Bihar News: बिहार के सामाजिक सुरक्षा पेंशनधारियों के लिए एक बड़ी और राहत भरी खबर है. अब उन्हें जीवन प्रमाण पत्र (Life Certificate) बनवाने के लिए लंबी प्रक्रिया से नहीं गुजरना होगा. राज्य सरकार ने आधार आधारित मुफ्त जीवन प्रमाणन सेवा की शुरुआत कर दी है, जो पूरे बिहार के कॉमन सर्विस सेंटर (CSC) के माध्यम से उपलब्ध होगी. इस पहल का शुभारंभ पटना के फुलवारीशरीफ स्थित हुलासचक CSC केंद्र से किया गया, जहां समाज कल्याण विभाग की सचिव बंदना प्रेयषी ने खुद पेंशनधारियों को जीवन प्रमाण पत्र प्रदान किया.
समाज कल्याण विभाग के अंतर्गत वृद्ध, विधवा और दिव्यांगजनों के लिए कुल 6 प्रकार की पेंशन योजनाएं संचालित हैं. जून 2025 से सभी पात्र लाभार्थियों को 1100 रुपये प्रति माह की पेंशन दी जा रही है. विभाग का मानना है कि आधार आधारित जीवन प्रमाणन से यह सुनिश्चित होगा कि पेंशन सही व्यक्ति तक, सही समय पर पहुंचे और किसी भी तरह की गड़बड़ी को रोका जा सके.
घर बैठे भी होगा सत्यापन
सरकार ने यह भी स्पष्ट किया है कि जिन पेंशनधारियों की मृत्यु हो चुकी है, उनके नाम सूची से हटाए जाएंगे, ताकि व्यवस्था पारदर्शी बनी रहे. इसके लिए जरूरत पड़ने पर भौतिक सत्यापन भी किया जाएगा.
जो पेंशनधारी अत्यधिक बुजुर्ग, बीमार या दिव्यांग हैं और CSC केंद्र तक नहीं आ सकते, उनके लिए पंचायत स्तर पर कैंप लगाए जाएंगे या विभाग की टीम घर जाकर जीवन प्रमाणन करेगी.
डेटा होगा ज्यादा सुरक्षित और भरोसेमंद
सचिव बंदना प्रेयषी ने बताया कि यह सुविधा लंबे समय से अपेक्षित थी. इसके लागू होने से पेंशन से जुड़ा डेटा अब ज्यादा सटीक, अपडेटेड और विश्वसनीय होगा. बिहार सरकार ने सभी पात्र पेंशनधारियों से अपील की है कि वे समय रहते अपने नजदीकी CSC केंद्र पर जाकर जीवन प्रमाणन कराएं, ताकि उनकी पेंशन निर्बाध रूप से मिलती रहे.
अब तक करोड़ों रुपये सीधे खातों में
नवंबर 2025 तक राज्य के 1.15 करोड़ पेंशनधारियों के बैंक खातों में 1295.88 करोड़ रुपये की राशि DBT (डायरेक्ट बेनिफिट ट्रांसफर) के माध्यम से भेजी जा चुकी है.
CSC के जरिए Life Certificate: जानिए खास बातें
यह भी पढ़ें- बिहार के मखाना किसानों के लिए बड़ी खुशखबरी, इस मशीन से तालाब से बीज निकालना होगा आसान