हिंदी सिनेमा की सबसे यादगार वॉर फिल्मों में शुमार ‘बॉर्डर’ एक बार फिर बड़े पर्दे पर वापसी करने जा रही है. सनी देओल की इस आइकॉनिक फिल्म के सीक्वल ‘बॉर्डर 2’ को लेकर दर्शकों में जबरदस्त उत्साह है. इसी बीच फिल्म का पहला गीत ‘घर कब आओगे’ शुक्रवार को रिलीज किया गया, जिसने रिलीज होते ही भावनाओं को छू लिया.
इस गाने की लॉन्चिंग राजस्थान के जैसलमेर स्थित लोंगेवाला में एक खास कार्यक्रम के दौरान की गई. इस मौके पर सनी देओल के साथ वरुण धवन और अहान शेट्टी भी मौजूद रहे. खास बात यह रही कि इस इवेंट में भारतीय सेना के जवानों की मौजूदगी ने माहौल को और भावुक बना दिया.
‘संदेशे आते हैं’ की याद दिलाता है नया गीत
‘घर कब आओगे’ गीत दरअसल 1997 की फिल्म ‘बॉर्डर’ के सुपरहिट गीत ‘संदेशे आते हैं’ का नया रूप है. यह गीत सैनिकों की भावनाओं, उनके त्याग और परिवार से दूर रहने के दर्द को बेहद संवेदनशील तरीके से दर्शाता है. लॉन्च इवेंट के दौरान फिल्म की पूरी टीम ने अपने अनुभव साझा किए और सेना के जवानों को सम्मानित भी किया गया.
#WATCH | Jaisalmer, Rajasthan | At the 'Ghar Kab Aaoge' song launch event of the film 'Border 2' at the frontier Tanot area of Jaisalmer, actor Sunny Deol says, "... I did 'Border' because when I watched my father's (Dharmendra) film 'Haqeeqat', I loved it deeply. I was a child… pic.twitter.com/FgfqiesMIt
— ANI (@ANI) January 2, 2026
पिता धर्मेंद्र को याद कर भावुक हुए सनी देओल
इवेंट के दौरान सनी देओल खुद को भावनाओं से रोक नहीं पाए. उन्होंने मंच से अपने पिता और दिग्गज अभिनेता धर्मेंद्र को याद किया और बताया कि ‘बॉर्डर’ जैसी फिल्म करने की प्रेरणा उन्हें अपने पिता से ही मिली थी.सनी ने कहा कि बचपन में जब उन्होंने धर्मेंद्र की फिल्म ‘हकीकत’ देखी थी, तभी उनके मन में देशभक्ति से जुड़ी फिल्म करने की इच्छा जागी थी. उन्होंने बताया कि जब वे अभिनेता बने, तब उन्होंने भी अपने पिता की तरह एक ऐसी ही यादगार फिल्म करने का सपना देखा.
‘बॉर्डर’ ने युवाओं में भरा सेना के प्रति जज़्बा
सनी देओल ने यह भी साझा किया कि निर्देशक जेपी दत्ता के साथ मिलकर उन्होंने लोंगेवाला युद्ध की कहानी को पर्दे पर उतारने का फैसला किया था. यह कहानी सिर्फ एक युद्ध नहीं, बल्कि देशभक्ति और बलिदान की मिसाल है.सनी ने कहा कि उन्हें इस बात का अंदाजा नहीं था कि ‘बॉर्डर’ युवाओं पर इतना गहरा असर छोड़ेगी. उन्होंने बताया कि आज भी जहां भी वे जाते हैं, कई सैनिक उनसे कहते हैं कि उन्होंने यह फिल्म देखकर ही भारतीय सेना में भर्ती होने का निर्णय लिया था.
1997 में रिलीज हुई थी सुपरहिट फिल्म ‘बॉर्डर’
जेपी दत्ता के निर्देशन में बनी ‘बॉर्डर’ साल 1997 में रिलीज हुई थी. यह फिल्म 1971 के भारत-पाक युद्ध के दौरान हुए लोंगेवाला युद्ध पर आधारित थी. फिल्म की शूटिंग राजस्थान के बीकानेर इलाके में की गई थी और इसे तैयार होने में करीब एक साल का समय लगा था.फिल्म में सनी देओल के साथ सुनील शेट्टी, अक्षय खन्ना, सुदेश बेरी, पुनीत इस्सर, कुलभूषण खरबंदा और जैकी श्रॉफ जैसे कलाकार नजर आए थे. वहीं तब्बू, पूजा भट्ट, राखी गुलजार और शरबानी मुखर्जी ने अहम महिला भूमिकाएं निभाई थीं. बॉक्स ऑफिस पर यह फिल्म ब्लॉकबस्टर साबित हुई थी और आज भी देशभक्ति फिल्मों की सूची में खास स्थान रखती है.
यह भी पढ़ें: ये मेरे लिए इमोशनल दिन... Border 2 के गाने ‘घर कब आओगे’ के लॉन्च पर बोले सोनू निगम, जानें क्या कहा