नवरात्रि और दिवाली जैसे बड़े पर्वों से पहले बिहार सरकार ने राज्य के निर्माण श्रमिकों को राहत देने वाला एक अहम फैसला लिया है. मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने इस अवसर पर एक आर्थिक सहायता योजना की घोषणा की है, जिसके तहत पंजीकृत निर्माण श्रमिकों के खातों में 5000 रुपये की सीधी मदद दी जाएगी.
यह ऐलान 17 सितंबर को विश्वकर्मा पूजा के मौके पर किया गया, जिससे हजारों परिवारों को त्योहारों से पहले राहत मिलेगी. इस योजना का लाभ केवल उन्हीं श्रमिकों को मिलेगा जो "बिहार भवन एवं अन्य सन्निर्माण कर्मकार कल्याण बोर्ड" के साथ पंजीकृत हैं. सरकार की ओर से दी गई जानकारी के अनुसार, कुल 1 करोड़ 60 लाख से अधिक निर्माण श्रमिकों को इस योजना के तहत 802.46 करोड़ रुपये की राशि वितरित की जाएगी. प्रत्येक श्रमिक के खाते में 5000 रुपये सीधे भेजे जाएंगे, जिससे वे नवरात्रि, दशहरा और दिवाली जैसे पर्वों पर ज़रूरी खर्च आसानी से कर सकें.
योजना का उद्देश्य
इस पहल का उद्देश्य न सिर्फ आर्थिक सहयोग देना है, बल्कि श्रमिक वर्ग के सामाजिक और जीवनस्तर में सुधार करना भी है. इस सहायता को "वार्षिक वस्त्र सहायता योजना" के अंतर्गत प्रदान किया जा रहा है.
मुख्यमंत्री ने क्या कहा?
मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने इस मौके पर अपने आधिकारिक सोशल मीडिया चैनलों पर जानकारी साझा करते हुए कहा कि उनकी सरकार हमेशा श्रमिकों और जरूरतमंद वर्ग के साथ खड़ी है. उन्होंने इस मौके पर "मुख्यमंत्री प्रतिज्ञा योजना पोर्टल" की भी शुरुआत की, जो भविष्य में और अधिक योजनाओं को डिजिटल रूप से श्रमिकों तक पहुंचाने में मदद करेगा.
योजना के लिए आवेदन कैसे करें?
अगर आप भी निर्माण श्रमिक हैं और इस योजना का लाभ लेना चाहते हैं, तो सबसे पहले आपको बिहार भवन एवं अन्य सन्निर्माण कर्मकार कल्याण बोर्ड में रजिस्ट्रेशन करवाना होगा.
क्या है रजिस्ट्रेशन प्रोसेस?
यह रजिस्ट्रेशन ऑफलाइन माध्यम से किया जाता है.रजिस्ट्रेशन के बाद आपको एक रजिस्ट्रेशन नंबर मिलेगा. इस नंबर के ज़रिए आप योजना में अपनी पात्रता की जांच कर सकते हैं. योजना से जुड़ी जानकारी और रजिस्ट्रेशन स्टेटस देखने के लिए आप इस आधिकारिक वेबसाइट पर विज़िट कर सकते हैं. वेबसाइट पर जाकर आप यह देख सकते हैं कि आपका नाम लाभार्थियों की सूची में है या नहीं. अगर आपका नाम सूची में आता है, तो 5000 रुपये की राशि सीधे आपके बैंक खाते में ट्रांसफर कर दी जाएगी.
यह भी पढ़ें: विश्वकर्मा पूजा पर नीतीश सरकार का बड़ा तोहफा, 16 लाख से ज्यादा श्रमिकों को मिला सीधा लाभ; लॉन्च हुआ नया वेब पोर्टल