Bihar Boat Collapse: बिहार के समस्तीपुर से गुरुवार को दिल दहला देने वाली खबर सामने आई, जहां गंगा नदी में लोगों से भरी एक नाव अचानक हादसे का शिकार हो गई. रोजी-रोटी की तलाश में दियारा इलाके की ओर जा रहे लोगों को शायद अंदाजा भी नहीं था कि कुछ ही मिनटों में उनकी नाव मौत के भंवर में फंस जाएगी. हादसे के बाद घाट पर अफरा-तफरी मच गई और मदद की चीखों से पूरा इलाका गूंज उठा. अब तक पिता-पुत्र समेत तीन लोगों के शव बरामद किए जा चुके हैं, जबकि कई अन्य की तलाश जारी है.
प्रत्यक्षदर्शियों ने क्या बताया?
यह दर्दनाक घटना मोहिउद्दीननगर थाना क्षेत्र के सुल्तानपुर गंगा घाट पर हुई. बताया जा रहा है कि नाव पर करीब 14 लोग सवार थे, जो खेती-बाड़ी और परवल तोड़ने के लिए दियारा इलाके में जा रहे थे. नाव जैसे ही घाट से कुछ दूरी आगे बढ़ी, तेज हवा और नदी में बने भंवर ने उसे अपनी चपेट में ले लिया. प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक नाव पर जरूरत से ज्यादा लोग मौजूद थे, जिससे उसका संतुलन बिगड़ गया और देखते ही देखते नाव गहरे पानी में डूब गई.
मृतकों की पहचान
हादसे में जान गंवाने वालों की पहचान पटना जिले के बाढ़ थाना क्षेत्र के मासूमगंज बिंद टोली निवासी श्रवण महतो, काशी महतो और नीलम कुमारी उर्फ लाली कुमारी के रूप में हुई है. बताया जा रहा है कि तीनों एक ही परिवार से जुड़े थे. जैसे ही हादसे की खबर गांव पहुंची, परिवारों में कोहराम मच गया. परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है और पूरे इलाके में मातम पसरा हुआ है.
रेस्क्यू ऑपरेशन जारी
घटना की सूचना मिलते ही प्रशासन, पुलिस और SDRF की टीम मौके पर पहुंच गई. स्थानीय गोताखोरों की मदद से राहत और बचाव अभियान लगातार चलाया जा रहा है. नदी में तेज बहाव और गहराई के कारण रेस्क्यू ऑपरेशन में मुश्किलें आ रही हैं. प्रशासन ने आशंका जताई है कि कुछ लोग अभी भी लापता हो सकते हैं, जिनकी तलाश जारी है. इस हादसे ने एक बार फिर नदी पार करने के दौरान सुरक्षा इंतजामों पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं.
नहीं रहे मशहूर शायर डॉ. बशीर बद्र, 91 साल की उम्र में भोपाल में ली अंतिम सांस, लंबे वक्त से थे बीमार