'रशियन लड़कियों से संबंध नहीं बनाए और यौन बीमारी...' एपस्टीन फाइल्स में लगे आरोपों पर बोले बिल गेट्स

माइक्रोसॉफ्ट के सह-संस्थापक और दुनिया के सबसे चर्चित अरबपतियों में शामिल बिल गेट्स ने हाल ही में उनके खिलाफ लगाए गए गंभीर आरोपों को सिरे से खारिज कर दिया है.

Bill Gates on the allegations in the Epstein Files Sex Scandal Controversy
Image Source: Social Media

माइक्रोसॉफ्ट के सह-संस्थापक और दुनिया के सबसे चर्चित अरबपतियों में शामिल बिल गेट्स ने हाल ही में उनके खिलाफ लगाए गए गंभीर आरोपों को सिरे से खारिज कर दिया है. जेफ्री एपस्टीन से जुड़े दस्तावेजों में यह दावा किया गया था कि गेट्स के रूसी महिलाओं के साथ संबंध रहे और बाद में उन्हें यौन रोग (STD) हुआ. इन आरोपों को गेट्स की ओर से पूरी तरह झूठा और मनगढ़ंत बताया गया है.

गेट्स के प्रतिनिधियों का कहना है कि इस तरह के दावे न सिर्फ तथ्यों से परे हैं, बल्कि उनकी छवि खराब करने की कोशिश का हिस्सा हैं. प्रवक्ता के अनुसार, एपस्टीन से जुड़े दस्तावेजों में जो बातें सामने आई हैं, वे किसी ठोस सबूत पर आधारित नहीं हैं और इनका मकसद सिर्फ बदनामी फैलाना है.

एपस्टीन फाइल्स में क्या दावा किया गया?

यौन अपराधों के आरोपी रहे जेफ्री एपस्टीन से जुड़ी हाल में सार्वजनिक हुई फाइलों में कई हाई-प्रोफाइल लोगों के नामों का जिक्र है. इन्हीं दस्तावेजों में एक जगह यह आरोप सामने आया कि बिल गेट्स के रूसी महिलाओं के साथ संबंध थे और इसके बाद उन्हें यौन संक्रमण हुआ. एक ईमेल का हवाला देते हुए यह भी कहा गया कि गेट्स ने कथित तौर पर एपस्टीन से एंटीबायोटिक दवाओं की मांग की थी.

इन दावों पर प्रतिक्रिया देते हुए गेट्स के प्रवक्ता ने साफ कहा कि ये बातें पूरी तरह बेबुनियाद हैं और इनका वास्तविकता से कोई लेना-देना नहीं है. उनके मुताबिक, इन फाइल्स से अधिकतम यही संकेत मिलता है कि एपस्टीन इस बात से नाराज था कि गेट्स ने उससे दूरी बना ली थी. इसी नाराजगी के चलते उसने गेट्स के बारे में अपमानजनक बातें फैलाने की कोशिश की.

अमेरिकी न्याय विभाग ने किए दस्तावेज सार्वजनिक

अमेरिकी न्याय विभाग ने 30 जनवरी को एपस्टीन मामले से जुड़े बड़े पैमाने पर रिकॉर्ड सार्वजनिक किए. इसमें लगभग 30 लाख पन्नों के दस्तावेज, करीब 2,000 वीडियो और लगभग 1.8 लाख तस्वीरें शामिल हैं. इन फाइल्स के सार्वजनिक होने के बाद एक बार फिर एपस्टीन नेटवर्क और उससे जुड़े लोगों को लेकर चर्चाएं तेज हो गईं.

हालांकि, इन दस्तावेजों में कई दावे और निजी बातचीत का जिक्र है, लेकिन कानूनी विशेषज्ञों का मानना है कि केवल आरोपों के आधार पर किसी निष्कर्ष पर पहुंचना सही नहीं है, जब तक कि उनके समर्थन में ठोस प्रमाण न हों.

एपस्टीन से संबंधों पर पहले भी पछता चुके हैं गेट्स

बिल गेट्स पहले भी सार्वजनिक रूप से यह स्वीकार कर चुके हैं कि जेफ्री एपस्टीन से मिलना उनके जीवन की एक बड़ी गलती थी. साल 2021 में एक इंटरव्यू के दौरान उन्होंने कहा था कि एपस्टीन से संपर्क में आना गलत फैसला था और उन्हें इस पर पछतावा है. गेट्स के मुताबिक, उनकी एपस्टीन से मुलाकात का मकसद परोपकारी कार्यों के लिए संभावित दान को लेकर बातचीत करना था.

गेट्स ने यह भी साफ किया था कि एपस्टीन के साथ उनका कोई व्यावसायिक साझेदारी या निजी रिश्ता नहीं था और वे कभी किसी निजी पार्टी या संदिग्ध गतिविधियों में शामिल नहीं हुए.

मुलाकातों को लेकर सामने आई थीं रिपोर्ट्स

हालांकि गेट्स की सफाई के बावजूद, न्यूयॉर्क टाइम्स और वॉल स्ट्रीट जर्नल जैसी प्रतिष्ठित मीडिया रिपोर्ट्स में यह सामने आया था कि 2011 से 2013 के बीच गेट्स और एपस्टीन की कई मुलाकातें हुई थीं. इन रिपोर्ट्स में यह भी जिक्र था कि कुछ मौकों पर गेट्स एपस्टीन के न्यूयॉर्क स्थित आवास पर देर रात तक रुके और निजी विमान से यात्रा भी की.

इन खबरों के सामने आने के बाद गेट्स को काफी आलोचना का सामना करना पड़ा था. बाद में उन्होंने इन संपर्कों को गलत निर्णय बताते हुए कहा था कि वे अब इस अध्याय को पीछे छोड़ना चाहते हैं.

तलाक में भी एपस्टीन कनेक्शन की चर्चा

बिल गेट्स और मेलिंडा फ्रेंच गेट्स की शादी 1994 में हुई थी और दोनों ने 2021 में अलग होने का फैसला किया. तलाक के बाद मेलिंडा ने यह स्वीकार किया था कि गेट्स के अफेयर्स और एपस्टीन के साथ उनके संबंध उनके रिश्ते में तनाव का बड़ा कारण बने. मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, एपस्टीन से गेट्स की मुलाकातों की खबरें सामने आने के बाद मेलिंडा ने 2019 में कानूनी सलाह भी ली थी.

हालांकि, दोनों ने सार्वजनिक रूप से अपने निजी जीवन के हर पहलू पर विस्तार से बात नहीं की, लेकिन यह जरूर कहा गया कि अलगाव का फैसला आपसी सहमति से लिया गया था.

जेफ्री एपस्टीन मामला: कैसे शुरू हुआ विवाद

एपस्टीन केस की जड़ें साल 2005 तक जाती हैं, जब फ्लोरिडा में एक 14 वर्षीय लड़की की मां ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई थी. आरोप था कि एपस्टीन ने अपनी आलीशान कोठी में लड़की को ‘मसाज’ के बहाने बुलाया और वहां उसके साथ अनुचित व्यवहार किया गया. इस शिकायत के बाद जांच शुरू हुई और धीरे-धीरे कई अन्य नाबालिग लड़कियां सामने आईं, जिन्होंने एपस्टीन पर इसी तरह के आरोप लगाए.

जांच में सामने आया कि एपस्टीन के न्यूयॉर्क और पाम बीच में भव्य आवास थे, जहां हाई-प्रोफाइल पार्टियां आयोजित होती थीं. आरोप यह भी लगे कि वह अपने निजी जेट से कम उम्र की लड़कियों को विभिन्न जगहों पर ले जाता था और उन्हें लालच या दबाव में डालकर शोषण करता था. इस पूरे नेटवर्क में उसकी सहयोगी गिस्लीन मैक्सवेल की भूमिका भी सामने आई.

ये भी पढ़ें- Budget: रेलवे, फार्मा, ऑटो... बजट पेश होने के बाद कौन सा शेयर देगा फायदा, किन सेक्टर में आएगी तेजी?