Rajasthan BJP News: राजस्थान में नगर निकाय चुनाव 2026 को लेकर बीजेपी ने अपना नगरीय विकास संकल्प पत्र जारी कर दिया है. मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने जयपुर में यह संकल्प पत्र जारी किया. बीजेपी ने इसे प्रदेश के 309 नगरीय निकायों को ध्यान में रखकर तैयार किया है. इसमें अगले पांच साल में शहरों के विकास और लोगों की सुविधाओं से जुड़े कई बड़े काम करने का वादा किया गया है.
संकल्प पत्र जारी करते हुए मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने कहा कि विकसित भारत का सपना शहरों के विकास के बिना पूरा नहीं हो सकता. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में नगरीय क्षेत्रों का तेजी से विकास हो, इसी सोच के साथ बीजेपी यह संकल्प पत्र जनता के सामने लेकर जा रही है. उन्होंने कहा कि सरकार ने जो वादे किए हैं, उन्हें पूरा करने का काम भी किया है.
बिजली-पानी, सड़क और सफाई पर जोर
बीजेपी के संकल्प पत्र में शहरों की बुनियादी सुविधाओं को बेहतर बनाने पर खास जोर दिया गया है. अगले पांच साल में बिजली, पानी, सड़क, चिकित्सा और शिक्षा की सुविधाओं को मजबूत करने की बात कही गई है. शहरों में कचरे का वैज्ञानिक तरीके से निस्तारण किया जाएगा और पुरानी सीवरेज लाइनों को बदलने का वादा किया गया है.
इलेक्ट्रिक वाहनों को बढ़ावा देने के लिए ई-चार्जिंग स्टेशन बनाए जाएंगे. पर्यावरण को बेहतर बनाने के लिए भी काम किया जाएगा. इसके अलावा शहरों के पर्यटन स्थलों को विकसित करने और सार्वजनिक परिवहन व्यवस्था को सुधारने की योजना बनाई गई है.
जिलों और संभाग स्तर पर रिंग रोड बनाने का भी प्रावधान किया गया है. इससे शहरों में यातायात का दबाव कम करने और आने-जाने की व्यवस्था को बेहतर बनाने में मदद मिलने की उम्मीद है. छोटे दुकानदारों और वेंडर्स के लिए भी अलग योजनाएं शुरू करने की बात कही गई है.
माननीय मुख्यमंत्री श्री @BhajanlalBjp की उपस्थिति में 'विकसित शहर, विकसित राजस्थान’ के संकल्प को साकार करने और प्रदेश के शहरों को आधुनिक, स्वच्छ, सुरक्षित एवं सुविधायुक्त बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बढ़ाते हुए नगर निकाय चुनाव-2026 के लिए आज भाजपा का संकल्प पत्र जारी किया।… pic.twitter.com/z7roPtBULe
— BJP Rajasthan (@BJP4Rajasthan) September 2, 2026
अभय कमांड सेंटर से लेकर खाली पद भरने तक का वादा
संकल्प पत्र में सुरक्षा और प्रशासन से जुड़े मुद्दों को भी जगह दी गई है. अभय कमांड सेंटर को आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस यानी एआई से जोड़ने की योजना है. इसके अलावा नगरीय निकायों में खाली पड़े पदों को भरने का वादा किया गया है.
मुख्यमंत्री ने मेडिकल कॉलेजों में सुपर स्पेशलिस्ट सेवाओं का विस्तार करने की बात भी कही. वहीं शहरों में पर्यावरण सुधार, पर्यटन और निकायों की व्यवस्था को मजबूत करने पर सरकार का जोर रहेगा.
सीएम बोले- 78 फीसदी पुराने वादे पूरे
मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने अपनी सरकार के पिछले करीब ढाई साल के काम भी गिनाए. उन्होंने कहा कि बीजेपी करीब 32 महीने पहले अपने संकल्प पत्र के साथ सरकार में आई थी और उसमें किए गए 78 फीसदी वादे अब तक पूरे किए जा चुके हैं.
मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार ने जनप्रतिनिधियों को 28 करोड़ रुपये देने का काम किया है. उन्होंने यह भी कहा कि राजस्थान अब दूसरे राज्यों को बिजली देने की स्थिति में काम कर रहा है. अगले पांच साल के लिए बिजली, पानी, सड़क, चिकित्सा और शिक्षा जैसे मुद्दों को नए संकल्प पत्र में प्राथमिकता दी गई है.
कांग्रेस पर भी सीएम का हमला
संकल्प पत्र जारी करने के दौरान मुख्यमंत्री ने कांग्रेस पर भी निशाना साधा. उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस के शासन में निकाय और पंचायत चुनावों को लंबे समय तक टाला जाता था, जिससे जनता के पैसे की बर्बादी होती थी. उन्होंने कहा कि बीजेपी सरकार ‘वन स्टेट, वन इलेक्शन’ की दिशा में आगे बढ़ी है. इससे चुनाव कराने में लगने वाला समय और पैसा बचाने का दावा किया गया.
भजनलाल शर्मा ने कहा कि विधानसभा में कांग्रेस से दो साल बनाम पांच साल के काम का प्रपत्र मांगा गया था, लेकिन कांग्रेस ने इसे नहीं दिया. उन्होंने कांग्रेस पर भ्रष्टाचार और तुष्टिकरण की राजनीति करने का आरोप भी लगाया.
‘कांग्रेस ने युवाओं के सपनों को रौंदा’
मुख्यमंत्री ने कहा कि कांग्रेस ने युवाओं के सपनों को रौंदने का काम किया. उन्होंने यमुना के पानी का मुद्दा उठाते हुए कहा कि कांग्रेस के समय कहा जाता था कि राजस्थान में यमुना का पानी नहीं आ सकता, लेकिन अब यमुना का पानी प्रदेश में आ रहा है.
उन्होंने कहा कि बीजेपी सरकार शहरों के विकास के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है. अब यह नगरीय विकास संकल्प पत्र नगर निकाय चुनाव में जनता के बीच ले जाया जाएगा. इसमें शहरों की बुनियादी सुविधाओं के साथ सड़क, बिजली, पानी, चिकित्सा, शिक्षा, परिवहन, पर्यावरण, पर्यटन और शहरी व्यवस्था से जुड़े मुद्दों को प्रमुखता दी गई है.
ये भी पढ़ें- राम मंदिर ट्रस्ट में होंगे 3 नए ट्रस्टी, इन नामों पर लगी मुहर, देखें पूरी लिस्ट