Amit Shah Araria Visit: केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने बिहार के अररिया में एक कार्यक्रम के दौरान बड़ा बयान दिया. उन्होंने कहा कि भारत की जमीन पर रह रहे हर अवैध घुसपैठिए को बाहर किया जाएगा. उनका कहना था कि यह कोई चुनावी वादा नहीं, बल्कि सरकार का स्पष्ट और ठोस निर्णय है, जिस पर जल्द ही कार्रवाई शुरू की जाएगी
अररिया में बॉर्डर आउट पोस्ट लेटी और इंदरवा के उद्घाटन के मौके पर अमित शाह ने सशस्त्र सीमा बल की भूमिका की सराहना की. उन्होंने कहा कि सीमा की सुरक्षा देश की प्राथमिक जिम्मेदारी है और इसमें SSB के जवान अहम योगदान दे रहे हैं.
बिहार के अररिया में बॉर्डर आउट पोस्ट्स 'लेटी' व 'इंदरवा' के उद्घाटन और सशस्त्र सीमा बल (SSB) के विभिन्न कार्यों के ई-लोकार्पण, ई-शिलान्यास से लाइव… https://t.co/zNxwxpS1S8
— Amit Shah (@AmitShah) February 26, 2026
नेपाल सीमा को लेकर क्या बोले अमित शाह
अमित शाह ने बताया कि भारत और नेपाल के बीच खुली सीमा है, जो दोनों देशों के संबंधों की मजबूती का प्रतीक है. लेकिन उन्होंने यह भी कहा कि कुछ लोग इस खुली सीमा का गलत इस्तेमाल करने की कोशिश करते हैं. ऐसे में सुरक्षा एजेंसियों को और अधिक सतर्क रहने की जरूरत है ताकि कोई भी दुश्मन देश में घुसपैठ न कर सके.
सीमा सड़क परियोजना से बढ़ेगी निगरानी
गृह मंत्री ने जानकारी दी कि भारत-नेपाल सीमा सड़क योजना के तहत 556 किलोमीटर लंबी सड़क को मंजूरी दी गई है. इसमें से 18 हिस्सों में से 14 पर काम पूरा हो चुका है, जबकि बाकी चार हिस्सों में तेजी से काम चल रहा है. उन्होंने कहा कि इस सड़क के बन जाने से सुरक्षा बलों की निगरानी और मजबूत होगी, साथ ही सीमा से जुड़े गांवों के विकास को भी गति मिलेगी.
10 किलोमीटर के दायरे में कार्रवाई
अमित शाह ने स्पष्ट किया कि सीमा से 10 किलोमीटर के अंदर जितने भी अवैध अतिक्रमण हैं, उन्हें हटाया जाएगा. इसके साथ ही अवैध रूप से रह रहे लोगों की पहचान कर उन्हें वापस भेजने की प्रक्रिया भी शुरू की जाएगी.
घुसपैठ का असर सिर्फ सुरक्षा तक सीमित नहीं
उन्होंने कहा कि अवैध घुसपैठ केवल सुरक्षा का मुद्दा नहीं है, बल्कि इसका असर गरीबों के राशन और युवाओं के रोजगार पर भी पड़ता है. इसलिए इस समस्या का समाधान जरूरी है.
लोगों से सहयोग की अपील
अंत में अमित शाह ने सीमांचल क्षेत्र के लोगों से सहयोग की अपील की. उन्होंने कहा कि स्थानीय लोगों की मदद और सही जानकारी से ही इस अभियान को सफल बनाया जा सकता है. सरकार का उद्देश्य है कि सीमा सुरक्षा और क्षेत्र का विकास दोनों साथ-साथ आगे बढ़ें.
ये भी पढ़ें- भैरव बटालियन की ताकत और एडवांस हथियारों का प्रदर्शन... ऑपरेशन सिंदूर पार्ट-2 की तैयारी शुरू! देखें VIDEO