बिहार के मुजफ्फरपुर जिले में गुरुवार सुबह एक ऐसा घटनाक्रम सामने आया जिसने स्थानीय लोगों के साथ-साथ प्रशासन की भी सांसें रोक दीं. एक 20 वर्षीय युवती 220 केवी हाई-वोल्टेज ट्रांसमिशन लाइन के टावर पर चढ़ गई और घंटों तक नीचे उतरने से इनकार करती रही. सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची. करीब चार घंटे तक चले रेस्क्यू और समझाइश के बाद आखिरकार युवती सुरक्षित नीचे उतर आई, जिससे एक बड़ा हादसा टल गया.
टावर पर चढ़ते ही मच गई अफरा-तफरी
यह घटना मुजफ्फरपुर जिले के गुलाब पट्टी पंचायत के हिम्मत पट्टी-गुलाब पट्टी चौड़ इलाके की है. ग्रामीणों के अनुसार, सुबह करीब 8:30 बजे नगर परिषद क्षेत्र के वार्ड नंबर 2 की रहने वाली युवती कांटी-मुजफ्फरपुर से गोपालगंज जाने वाली 220 केवी ट्रांसमिशन लाइन के टावर पर चढ़ गई. देखते ही देखते मौके पर बड़ी संख्या में ग्रामीण जमा हो गए और पूरे इलाके में हड़कंप मच गया.
पुलिस और प्रशासन ने संभाला मोर्चा
घटना की जानकारी मिलने के बाद साहेबगंज थाना पुलिस मौके पर पहुंची और युवती को नीचे उतरने के लिए समझाने का प्रयास किया. युवती के परिजनों को भी बुलाया गया, लेकिन काफी देर तक वह अपनी बात पर अड़ी रही. स्थिति की गंभीरता को देखते हुए सरैया के एसडीपीओ और स्थानीय प्रशासनिक अधिकारी भी घटनास्थल पर पहुंचे और लगातार युवती से बातचीत करते रहे.
मुजफ्फरपुर के साहेबगंज में एक युवती अपनी सहेली से शादी की जिद पर हाईटेंशन टावर पर चढ़ गई। करीब 6 घंटे तक चले हाई-वोल्टेज ड्रामे के बाद पुलिस, प्रशासन और स्थानीय लोगों की समझाइश पर वह सुरक्षित नीचे उतर आई। pic.twitter.com/UayQxf558i
— Mukesh Rajput Journalist (@Mukeshk92294988) July 9, 2026
प्रेम संबंध बना पूरे मामले की वजह
पुलिस पूछताछ के दौरान युवती के पिता ने बताया कि उनकी बेटी एक दूसरी युवती से प्रेम करती है और उसी से विवाह करना चाहती है. परिवार ने पहले उसकी शादी किसी अन्य युवक से कराने की कोशिश की थी, लेकिन उसने साफ इनकार कर दिया. युवती का कहना था कि वह केवल उसी लड़की से शादी करेगी, जिससे वह प्रेम करती है.
एक फोन कॉल के बाद बदला फैसला
घंटों तक चली बातचीत के दौरान युवती किसी भी तरह नीचे उतरने को तैयार नहीं हुई. आखिरकार उसने एक शर्त रखी कि जिस युवती से वह प्रेम करती है, उससे उसकी फोन पर बात कराई जाए. पुलिस और प्रशासन ने स्थिति को देखते हुए उसकी यह मांग स्वीकार कर ली. फोन पर बातचीत होने के बाद युवती शांत हुई और अपनी मर्जी से सुरक्षित नीचे उतर आई.
पूछताछ के बाद परिजनों को सौंपा गया
टावर से नीचे उतरने के बाद पुलिस युवती को साहेबगंज थाना लेकर गई, जहां उससे पूरे मामले में पूछताछ की गई. आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद उसे उसके परिवार के हवाले कर दिया गया.
सूझबूझ से टला बड़ा हादसा
घटना के दौरान बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर मौजूद रहे और पूरे घटनाक्रम पर नजर बनाए रहे. राहत की बात यह रही कि पुलिस और प्रशासन ने धैर्य और समझदारी से स्थिति को संभाला, जिससे किसी तरह की अप्रिय घटना नहीं हुई. यह मामला अब पूरे इलाके में चर्चा का विषय बना हुआ है.
ये भी पढ़ें: भतीजे को दिल दे बैठी चार बच्चों की मां, पति के सामने ही रचा ली दूसरी शादी, देखकर हर कोई रह गया हैरान