पटियाला (पंजाब): पंजाब के पटियाला जिले में देर रात एक जोरदार धमाके से हड़कंप मच गया. यह विस्फोट राजपुरा और शंभू रेलवे स्टेशनों के बीच स्थित डेडिकेटेड फ्रेट कॉरिडोर (DFCCI) की लाइन पर हुआ. धमाका इतना तेज था कि इसकी आवाज दूर-दराज के इलाकों तक सुनाई दी, जिससे आसपास के लोगों में दहशत का माहौल बन गया.
सूचना मिलते ही रेलवे सुरक्षा बल (RPF), सरकारी रेलवे पुलिस और स्थानीय पुलिस की टीमें मौके पर पहुंच गईं. वरिष्ठ अधिकारी भी भारी सुरक्षा बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे और पूरे क्षेत्र को घेर लिया गया.
फिलहाल किसी तरह के जान-माल के नुकसान की पुष्टि नहीं हुई है, लेकिन एहतियात के तौर पर इलाके को पूरी तरह सील कर दिया गया है और हर आने-जाने वाले पर नजर रखी जा रही है.
बड़ी साजिश की आशंका, जांच तेज
रेलवे ट्रैक पर हुए इस धमाके को गंभीरता से लिया जा रहा है. शुरुआती तौर पर इसे किसी बड़ी साजिश या ट्रैक को नुकसान पहुंचाने की कोशिश से जोड़कर देखा जा रहा है. खुफिया एजेंसियां भी अलर्ट मोड पर हैं और यह पता लगाने में जुटी हैं कि घटना के पीछे कोई संगठित योजना तो नहीं थी.
सुरक्षा एजेंसियां आसपास के इलाकों में सर्च ऑपरेशन चला रही हैं और स्थानीय लोगों से पूछताछ की जा रही है ताकि घटना के बारे में कोई ठोस सुराग मिल सके.
गुरदासपुर में भी मिली संदिग्ध वस्तु
इसी बीच गुरदासपुर से भी एक चिंताजनक खबर सामने आई. सोमवार शाम गीता मंदिर रोड स्थित बाजार में एक संदिग्ध वस्तु मिलने से अफरा-तफरी मच गई. स्थानीय लोगों के मुताबिक, बाइक सवार कुछ अज्ञात व्यक्ति दुकान के बाहर कोई वस्तु फेंककर फरार हो गए.
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और पूरे इलाके को घेर लिया गया. जांच के दौरान यह पता लगाया जा रहा है कि वह वस्तु विस्फोटक थी या नहीं. मामले में पुलिस आसपास के लोगों से पूछताछ कर रही है.
पहले भी हो चुकी हैं ऐसी घटनाएं
गौरतलब है कि इससे पहले भी फतेहगढ़ साहिब जिले में मालगाड़ी लाइन पर धमाके की घटना सामने आ चुकी है. सरहिंद इलाके में देर रात हुए उस विस्फोट में रेलवे ट्रैक का एक बड़ा हिस्सा क्षतिग्रस्त हो गया था और वहां से गुजर रही मालगाड़ी का इंजन भी प्रभावित हुआ था. इस हादसे में लोको पायलट घायल हो गया था.
ये भी पढ़ें- IPL 2026: पर्पल कैप की रेस में भुवनेश्वर कुमार सबसे आगे, ऑरेंज कैप पर किस बल्लेबाज ने किया कब्जा?