Republic Day Traffic Advisory 2026: दिल्ली पुलिस ने जारी की ट्रैफिक एडवाइजरी, पहले ही जान लें जरूरी गाइडलाइन

Republic Day Traffic Advisory 2026: गणतंत्र दिवस 2026 के भव्य समारोह की तैयारियां तेज हो चुकी हैं और इसी कड़ी में राजधानी दिल्ली में सुरक्षा और यातायात व्यवस्था को लेकर कड़े इंतजाम लागू कर दिए गए हैं.

Republic Day Traffic Advisory 2026 For bus metro know details here
Image Source: ANI

Republic Day Traffic Advisory 2026: गणतंत्र दिवस 2026 के भव्य समारोह की तैयारियां तेज हो चुकी हैं और इसी कड़ी में राजधानी दिल्ली में सुरक्षा और यातायात व्यवस्था को लेकर कड़े इंतजाम लागू कर दिए गए हैं. रिपब्लिक डे परेड और उसकी रिहर्सल को देखते हुए दिल्ली ट्रैफिक पुलिस ने सेंट्रल दिल्ली के कई इलाकों में ट्रैफिक प्रतिबंध और डायवर्जन की एडवाइजरी जारी की है. 19 से 21 जनवरी तक परेड की रिहर्सल के दौरान आम लोगों की आवाजाही पर खास असर पड़ेगा. ऐसे में अगर आप रोजाना ऑफिस, स्कूल-कॉलेज या किसी जरूरी काम के लिए निकलते हैं, तो यह जानकारी आपके लिए बेहद जरूरी है.


दिल्ली ट्रैफिक पुलिस के मुताबिक, गणतंत्र दिवस परेड की रिहर्सल 17 जनवरी से शुरू हो चुकी है. हालांकि 18 जनवरी को अभ्यास नहीं हुआ, लेकिन 19, 20 और 21 जनवरी को फिर से रिहर्सल की जाएगी. इन तीनों दिनों में सुबह करीब 10 बजे से दोपहर 12:30 बजे तक सेंट्रल दिल्ली के कई प्रमुख मार्गों पर ट्रैफिक नियंत्रित या पूरी तरह बंद रहेगा. रिहर्सल का रूट विजय चौक से इंडिया गेट तक तय किया गया है, जो कर्तव्य पथ से होते हुए सी-हेक्सागन तक जाएगा. इसी वजह से इस पूरे क्षेत्र में वाहनों की आवाजाही सीमित रहेगी.

इन इलाकों में रहेगा ट्रैफिक डायवर्जन

रिहर्सल के दौरान कुछ प्रमुख चौराहों और सड़कों पर ट्रैफिक या तो बंद रहेगा या नियंत्रित किया जाएगा.कर्तव्य पथ और रफी मार्ग का जंक्शन,कर्तव्य पथ और जनपथ,कर्तव्य पथ और मान सिंह रोड,कर्तव्य पथ और सी-हेक्सागन. इसके अलावा विजय चौक से इंडिया गेट तक कर्तव्य पथ पूरी तरह से आम ट्रैफिक के लिए बंद रहेगा.

मेट्रो यात्रियों के लिए जरूरी सूचना

परेड देखने आने वाले दर्शकों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए मेट्रो स्टेशनों पर विशेष घोषणाएं की जाएंगी. टिकट और पास धारकों को उनके एनक्लोजर के अनुसार सही मेट्रो स्टेशन और रास्ते की जानकारी दी जाएगी.दक्षिणी हिस्से में बैठने वाले दर्शक, जिनके एनक्लोजर बीस, ब्रह्मपुत्र, गंगा, घाघरा, गोदावरी, सिंधु और झेलम के नाम पर हैं, उन्हें उद्योग भवन मेट्रो स्टेशन पर उतरने की सलाह दी गई है.वहीं उत्तरी हिस्से में बैठने वाले दर्शक, जिनके एनक्लोजर कावेरी, कोसी, कृष्णा, नर्मदा, यमुना, सतलज और तीस्ता के नाम पर हैं, उनके लिए सेंट्रल सेक्रेटेरिएट मेट्रो स्टेशन उपयुक्त रहेगा.

क्यूआर कोड से मिलेगी पार्किंग की जानकारी

इस बार निजी वाहनों से आने वाले दर्शकों के लिए क्यूआर कोड आधारित पार्किंग सिस्टम लागू किया गया है. यह व्यवस्था 22 निर्धारित पार्किंग स्थलों पर लागू होगी, जहां करीब 8000 गाड़ियों को खड़ा किया जा सकेगा. पार्किंग पास पर दिए गए क्यूआर कोड को स्कैन करके दर्शक अपनी सीट के सबसे नजदीकी पार्किंग स्थल की जानकारी रियल टाइम में प्राप्त कर सकेंगे.

दिल्ली पुलिस की जनता से अपील

26 जनवरी के मद्देनजर दिल्ली पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि वे निजी वाहनों के बजाय मेट्रो और अन्य सार्वजनिक परिवहन का अधिक से अधिक उपयोग करें. साथ ही, घर से निकलने से पहले ट्रैफिक एडवाइजरी जरूर चेक करें, ताकि गणतंत्र दिवस समारोह और उसकी तैयारियों के दौरान किसी तरह की असुविधा न हो.

यह भी पढ़ें: इन 5 दिन दिल्ली में नहीं बिकेगी शराब, ‘ड्राई डे’ किए गए घोषित; पुलिस रखेगी नजर