BJP के 'नबीन' अध्यक्ष बने नितिन, PM मोदी ने कहा- मैं कार्यकर्ता, ये मेरे बॉस

BJP New President: लंबे समय से चल रहे कयासों पर आखिरकार विराम लग गया है. भारतीय जनता पार्टी को आज मंगलवार को नया राष्ट्रीय अध्यक्ष मिल गया. पार्टी ने औपचारिक रूप से नितिन नबीन के नाम का ऐलान करते हुए उन्हें बीजेपी की कमान सौंप दी है.

BJP President Nitin Nabin PM Modi Says I am Worker he is my boss
Image Source: Social Media

BJP New President: लंबे समय से चल रहे कयासों पर आखिरकार विराम लग गया है. भारतीय जनता पार्टी को आज मंगलवार को नया राष्ट्रीय अध्यक्ष मिल गया. पार्टी ने औपचारिक रूप से नितिन नबीन के नाम का ऐलान करते हुए उन्हें बीजेपी की कमान सौंप दी है. इससे पहले वह निर्विरोध राष्ट्रीय अध्यक्ष चुने गए थे. खास बात यह है कि नितिन नबीन इस पद पर पहुंचने वाले अब तक के सबसे युवा नेताओं में शामिल हो गए हैं.

नितिन नबीन ने जेपी नड्डा की जगह ली है, जो वर्ष 2020 से पार्टी अध्यक्ष की जिम्मेदारी निभा रहे थे. बिहार की राजनीति से उभरे नबीन पांच बार विधायक रह चुके हैं और राष्ट्रीय अध्यक्ष पद के लिए वह एकमात्र उम्मीदवार थे. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी समेत पार्टी के तमाम वरिष्ठ नेताओं ने उनके समर्थन में नामांकन दाखिल किया था. इसके साथ ही वह बीजेपी के 12वें राष्ट्रीय अध्यक्ष बन गए हैं.

अध्यक्ष बनने पर पीएम मोदी की बधाई

नितिन नबीन के अध्यक्ष पद संभालने पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने उन्हें शुभकामनाएं दीं. पीएम मोदी ने कहा कि दुनिया की सबसे बड़ी राजनीतिक पार्टी का नेतृत्व संभालना गौरव और बड़ी जिम्मेदारी दोनों है. उन्होंने बताया कि संगठन पर्व की पूरी प्रक्रिया लोकतांत्रिक तरीके से पार्टी संविधान की भावना के अनुरूप पूरी की गई और आज उसका औपचारिक समापन हुआ. प्रधानमंत्री ने हल्के-फुल्के अंदाज में यह भी कहा कि अब नितिन नबीन उनके “बॉस” हैं और वह स्वयं पार्टी के कार्यकर्ता के रूप में उनके साथ काम करेंगे.

जेपी नड्डा ने बताया ऐतिहासिक पल

निवर्तमान राष्ट्रीय अध्यक्ष और केंद्रीय मंत्री जेपी नड्डा ने भी नितिन नबीन को नई जिम्मेदारी के लिए बधाई दी. उन्होंने इसे पार्टी के लिए ऐतिहासिक क्षण बताते हुए कहा कि एक युवा, ऊर्जावान और प्रतिभाशाली नेता आज बीजेपी जैसे विशाल संगठन का नेतृत्व संभाल रहा है. नड्डा ने करोड़ों कार्यकर्ताओं की ओर से नबीन को शुभकामनाएं देते हुए विश्वास जताया कि पार्टी उनके नेतृत्व में नई ऊंचाइयों को छुएगी.

निर्विरोध चुने गए नितिन नबीन

राष्ट्रीय अध्यक्ष पद के चुनाव की प्रक्रिया के तहत निर्वाचन अधिकारी के. लक्ष्मण ने पहले ही स्पष्ट कर दिया था कि इस पद के लिए केवल नितिन नबीन का ही नामांकन आया है. उनके समर्थन में कुल 37 नामांकन सेट दाखिल किए गए थे, जिन्हें वैध पाया गया. इनमें से 36 नामांकन पार्टी की विभिन्न प्रदेश इकाइयों की ओर से थे, जबकि एक नामांकन बीजेपी संसदीय दल की तरफ से किया गया. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के अलावा केंद्रीय मंत्री अमित शाह, राजनाथ सिंह और नितिन गडकरी जैसे वरिष्ठ नेताओं ने भी प्रस्तावकों के रूप में नामांकन पर हस्ताक्षर किए.

पार्टी और नबीन का खास संयोग

बीजेपी की स्थापना वर्ष 1980 में हुई थी और संयोग से इसी साल नितिन नबीन का जन्म भी हुआ था. वह एक राजनीतिक परिवार से ताल्लुक रखते हैं. उनके पिता नवीन किशोर प्रसाद सिन्हा भी बीजेपी के वरिष्ठ नेता रहे और बिहार विधानसभा में चार बार विधायक चुने गए थे. पिता के निधन के बाद नितिन नबीन ने 2006 में सक्रिय राजनीति में कदम रखा और पटना पश्चिम से उपचुनाव जीतकर पहली बार विधायक बने. बाद में वह बांकीपुर विधानसभा क्षेत्र से चुनाव लड़ते रहे और 2010, 2015, 2020 और 2025 में लगातार जीत दर्ज कर पांच बार विधायक बनने का रिकॉर्ड बनाया.

मंत्री से राष्ट्रीय अध्यक्ष तक का सफर

नितिन नबीन बिहार सरकार में कानून एवं न्याय, शहरी विकास और आवास जैसे अहम मंत्रालयों की जिम्मेदारी संभाल चुके हैं. संगठन में उनकी सक्रिय भूमिका को देखते हुए उन्हें पिछले साल दिसंबर में बीजेपी का कार्यकारी अध्यक्ष नियुक्त किया गया था. अब राष्ट्रीय अध्यक्ष के तौर पर उनके सामने संगठन को मजबूत करने और आगामी चुनावी चुनौतियों का नेतृत्व करने की बड़ी जिम्मेदारी है. नए अध्यक्ष के चयन के साथ ही बीजेपी के संगठनात्मक सफर में एक नया अध्याय शुरू हो गया है, जिस पर अब पूरे देश की निगाहें टिकी हैं.

यह भी पढ़ें: Republic Day Traffic Advisory 2026: दिल्ली पुलिस ने जारी की ट्रैफिक एडवाइजरी, पहले ही जान लें जरूरी गाइडलाइन