Cabinet Meeting: संसद के आगामी मानसून सत्र से पहले भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने अपनी राजनीतिक और संसदीय रणनीति को अंतिम रूप देने की कवायद तेज कर दी है. इसी क्रम में बुधवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सरकारी आवास पर पार्टी के शीर्ष नेतृत्व की एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई. इस बैठक में केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह, भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन और पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव (संगठन) बी.एल. संतोष मौजूद रहे. हालांकि बैठक में किन मुद्दों पर चर्चा हुई, इसे लेकर पार्टी की ओर से कोई आधिकारिक जानकारी साझा नहीं की गई है, लेकिन इसे संसद सत्र से पहले की अहम रणनीतिक बैठक माना जा रहा है.
यह बैठक ऐसे समय हुई है जब संसद का मानसून सत्र 20 जुलाई से शुरू होकर 13 अगस्त तक चलेगा. इस दौरान केंद्र सरकार कई महत्वपूर्ण विधेयक पेश कर सकती है, जबकि विपक्ष भी विभिन्न राष्ट्रीय और राजनीतिक मुद्दों पर सरकार को घेरने की तैयारी में है. ऐसे में सत्र के दौरान सरकार की रणनीति, विधायी एजेंडा और विपक्ष के सवालों का जवाब देने की तैयारी को लेकर शीर्ष नेतृत्व ने मंथन किया. प्रधानमंत्री आवास पर हुई इस अहम बैठक में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के अलावा केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह, भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन और संगठन महासचिव बी.एल. संतोष शामिल हुए. पार्टी के संगठन और संसदीय प्रबंधन से जुड़े शीर्ष नेताओं की मौजूदगी को देखते हुए माना जा रहा है कि आगामी सत्र के लिए व्यापक रणनीति पर चर्चा हुई.
ये भी पढ़ें- Rajasthan News : राजस्थान विधानसभा के 75 वर्ष पूरे, CM भजनलाल का बड़ा बयान | Hindi News