कभी किसी की छुट्टी मंज़ूर नहीं होती, तो किसी का प्रमोशन अटक जाता है. लेकिन इसी माहौल के बीच चेन्नई की एक कंपनी ने ऐसा काम किया है जिसे सुनकर कर्मचारी तो खुश हुए ही, पूरा सोशल मीडिया भी दंग रह गया. लोग मज़ाक में कह रहे हैं— "हे भगवान, ऐसा बॉस मेरी किस्मत में भी लिख देना!" वहीं एक यूज़र ने लिखा "पैसा बाद में आता है, दिल बड़ा होना चाहिए."
चेन्नई की जानी-मानी रियल एस्टेट कंपनी कासाग्रैंड (Casagrand) ने इस साल अपने 1000 कर्मचारियों को पूरी तरह फ्री एक हफ्ते की लंदन यात्रा पर भेजने का फैसला किया है. यह कोई प्रतियोगिता या लॉटरी नहीं, बल्कि उनकी पूरे साल की मेहनत का सम्मान है. कंपनी हर साल अपने कर्मचारियों के लिए एक खास प्रोग्राम चलाती है, जिसे वह ‘प्रॉफिट शेयर बोनांजा’ कहती है. इस स्कीम के तहत अब तक 6,000 से ज्यादा कर्मचारियों को सिंगापुर, थाईलैंड, मलेशिया, दुबई और स्पेन जैसी इंटरनेशनल डेस्टिनेशन्स की सैर कराई जा चुकी है. सोशल मीडिया पर लोग इस कंपनी को “सपने पूरे करने वाली रियल एस्टेट कंपनी” भी कह रहे हैं.
लंदन ट्रिप में क्या मिलेगा?
कंपनी भारत और दुबई के 1000 कर्मचारियों को कई बैचों में लंदन लेकर जाएगी. वहां उनके ठहरने और घूमने-फिरने का इंतज़ाम किसी शाही ट्रीटमेंट से कम नहीं होगा.
लंदन ट्रिप में शामिल हैं
• विंडसर कैसल
• कैमडेन मार्केट
• बिग बेन
• बकिंघम पैलेस
• लंदन ब्रिज
• मैडम तुसाद म्यूजियम इसके अलावा कर्मचारियों के लिए इंटरकॉन्टिनेंटल लंदन होटल में ग्रैंड डिनर पार्टी और आखिरी दिन थेम्स रिवर क्रूज़ का खास अनुभव भी शामिल है. कंपनी के फाउंडर और एमडी अरुण एमएन ने कहा कि उनकी टीम ही असल में कंपनी की "आत्मा" है. उनके मुताबिक, कई स्टाफ पहली बार विदेश जा रहे हैं और उनके चेहरे की खुशी कंपनी के लिए सबसे बड़ा गर्व है. खास बात यह है कि ट्रिप में किसी तरह का भेदभाव नहीं—हर किसी को समान सुविधाएं और VIP सेवाएं मिलेंगी.
सोशल मीडिया पर मिला मिला-जुला रिएक्शन
जहां कई यूज़र्स कंपनी की दरियादिली की तारीफ कर रहे हैं, वहीं कुछ लोग नाराज भी दिखे. कुछ ग्राहकों का आरोप है कि कंपनी अपने कई प्रोजेक्ट्स पर समय से घर नहीं दे पा रही है और उनकी पेमेंट फंसी हुई है.एक यूज़र ने लिखा “हमारा घर 2023 में देना था, 95% पेमेंट ले लिया और अभी तक दिया नहीं. हमारे पैसों से ट्रिप करवा रहे हैं”इसलिए कंपनी के इस कदम पर सोशल मीडिया दो हिस्सों में बंट गया है. एक तरफ खुशी और तारीफ, दूसरी तरफ नाराजगी और शिकायतें.
यह भी पढ़ें: कृष्ण की करुणा और कर्तव्यपथ ही भारत की शक्ति, कर्नाटक में आध्यात्मिक आभा से जगमगाया कार्यक्रम, PM मोदी ने कही ये बात