बिहार विधानसभा चुनाव से पहले टिकट वितरण पर बवाल, लालू यादव के आवास के बाहर आरजेडी नेता ने किया हंगामा

पटना में आगामी विधानसभा चुनाव से पहले राजनीतिक सरगर्मी चरम पर है. टिकट वितरण को लेकर कई दलों में आंतरिक कलह खुलकर सामने आ रही है. खासकर राजद और जेडीयू के कई नेताओं ने टिकट न मिलने पर खुलकर विरोध जताया है.

Bihar Vidhan Sabha Assembly  rjd candidate tear kurta
Image Source: Social Media

पटना में आगामी विधानसभा चुनाव से पहले राजनीतिक सरगर्मी चरम पर है. टिकट वितरण को लेकर कई दलों में आंतरिक कलह खुलकर सामने आ रही है. खासकर राजद और जेडीयू के कई नेताओं ने टिकट न मिलने पर खुलकर विरोध जताया है. रविवार को ऐसी ही एक घटना सामने आई जब मधुबन विधानसभा सीट से आरजेडी के नेता मदन शाह ने टिकट कटने के विरोध में लालू प्रसाद यादव के सरकारी आवास के बाहर जोरदार प्रदर्शन किया.

आरजेडी नेता मदन शाह, जो 2020 में भी मधुबन से चुनाव लड़ चुके थे, इस बार पार्टी से टिकट न मिलने पर पूरी तरह बौखला गए. उन्होंने पटना स्थित 10 सर्कुलर रोड पर लालू यादव के आवास के बाहर मीडिया के सामने भावुक होकर न सिर्फ आंसू बहाए बल्कि अपना कुर्ता फाड़कर सड़क पर लोटपोट हो गए.मदन शाह का दावा है कि खुद लालू यादव ने उन्हें 2025 के चुनाव में टिकट देने का वादा किया था. उन्होंने कहा, “मैंने क्षेत्र में पार्टी के लिए लगातार मेहनत की, लेकिन मेरा नाम प्रत्याशियों की सूची में नहीं है. जब मैंने इसकी वजह पूछी तो बताया गया कि टिकट के लिए पैसे नहीं दिए.”

टिकट के लिए 2.7 करोड़ की डिमांड का आरोप

मदन शाह ने पार्टी के वरिष्ठ नेता संजय यादव पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि उनसे टिकट के बदले ₹2.7 करोड़ की मांग की गई थी. उन्होंने बताया कि जब उन्होंने इतनी बड़ी रकम देने से इनकार किया, तो उनका टिकट काटकर किसी और को दे दिया गया. उन्होंने इसे साफ तौर पर विश्वासघात बताया और कहा कि पार्टी ने उनकी निष्ठा और मेहनत के बदले सौदा कर लिया.

जेडीयू में भी दिखा असंतोष

आरजेडी ही नहीं, जेडीयू के भीतर भी टिकट कटने को लेकर नाराजगी साफ झलक रही है. गोपालपुर से विधायक रहे गोपाल मंडल का वीडियो पहले ही वायरल हो चुका है, जिसमें वे मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के आवास के सामने फूट-फूटकर रोते दिखे थे. बाद में उन्होंने निर्दलीय चुनाव लड़ने का ऐलान भी किया. ऐसी घटनाएं बताती हैं कि बिहार की राजनीति में टिकट न मिलने का दर्द अब कैमरे के सामने खुलकर दिखाई देने लगा है.

चुनाव की तारीखें घोषित

चुनाव आयोग के अनुसार बिहार विधानसभा की 243 सीटों पर दो चरणों में मतदान होगा. पहला चरण 6 नवंबर को और दूसरा चरण 11 नवंबर को संपन्न होगा. पहले चरण में 121 सीटों पर और दूसरे में 122 सीटों पर वोट डाले जाएंगे. मतगणना 14 नवंबर को होगी.जैसे-जैसे चुनावी तारीख नजदीक आ रही है, वैसा-वैसा राजनीतिक दलों के भीतर असंतोष खुलकर बाहर आने लगा है. यह देखना दिलचस्प होगा कि इस बार उम्मीदवारों के चयन को लेकर दलों को कितनी चुनौती मिलती है और बागियों की यह नाराजगी चुनाव परिणामों पर क्या असर डालती है.

यह भी पढ़ें: 'घुसपैठियों पर राजनीति नहीं, राष्ट्रनीति होनी चाहिए...' पटना में गरजे अमित शाह; विपक्ष पर जमकर बोला हमला