Neymar, FIFA World Cup 2026: फीफा वर्ल्ड कप 2026 के आगाज से पहले ब्राजील की टीम को अपने स्टार खिलाड़ी नेमार की फिटनेस को लेकर चिंता का सामना करना पड़ रहा है. काफ इंजरी से जूझ रहे नेमार अभी पूरी तरह फिट नहीं हो पाए हैं और इसी वजह से वह टीम के शुरुआती मुकाबले में मैदान पर नजर नहीं आएंगे.
ब्राजीलियन फुटबॉल कन्फेडरेशन (CBF) का कहना है कि नेमार तेजी से रिकवरी कर रहे हैं और उनकी स्थिति में लगातार सुधार हो रहा है. हालांकि टीम प्रबंधन फिलहाल उनकी वापसी को लेकर कोई जल्दबाजी नहीं करना चाहता.
मोरक्को के खिलाफ नहीं खेलेंगे नेमार
ब्राजील का पहला मुकाबला शनिवार को न्यू जर्सी में मोरक्को के खिलाफ खेला जाएगा, लेकिन इस मैच में नेमार उपलब्ध नहीं रहेंगे. टीम के मुख्य कोच कार्लो एंसेलोटी ने भी पुष्टि की है कि स्टार फॉरवर्ड अभी मैच खेलने की स्थिति में नहीं हैं. एंसेलोटी ने बताया कि नेमार की रिकवरी सकारात्मक दिशा में आगे बढ़ रही है, लेकिन उन्हें मैदान पर लौटने के लिए अभी और समय की जरूरत है.
ग्रुप स्टेज के मैच भी कर सकते हैं मिस
ब्राजील को ग्रुप एफ में अपने अगले मुकाबले 19 जून को हैती और 24 जून को स्कॉटलैंड के खिलाफ खेलने हैं. हालांकि कोच ने इन मैचों में भी नेमार की उपलब्धता को लेकर कोई निश्चित आश्वासन नहीं दिया है.
34 वर्षीय सैंटोस स्ट्राइकर शुक्रवार को भी टीम ट्रेनिंग का हिस्सा नहीं बने. वर्ल्ड कप टीम में शामिल किए जाने के बाद से उन्होंने अब तक कोई प्रतिस्पर्धी मुकाबला नहीं खेला है.
वार्म-अप मैचों से भी रहे बाहर
चोट के कारण नेमार ब्राजील के वार्म-अप मुकाबलों में भी हिस्सा नहीं ले सके थे. वह पनामा और मिस्र के खिलाफ खेले गए अभ्यास मैचों में भी टीम का हिस्सा नहीं थे.
अनुभव के कारण टीम में शामिल
फिटनेस को लेकर सवालों के बावजूद कार्लो एंसेलोटी ने नेमार को टीम में शामिल रखने के फैसले का समर्थन किया है. उनके अनुसार नेमार सिर्फ मैदान पर ही नहीं, बल्कि ड्रेसिंग रूम में भी टीम के लिए बेहद महत्वपूर्ण हैं. एंसेलोटी ने कहा कि नेमार युवा खिलाड़ियों के लिए प्रेरणा और मार्गदर्शक की भूमिका निभा सकते हैं.
उनका अनुभव टीम के लिए अमूल्य है, खासकर तब जब ब्राजील रिकॉर्ड छठे विश्व कप खिताब की तलाश में मैदान पर उतर रहा है. गौरतलब है कि एंसेलोटी ब्राजील की पुरुष फुटबॉल टीम का नेतृत्व करने वाले पहले गैर-ब्राजीलियाई मुख्य कोच हैं और उनकी निगाहें टीम को एक और विश्व कप जीत दिलाने पर टिकी हैं.
ये भी पढ़ें- Jorhat Plane Crash: AN-32 हादसे में IAF के 5 जवान शहीद, एक पायलट का इलाज जारी, जांच के आदेश