शादी के सीजन में बिहार में अजब चलन, गर्लफ्रेंड-ब्वॉयफ्रेंड की हो रही शादी; परिवारों को हो रहा लाखों का फायदा

यूपी के बलिया जिले की रहने वाली युवती संगीता का संपर्क सोशल मीडिया के जरिये बिहार के मुजफ्फरपुर रेलवे पुलिस में कार्यरत जवान से हुआ. जानकारी मिलने पर वरिष्ठ अधिकारी के आदेश पर शादी करा दी गई

शादी के सीजन में बिहार में अजब चलन, गर्लफ्रेंड-ब्वॉयफ्रेंड की हो रही शादी; परिवारों को हो रहा लाखों का फायदा

मुजफ्फरपुर, न्यूज डेस्क: बिहार में पकड़ौआ शादी कोई नई बात नहीं है. कामयाब, काबिल और सरकारी नौकरी वाले लड़कों का अपहरण कर जबरन शादी करने के मामले बिहार में अक्सर सामने आते रहते हैं. पिछले दिनों कोर्ट ने इस तरह की शादी को अवैध भी करार दिया है, लेकिन यह चलन थम नहीं रहा है. इस बीच बिहार के मुजफ्फरपुर समेत अन्य जिलों में गर्लफ्रेंड से मिलने गए युवकों की शादी कराने का चलन भी बढ़ा है. पिछले एक पखवाड़े के दौरान गर्लफ्रेंड और ब्वॉयफ्रेंड की जबरन शादी कराने के कई मामले सामने आ चुके हैं. हो यह रहा है कि युवक अपनी गर्लफ्रेंड से मिलने जाता है तो लड़की वाले पकड़कर उसकी जबरन शादी करवा दे रहे हैं. 

ताजा मामला मुजफ्फरपुर जिले से ही जुड़ा हुआ है और यह पूरी तरह से प्रेम प्रसंग से जुड़ा है. लड़का बिहार तो लड़की यूपी की रहने वाली है. दोनों की हाल ही में शादी हुई है. यूपी की युवती और बिहार के रहने वाले जवान विकास कुमार की इस शादी का गवाह रेलवे पुलिस कार्यालय भी बना. युवती उत्तर प्रदेश के बलिया जिले की संगीता कुमारी है, जिसका विवाह रेलवे पुलिस के जवान विकास कुमार के साथ हुआ है, जो बिहार के जहानाबाद का रहने वाला है.  इसमें खास बात यह है कि लड़की अपने ब्यॉयफ्रेंड से मिलने पहुंची, जहां उसकी शादी युवक यानी प्रेमी से हो गई.

सोशल मीडिया पर हुआ संपर्क 

यूपी के बलिया जिले की रहने वाली युवती संगीता का संपर्क सोशल मीडिया के जरिये बिहार के मुजफ्फरपुर रेलवे पुलिस में कार्यरत जवान विकास से हुआ. सोशल मीडिया के जरिये दोनों के प्रेम प्रसंग की जानकारी रेलवे के अधिकारियों को हुई. पूछताछ में दोनों ने अपने प्रेम प्रसंग की बात स्वीकार की. इसके बाद रेलवे पुलिस ने जीआरपी कार्यालय में ही विकास और संगीता की शादी करवा दी. इसके बाद दोनों की कोर्ट मैरिज भी करवाई गई.

सोशल मीडिया पर चर्चा में आई शादी

पिछले कुछ दिनों से सोशल मीडिया पर रेलवे में तैनात पुलिसकर्मी विकास और संगीता की शादी चर्चा है. जहानाबाद जिले का विकास कुमार मुजफ्फरपुर में तैनात है. विकास का संपर्क उत्तर प्रदेश के बलिया जिले की रहने वाली युवती संगीता से हुआ. लखनऊ में दोनों के बीच प्यार इस कदर परवान चढ़ा कि युवती यूपी से भागकर मुजफ्फरपुर पहुंच गई. प्रेमी से मिलने की जानकारी रेलवे के अधिकारी को हुई तो दोनों से बातचीत की गई. इसके बाद मुजफ्फरपुर रेलवे के अधिकारी के आदेश पर मुजफ्फरपुर रेल पुलिस 5 में कार्यरत जवान की शादी जंक्शन के परिसर स्थित मंदिर में कराई गई. स्टेशन परिसर स्थित एक मंदिर में हिंदू रीति रिवाज और मंत्रोचार के साथ दोनों की शादी करवा दी गई. 

घर से भागकर पहुंची थी प्रेमी से मिलने

बताया जा रहा है कि रेलवे पुलिस के जवान विकास का संपर्क काफी दिनों से यूपी की लड़की संगीता से था. इस बीच युवक की नौकरी लग गई. जिसके बाद वह युवती से अलग हो गया. यह बात युवती को नागवार गुजरी और वह भागी-भागी बिहार के मुजफ्फरपुर पहुंच गई. यहां रेलवे में एसपी को अपनी पूरी कहानी बयां की. इसके बाद रेलवे के एसपी के आदेश पर दोनों की शादी रेलवे थाना कार्यालय और मंदिर में पुलिस के सहयोग से कराई गई. इसके बाद दोनों की शादी कोर्ट में भी करवाई गई, जिसकी चर्चा पूरे जिले में है. लोगों का इस तरह की शादी पर कहना है कि इससे जहां दो प्रेमियों का मिलन हो रहा है, वहीं लड़का-लड़की के परिवार के पैसे भी बच रहे हैं. बता दें कि एक साधारण शादी में भी इन दिनों लाखों रुपये खर्च हो जाते हैं.

रिपोर्ट: विशाल कुमार