Canada vs Bosnia and Herzegovina Highlights: फीफा वर्ल्ड कप 2026 में मेजबान कनाडा को अपने पहले मुकाबले में जीत नहीं मिल सकी. ग्रुप बी के मैच में कनाडा और बोस्निया एवं हर्जेगोविना के बीच खेला गया मुकाबला 1-1 की बराबरी पर समाप्त हुआ. इस नतीजे के साथ दोनों टीमों को एक-एक अंक मिला.
यह मुकाबला कई मायनों में ऐतिहासिक रहा, क्योंकि फीफा विश्व कप के इतिहास में पहली बार कनाडा की धरती पर कोई मैच खेला गया. इस बार विश्व कप की मेजबानी कनाडा, अमेरिका और मेक्सिको संयुक्त रूप से कर रहे हैं.
बोस्निया ने किया पहला गोल
विश्व रैंकिंग में 63वें स्थान पर मौजूद बोस्निया एवं हर्जेगोविना ने मुकाबले की शानदार शुरुआत की. टीम को 19वें मिनट में बढ़त मिली, जब जोवो लूकिच ने गोल दागकर स्कोर 1-0 कर दिया. हालांकि शुरुआती बढ़त मिलने के बावजूद बोस्निया को पूरे मैच में कनाडा के दबाव का सामना करना पड़ा.
कनाडा का रहा दबदबा
मैच के अधिकांश समय गेंद पर कनाडाई खिलाड़ियों का नियंत्रण रहा. आंकड़ों के अनुसार, कनाडा के पास करीब 61 प्रतिशत समय तक बॉल रही. टीम ने कई आक्रामक मूव बनाए और कुल 13 बार विपक्षी डी में पहुंचकर गोल करने की कोशिश की, जबकि बोस्निया केवल 8 बार ऐसा कर सका. दूसरे हाफ में बोस्निया की टीम अधिकतर समय रक्षात्मक रणनीति अपनाती नजर आई, वहीं कनाडा लगातार बराबरी के गोल की तलाश में हमले करता रहा.
लारिन ने दिलाई बराबरी
कनाडा के लगातार प्रयासों का परिणाम 78वें मिनट में मिला, जब क्रिस्टोफर लारिन ने शानदार गोल कर स्कोर 1-1 कर दिया. इसके बाद दोनों टीमों ने जीत हासिल करने की कोशिश की, लेकिन निर्धारित समय तक कोई और गोल नहीं हो सका.
ग्रुप बी में दोनों टीमों को मिला एक अंक
ड्रॉ के साथ कनाडा और बोस्निया एवं हर्जेगोविना ने अपने अभियान की शुरुआत एक-एक अंक के साथ की. ग्रुप बी में इनके अलावा स्विट्जरलैंड और कतर की टीमें भी शामिल हैं.
विश्व कप में कनाडा की तीसरी मौजूदगी
कनाडा का यह फीफा विश्व कप इतिहास में केवल तीसरा अवसर है. इससे पहले टीम ने 1986 और 2022 के संस्करणों में हिस्सा लिया था, लेकिन दोनों बार ग्रुप चरण से आगे नहीं बढ़ सकी थी. ऐसे में मेजबान टीम इस बार घरेलू दर्शकों के सामने बेहतर प्रदर्शन की उम्मीद लेकर मैदान में उतरी है.
ये भी पढ़ें- असम में भारतीय वायुसेना का विमान क्रैश, लैंडिंग के दौरान AN-32 ट्रांसपोर्ट एयरक्राफ्ट में हुआ हादसा