Bihar Bus Live Tracking System: बिहार में सार्वजनिक परिवहन व्यवस्था को और आधुनिक व यात्रियों के अनुकूल बनाने की दिशा में परिवहन विभाग एक बड़ा कदम उठाने जा रहा है. ट्रेन की तरह अब बसों की भी लाइव लोकेशन यात्रियों को देखने को मिलेगी. परिवहन विभाग मार्च महीने से राज्य की सभी बसों को नई तकनीक से जोड़ने जा रहा है, जिससे यात्रियों को बस की स्थिति और समय की सटीक जानकारी मिल सकेगी. इसे लेकर विभागीय स्तर पर तैयारियां लगभग पूरी कर ली गई हैं.
नई व्यवस्था लागू होने के बाद बिहार से झारखंड, दिल्ली, उत्तर प्रदेश, उत्तराखंड समेत कई अन्य राज्यों और जिलों तक चलने वाली बसों की पूरी जानकारी यात्रियों को ऑनलाइन उपलब्ध होगी. यात्री यह जान सकेंगे कि उनकी बस इस समय कहां है, किस रूट पर चल रही है और तय स्टॉप तक पहुंचने में कितना समय लगेगा. इससे खासतौर पर लंबी दूरी की यात्रा करने वाले यात्रियों को बड़ी राहत मिलने वाली है.
पिंक बस तक सीमित नहीं रहेगी सुविधा
परिवहन विभाग पहले एक अलग मोबाइल एप के जरिए केवल पिंक बसों को जोड़ने की योजना बना रहा था, लेकिन अब इस योजना को व्यापक रूप दे दिया गया है. विभाग ने फैसला किया है कि केवल पिंक बस ही नहीं, बल्कि बिहार से दूसरे राज्यों में जाने वाली सभी सरकारी बसों को लाइव ट्रैकिंग सिस्टम से जोड़ा जाएगा. इससे राज्य की संपूर्ण बस सेवा प्रणाली एक ही तकनीकी प्लेटफॉर्म पर आ जाएगी.
बस स्टैंड पर स्क्रीन से मिलेगी रियल टाइम जानकारी
यात्रियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए बिहार के सभी बस स्टैंड पर विशेष स्क्रीन लगाने की योजना बनाई गई है. इन स्क्रीन पर बसों की लाइव लोकेशन और वास्तविक समय की जानकारी दिखाई देगी. पटना सहित राज्य के सभी बड़े बस स्टैंड पर टिकट काउंटर के पास यह स्क्रीन लगाई जाएंगी, ताकि यात्री आसानी से अपनी बस की स्थिति देख सकें.
इन स्क्रीन के माध्यम से यात्री यह जान पाएंगे कि बस किस समय पहुंचेगी और कितनी देर में रवाना होगी. इससे यात्रियों को अनावश्यक इंतजार से राहत मिलेगी और वे समय पर अपनी यात्रा की तैयारी कर सकेंगे.
नए बस स्टॉप पर भी होगी लाइव टाइमिंग की व्यवस्था
परिवहन विभाग ने साफ किया है कि जो नए बस स्टॉप बनाए जा रहे हैं, वहां भी रियल टाइम बस जानकारी उपलब्ध कराने की व्यवस्था की जाएगी. इसके लिए तकनीकी स्तर पर काम शुरू कर दिया गया है. जल्द ही ट्रायल पूरा होने के बाद बस स्टॉप पर स्क्रीन लगाने की प्रक्रिया शुरू कर दी जाएगी, जिससे हर स्थान पर यात्रियों को समान सुविधा मिल सके.
देरी की वजह भी बताएगा सिस्टम
लाइव ट्रैकिंग सिस्टम की एक खास बात यह होगी कि यदि किसी कारणवश बस के संचालन में देरी होती है, तो उसकी जानकारी भी यात्रियों को ऑनलाइन मिलेगी. सिस्टम यह भी बताएगा कि बस देर से क्यों चल रही है और अगले स्टॉप तक पहुंचने में कितना समय लगेगा.
इस पूरी व्यवस्था की निगरानी परिवहन विभाग के मुख्यालय से की जाएगी. यहां से सभी बसों की रियल टाइम लोकेशन, रूट की स्थिति और संचालन से जुड़ी हर जानकारी पर नजर रखी जाएगी.
यात्रियों को बस पकड़ने में होगी सहूलियत
परिवहन विभाग के सचिव राजकुमार ने बताया कि बिहार में बसों की लाइव ट्रैकिंग व्यवस्था शुरू होने जा रही है, जिससे यात्रियों को बड़ी सहूलियत मिलेगी. उन्होंने कहा कि नई तकनीक लागू होने के बाद यात्रियों को यह पता रहेगा कि बस कहां है और उनके स्टॉप तक कब पहुंचेगी. इससे समय की बचत होगी और यात्रा का अनुभव पहले से कहीं ज्यादा आसान और भरोसेमंद बन जाएगा.
यह पहल बिहार की सार्वजनिक परिवहन व्यवस्था को डिजिटल और पारदर्शी बनाने की दिशा में एक अहम कदम मानी जा रही है, जिससे आने वाले समय में यात्रियों का भरोसा और सुविधा दोनों बढ़ने की उम्मीद है.
ये भी पढ़ें- मादुरो के खिलाफ ऑपरेशन करके अमेरिका ने ईरान को दिया बड़ा संकेत! इजरायली नेता के बयान ने मचाई हलचल