मिड डे मील में मिला सांप, डरा-धमकाकर 400 बच्चों को खिलाया; खाते ही बेहोश होने लगे बच्चे

बिहार के मोकामा से एक बेहद चौंकाने वाला मामला सामने आया है, जिसने सरकारी स्कूलों में बच्चों की सुरक्षा और भोजन की गुणवत्ता को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं.

Bihar Snake found in mid day meal
AI Image | Photo: Freepik

बिहार के मोकामा से एक बेहद चौंकाने वाला मामला सामने आया है, जिसने सरकारी स्कूलों में बच्चों की सुरक्षा और भोजन की गुणवत्ता को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं. मोकामा प्रखंड के मेकरा गांव स्थित उत्क्रमित मध्य विद्यालय में बच्चों के मिड डे मील (दोपहर भोजन) में सांप गिर जाने की खबर से अफरा-तफरी मच गई. इस घटना के बाद दो दर्जन से ज्यादा बच्चे बीमार पड़ गए, जिन्हें स्थानीय अस्पतालों में भर्ती कराना पड़ा.

खाने के बाद उल्टी और चक्कर, कई बच्चे बेहोश हुए

ग्रामीणों के अनुसार, जैसे ही बच्चों ने खाना खाया, कुछ ही देर में उन्हें उल्टी, चक्कर और बेचैनी की शिकायत होने लगी. हालत बिगड़ती देख बच्चों को मोकामा रेफरल अस्पताल और बाढ़ अनुमंडलीय अस्पताल में भर्ती कराया गया. कई बच्चों की हालत देखकर गांव में दहशत फैल गई.

बच्चों का आरोप: जबरन कराया गया भोजन

घटना के बाद सामने आए बच्चों के बयान और स्थानीय लोगों की प्रतिक्रिया से स्थिति और भी भयावह हो गई. बच्चों ने दावा किया कि भोजन में सांप गिरने के बावजूद उन्हें जबरन खाना खिलाया गया. जिन्होंने मना किया, उन्हें डरा-धमका कर खाने को मजबूर किया गया. बच्चों के अनुसार, करीब 400 छात्रों ने उस दिन भोजन किया था और कई बच्चे बेहोश होकर गिर पड़े.

घटना के बाद शिक्षक फरार, स्कूल में ताला

इस दर्दनाक घटना के बाद स्कूल प्रशासन की लापरवाही भी उजागर हो गई. आरोप है कि घटना के तुरंत बाद सभी शिक्षक स्कूल में ताला लगाकर फरार हो गए, जिससे अभिभावकों और ग्रामीणों में आक्रोश और बढ़ गया.

NH31 जाम, लोगों ने की कड़ी कार्रवाई की मांग

घटना से गुस्साए ग्रामीणों ने NH31 हाईवे को जाम कर प्रदर्शन शुरू कर दिया. उन्होंने दोषियों पर कड़ी कार्रवाई और स्कूल प्रशासन की जवाबदेही तय करने की मांग की. मौके पर पहुंचे प्रशासनिक अधिकारियों ने स्थिति को शांत करने की कोशिश की.

प्रशासन का जवाब: जांच के आदेश

मोकामा SDM सुभम कुमार ने घटना की गंभीरता को देखते हुए पूरे मामले की जांच का भरोसा दिया है. वहीं, डॉक्टरों का कहना है कि अभी तक बच्चों के शरीर में किसी जहरीले पदार्थ के होने के स्पष्ट संकेत नहीं मिले हैं, लेकिन सभी का इलाज जारी है और मामले की गहराई से जांच की जा रही है.

ये भी पढ़ेंः भारत के खौफ से घुटने पर आया पाकिस्तान! परमाणु बम का भी किया जिक्र, जानिए रक्षा मंत्री ने क्या कहा