्योंकि सबमिट होने के बाद उनमें संशोधन की सुविधा उपलब्ध नहीं होगी.
आधार कार्ड न होने पर क्या विकल्प है?
सीबीएसई ने स्पष्ट किया है कि जिन छात्रों के पास स्वयं का आधार कार्ड उपलब्ध नहीं है, वे सत्यापन के लिए अपने माता-पिता, अभिभावक या किसी करीबी रिश्तेदार के आधार नंबर का उपयोग कर सकते हैं.
हालांकि सत्यापन के दौरान दर्ज की गई जानकारी, जैसे नाम, जन्मतिथि और लिंग, उस व्यक्ति के आधार रिकॉर्ड से मेल खानी चाहिए जिसका आधार नंबर इस्तेमाल किया जा रहा है. इससे सत्यापन प्रक्रिया में किसी प्रकार की परेशानी नहीं होगी.
ये भी पढ़ें- Love Rashifal: इन राशि वालों को मिलेगा क्रश से प्यार, रोमांस से भरा रहेगा दिन, जानें आज का लव राशिफल