Hardik Pandya Trade: आईपीएल के अगले सीजन से पहले ट्रेड को लेकर चर्चाएं तेज हो गई हैं. खबर है कि मुंबई इंडियंस अपने कप्तान हार्दिक पंड्या को ट्रेड करने पर विचार कर रही है. हार्दिक को अपनी टीम में शामिल करने के लिए कई फ्रेंचाइजी दिलचस्पी दिखा रही हैं, जिनमें अब दिल्ली कैपिटल्स का नाम भी जुड़ गया है.
इससे पहले चेन्नई सुपर किंग्स के साथ भी हार्दिक को लेकर बातचीत की खबरें सामने आई थीं, लेकिन दोनों टीमों के बीच बात नहीं बन सकी.
दिल्ली ने दिया बड़ा ऑफर
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक दिल्ली कैपिटल्स ने हार्दिक पंड्या के बदले अपने कप्तान अक्षर पटेल और बल्लेबाज पृथ्वी शॉ का ऑफर दिया है.
अब सभी की नजर मुंबई इंडियंस पर है कि वह इस प्रस्ताव को स्वीकार करती है या फिर किसी और खिलाड़ी की मांग रखती है.
CSK के साथ क्यों नहीं बनी बात?
रिपोर्ट्स के अनुसार, दिल्ली से पहले चेन्नई सुपर किंग्स भी हार्दिक को अपनी टीम में लाना चाहती थी. बताया जा रहा है कि सीएसके ने शिवम दुबे, डेवाल्ड ब्रेविस और 10 करोड़ रुपये का ऑफर दिया था. हालांकि मुंबई इंडियंस ने इसके बदले आयुष म्हात्रे को भी शामिल करने की मांग रखी.
सीएसके भविष्य को देखते हुए आयुष म्हात्रे को छोड़ना नहीं चाहती थी. इसी वजह से दोनों टीमों के बीच यह ट्रेड नहीं हो सका.
मुंबई हार्दिक को ट्रेड क्यों करना चाहती है?
हार्दिक पंड्या दो सीजन पहले गुजरात टाइटंस से मुंबई इंडियंस में लौटे थे. गुजरात की कप्तानी में उन्होंने टीम को पहले ही सीजन में चैंपियन बनाया था और अगले साल फाइनल तक पहुंचाया था.
लेकिन मुंबई इंडियंस में उनकी कप्तानी उम्मीदों पर खरी नहीं उतर सकी. पिछले दो सीजन में टीम का प्रदर्शन निराशाजनक रहा. इसके अलावा टीम के अंदर मतभेद और हार्दिक के खराब फॉर्म की खबरों ने भी चर्चा बटोरी. इसी वजह से माना जा रहा है कि मुंबई अब टीम में बदलाव करना चाहती है.
तिलक वर्मा को मिल सकती है बड़ी जिम्मेदारी
अगर हार्दिक पंड्या का ट्रेड होता है, तो मुंबई इंडियंस के पास युवा बल्लेबाज तिलक वर्मा कप्तानी का मजबूत विकल्प हो सकते हैं.
हालांकि अभी तक किसी भी टीम या आईपीएल की ओर से इस ट्रेड को लेकर आधिकारिक घोषणा नहीं की गई है. फिलहाल सभी चर्चाएं मीडिया रिपोर्ट्स के आधार पर हैं और अंतिम फैसला आने वाले समय में साफ होगा.
ये भी पढ़ें- चीन ने सीमा के पास तैनात किए J-20 स्टील्थ फाइटर जेट, क्या राफेल दे पाएगा टक्कर? जानिए दोनों की ताकत